हाथ के अंगूठे जैसी है कतर की आकृति, जानें FIFA वर्ल्ड कप के मेजबान देश का इतिहास, भूगोल और वर्तमान

पहली बार फुटबॉल वर्ल्ड कप का आयोजन मिडिल ईस्ट में होने जा रहा है। पहली बार 1930 में दक्षिण अमेरिकी देश उरुग्वे में फुटबॉल वर्ल्ड कप खेला गया था। अब तक 21 वर्ल्ड कप हो चुके हैं। ब्राजील 5 बार, इटली और जर्मनी 4-4 बार चैंपियन बनी हैं। जबकि 6 बार मेजबान देश ने ट्रॉफी जीता है।

Satyam Bhardwaj | Published : Nov 14, 2022 2:17 PM IST

करियर डेस्क : 20 नवंबर से फुटबॉल का सबसे बड़ा इवेंट फीफा वर्ल्ड कप 2022 (FIFA World Cup 2022) की शुरुआत होने जा रहा है। मेजबान देश कतर (Qatar) में 32 देशों की फुटबॉल टीमों का जमावड़ा लगने वाला है। फुटबॉल प्रेमियों की निगाहें यहां आकर टिक गई हैं। दुनियाभर में फुटबॉल को लेकर गजब का क्रेज है। भारत में भी बड़ी संख्या में लोग इस खेल को पसंद करते हैं। इस मेगा इवेंट से पहले आइए जानते हैं फीफा वर्ल्ड कप 2022 के मेजबान देश कतर के इतिहास, भूगोल और वर्तमान के बारें में..

1971 में आजाद हुआ कतर
खाड़ी का देश कतर अरब के उत्तर पूर्वी तट पर स्थित है। इसके दक्षिण में जहां सउदी अरब और तीन तरफ फारस की खाड़ी है। यह तेल के निर्यात को लेकर समृद्ध देश है।  साल 1783 में यहां अल खलीफ वंश का शासन था। इसके बाद यहां तुर्की ने राज किया। पहले विश्व युद्ध के बाद ब्रिटेन ने यहां अपना आधिपत्य जमा लिया था। साल 1971 में यह देश आजाद हुआ और तब खलीफा बिन हमद ने शासन शुरू किया।

हाथ के अंगूठे जैसी कतर की आकृति
कहा जाता है कि कतर का नाम जुबारा नाम के एक शहर के प्राचीन नाम 'कतारा' के नाम पर रखा गया है। प्राचीन समय में यह एक महत्वपूर्ण बंदरगाह और शहर था। इसकी आकृति हाथ के अंगूठे की तरह है। यहां तेल और प्राकृतिक गैस का अकूत भंडार है। दुनिया का छोटा देश कतर प्रति व्यक्ति आय के मामले में टॉप-10 में शामिल है।

29 लाख आबादी वाला देश है कतर 
कतर समृद्धि और ताकतवर देश है। अरब जगत के सबसे पॉपुलर सेटेलाइट न्यूज चैनल अल जजीरा को स्थापित करने में इसका महत्वपूर्ण योगदान रहा। अमेरिकी सैनिकों के बड़े सैन्य अड्डे के निर्माण में भी कतर ने अहम भूमिका निभाई है। कतर की आबादी करीब 29 लाख है और दोहा इसकी राजधानी है।

महिलाओं का सख्त कानून
कतर में महिलाएं काफी सुरक्षित मानी जाती है। महिलाओं को लेकर इस देश का कानून काफी सख्त है। यहां की महिलाओं को यूरोप जैसे पहनावे की आजादी नहीं है। वर्ल्ड कप में भी ये पाबंदियां जारी रहेगी। कतर की सरकार अमीर शेख तमिम बिन हमाद अल थानी के हिसाब से चलती है। पिता के गद्दी छोड़ने के बाद 42 साल के हमाद अल थानी ने जून 2013 में सत्ता संभाली। 

छोटा लेकिन ताकतवर देश है कतर
कतर सु्न्नी इस्लाम की रुढ़िवादी विचारधारा वाला देश है। जिसे वहाबी कहा जाता है। यहां विदेशियों को शराब पीने की छूट दी गई है। कतर की असली ताकत यहां के अमीरों के पास है। यहां एक सलाहकार परिषद भी है। इस परिषद में 45 सदस्य हैं। खाड़ी के बाकी देशों की तरह ही कतर में भी राजनीतिक दलों पर बैन हैं। यूनियन बनाने या हड़ताल का अधिकार बहुत ही सीमित रखा गया है। इस लिहाज से कतर भले ही छोटा देश है लेकिन ताकतवर देशों में इसकी गिनती होती है।

कतर की गर्मी में बहेगा फुटबॉलर्स का पसीना
कतर की जमीन समतल है लेकिन गर्मियों में पारा 40 डिग्री से ज्यादा हाई हो जाता है। अब जब यहां फुटबॉल वर्ल्ड कप होने जा रहा है, तब 35 डिग्री से कम गर्मी नहीं पड़ने वाली। इसका मतलब गर्मी और उमस में फुटबॉलर्स को पसीने बनाना पड़ेगा। मैदान में खड़े होना और खेलना इतना भी आसान नहीं रहेगा। बता दें कि फीफा ने 12 साल पहले कतर को फुलबॉल वर्ल्ड कप की मेजबानी सौंपी थी, तब इस फैसले को लेकर काफी बवाल हुआ था। इसे भ्रष्टाचार से जोड़कर देखा गया था और इस फैसले के बाद फीफा के मुख्यालय पर छापे भी पड़े थे।

इसे भी पढ़ें
FIFA World Cup 2022: लियोनेल मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना की 26 सदस्यीय टीम का ऐलान, See list

FIFA World Cup 2022: कतर के कड़े कानूनों से घबराए फुटबॉल प्लेयर्स, फीफा ने टीमों से की यह खास अपील


 

Share this article
click me!