कौन हैं साने ताकाइची? बनने जा रही जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री, जानें उनके जीवन की रोचक बातें

Published : Oct 04, 2025, 03:46 PM IST
sanae takaichi

सार

Sanae Takaichi Japan: साने ताकाइची जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बन सकती हैं। जानिए कौन हैं साने ताकाइची, उनका राजनीतिक सफर, विचारधारा, इंटरेस्टिंग लाइफ फैक्ट्स। जानिए उस महिला को जापान की राजनीति में इतिहास रचने जा रही हैं।

Who is Sanae Takaichi: जापान की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। हाल ही में जापान की सत्तारूढ़ पार्टी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) ने साने ताकाइची (Sanae Takaichi) को अपना नया नेता चुना है। इसके साथ ही वे जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनने जा रही हैं। ताकाईची ने इस दौड़ में लोकप्रिय पूर्व प्रधानमंत्री जुनिचिरो कोइजुमी के बेटे और कृषि मंत्री शिंजीरो कोइज़ुमी को हराया। जानिए कौन हैं जापान की होने वाली पहली महिला प्रधानमंत्री साने ताकाइची।

साने ताकाइची कौन हैं?

64 साल की साने ताकाइची, जापान की राजनीति की सबसे प्रभावशाली महिला चेहरों में से एक हैं। वे अपने करियर में कई अहम पदों जैसे- आर्थिक सुरक्षा मंत्री, आंतरिक मामलों की मंत्री और लिंग समानता मंत्री रह चुकी है। उनका राजनीतिक सफर 1993 में उनके गृहनगर नारा से संसद सदस्य चुने जाने के बाद शुरू हुआ। ताकाईची जापान की रूढ़िवादी सोच की समर्थक हैं और पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के विचारों को आगे बढ़ाने में विश्वास करती हैं।

साने ताकाइची इंटरेस्टिंग लाइफ फैक्ट्स

साने ताकाईची सिर्फ राजनीति के लिए चर्चित नहीं हैं। अपने छात्र जीवन में वे हेवी मेटल बैंड की ड्रमर और मोटरसाइकिल सवार भी रह चुकी हैं। साने ताकाइची की निजी जिंदगी भी चर्चा में रही है। उन्होंने साल 2004 में अपनी ही पार्टी के सांसद ताकू यामामोटो से शादी की थी। लेकिन राजनीति के मुद्दों पर बढ़ते मतभेदों के चलते जुलाई 2017 में दोनों अलग हो गए। उस समय उनके तलाक की खबरें जापानी मीडिया में खूब सुर्खियों में थीं। हालांकि, वक्त के साथ हालात बदले और चार साल बाद, दिसंबर 2021 में दोनों ने फिर से एक-दूसरे का साथ अपनाने का फैसला किया। दिलचस्प बात यह रही कि दूसरी बार शादी के बाद ताकू यामामोटो ने अपना सरनेम बदलकर ताकाइची रख लिया, जो मीडिया में फिर से चर्चा का विषय बन गया। वे जापान की सेना को मजबूत करने, आर्थिक विकास के लिए ज्यादा खर्च, न्यूक्लियर फ्यूजन, साइबर सिक्योरिटी और सख्त इमिग्रेशन नीतियों की सपोर्टर हैं।

ये भी पढ़ें- 'इस ढाबे पर खाने की हिम्मत कैसे हो गई', पाकिस्तान में हिंदू युवक को बांधकर जानवरों की तरह पीटा 

महिलाओं और परिवार के प्रति सनाई ताकाइची का नजरिया

साने ताकाइची ने अपने नेतृत्व में महिला मंत्रियों की संख्या बढ़ाने का वादा किया है। लेकिन विश्लेषक कहते हैं कि सत्ता में बने रहने के लिए उन्हें पुरुष नेताओं के प्रभाव को स्वीकार करना होगा, जिससे महिलाओं के लिए सुधार सीमित रह सकता है। वे परंपरागत रूप से महिलाओं को अच्छे माता-पिता और पत्नी की भूमिका में रहने का समर्थन करती हैं। हाल ही में उन्होंने मेनोपॉज और महिला स्वास्थ्य पर भी बात की और पुरुषों को शिक्षित करने की जरूरत बताई, ताकि महिलाएं स्कूल और कार्यस्थल पर आसानी से काम कर सकें।

साने ताकाइची के रुढ़िवादी और राष्ट्रवादी विचार

साने ताकाईची की कई नीतियां और विचार जापान में पारंपरिक हैं। जिसमें-

  • वे समलैंगिक विवाह और अलग उपनाम नीति का विरोध करती हैं।
  • जापान के सिर्फ पुरुषों के उत्तराधिकार को सपोर्ट करती हैं।
  • वे जापान के यासुकुनी मंदिर जाती हैं, जिसे पड़ोसी देशों में सैन्यवाद का प्रतीक माना जाता है।
  • उनका दृष्टिकोण चीन और दक्षिण कोरिया के साथ संबंधों को जटिल कर सकता है।
  • वे युद्धकालीन इतिहास में संशोधन की समर्थक हैं और कड़े राष्ट्रवादी विचार रखती हैं।

साने ताकाइची का राजनीतिक गठजोड़ और चुनौतियां

साने ताकाईची का रुख कठोर और राष्ट्रवादी है, जो लंबे समय से LDP के सहयोगी कोमेटो पार्टी के लिए चुनौती हो सकता है। उन्होंने कहा है कि मौजूदा गठबंधन महत्वपूर्ण है, लेकिन वे दक्षिणपंथी समूहों के साथ भी काम करने के लिए तैयार हैं। साने ताकाइची न केवल जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनने जा रही हैं, बल्कि उनके नेतृत्व के साथ देश की राजनीति में कई बड़े बदलाव भी आ सकते हैं।

ये भी पढ़ें- रूसी महिला ने बेंगलुरु को भारत का सबसे रहने योग्य शहर बताया, जानिए वजह

PREV

Education News: Read about the Latest Board Exam News, School & Colleges News, Admission news in hindi, Cut-off list news - Asianet Hindi

AT
About the Author

Anita Tanvi

अनीता तन्वी। मीडिया जगत में 15 साल से ज्यादा का अनुभव। मौजूदा समय में ये एशियानेट न्यूज हिंदी के साथ जुड़कर एजुकेशन सेगमेंट संभाल रही हैं। इन्होंने जुलाई 2010 में मीडिया इंडस्ट्री में कदम रखा और अपने करियर की शुरुआत प्रभात खबर से की। पहले 6 सालों में, प्रभात खबर, न्यूज विंग और दैनिक भास्कर जैसे प्रमुख प्रिंट मीडिया संस्थानों में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ह्यूमन एंगल और फीचर रिपोर्टिंग पर काम किया। इसके बाद, डिजिटल मीडिया की दिशा में कदम बढ़ाया। इन्हें प्रभात खबर.कॉम में एजुकेशन-जॉब/करियर सेक्शन के साथ-साथ, लाइफस्टाइल, हेल्थ और रीलिजन सेक्शन को भी लीड करने का अनुभव है। इसके अलावा, फोकस और हमारा टीवी चैनलों में इंटरव्यू और न्यूज एंकर के तौर पर भी काम किया है।Read More...
Read more Articles on

Recommended Stories

ट्रेन का हॉर्न vs शेर की दहाड़: कौन ज्यादा दूर तक सुनाई देती है, जवाब जान दंग रह जाएंगे
CBSE Counseling 2026: बोर्ड छात्रों के लिए IVRS और टेली-काउंसलिंग सर्विस शुरू, जानें कैसे लें मदद