
Super TET Application Form 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी मास्टर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए लंबा इंतजार खत्म हो चुका है। बेसिक शिक्षा चयन आयोग ने 12,405 सहायक शिक्षक पदों के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। तैयारी अपनी जगह है, लेकिन पहली सीढ़ी है सही तरीके से फॉर्म भरना। थोड़ी सी भी लापरवाही सालों की मेहनत पर पानी फेर सकती है। अगर आपने फॉर्म भरते वक्त जरा सी भी चूक की, तो 19 अक्टूबर की करेक्शन विंडो बंद होने के बाद सुधार का मौका भी नहीं मिलेगा। इसलिए आवेदन करने से पहले 4 तरह की गलतियां नहीं करना चाहिए।
OTR (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) में जल्दबाजी
इस बार आयोग की साइट (upessc.up.gov.in) पर सीधा फॉर्म नहीं खुल रहा है। पहले OTR पूरा करना अनिवार्य है। छात्र हाईस्कूल की मार्कशीट के बदले आधार कार्ड या किसी अन्य आईडी की स्पेलिंग लिख देते हैं। इसलिए अपने नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि (DOB) की एक-एक स्पेलिंग 10वीं के सर्टिफिकेट से देखकर ही भरें। OTR का बेसिक डेटा बाद में बदलना सबसे ज्यादा सिरदर्द बन सकता है।
B.Ed और BTC या D.El.Ed की पात्रता समझे बिना अप्लाई करना
नोटिफिकेशन में साफ संकेत है कि प्राथमिक शिक्षक पद के लिए डीईएलएड या बीटीसी जैसी जरूरी ट्रेनिंग अनिवार्य है। बीएड योग्यता वाले कैंडिडेट्स बिना 11 सितंबर 2026 की राजपत्र अधिसूचना और पद की शर्तें पढ़े फॉर्म भर रहे हैं। अगर आप भी बीएड किए हुए हैं, तो आयोग की आधिकारिक नोटिफिकेशन में अपने पद की साफ एलिजिबिलिटी देख लें। एलिजिबल न होने के बाद भी अप्लाई करने पर फीस और फॉर्म दोनों बेकार हो जाएंगे।
गलत साइज या धुंधले डॉक्यूमेंट्स अपलोड करना
दस्तावेज अपलोड करते समय अक्सर साइबर कैफे वाले पुराने या कम क्वालिटी के स्कैन लगा देते हैं। धुंधली फोटो, कटे हुए साइन या पुराने जाति या ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र अपलोड करना फॉर्म रिजेक्शन का कारण बन सकता है। आपकी फोटो हाल की ली हुई होनी चाहिए। टीईटी (TET) पासिंग सर्टिफिकेट और ग्रेजुएशन की मार्कशीट की साफ स्कैन कॉपी ही अपलोड करें ताकि वेरिफिकेशन के समय रिजेक्शन का खतरा न रहे।
15 अक्टूबर का इंतजार और पेमेंट स्टेटस न जांचना
आखिरी दिन फीस भरना। बैंक सर्वर डाउन हुआ तो फॉर्म अधूरा रह सकता है। इसके अलावा फीस कटने के बाद फाइनल प्रिंटआउट न निकालना भी बड़ी गलती हो सकती है। फीस जमा करने की आखिरी तारीख 15 अक्टूबर 2026 है। पेमेंट सक्सेसफुल हुआ या नहीं, ये चेक करें और फाइनल सबमिट पेज का प्रिंट अपने पास जरूर संभाल कर रखें।
ऑनलाइन आवेदन शुरू- 16 सितंबर 2026
फीस भरने की आखिरी तारीख- 15 अक्टूबर 2026
फॉर्म में सुधार- 19 अक्टूबर 2026 तक
लिखित परीक्षा की तारीख- 3 और 4 दिसंबर 2026
UP Super TET 2026 में कितने पद हैं?
UP Super TET 2026 भर्ती में कुल 12,405 सहायक शिक्षक पद हैं।
Super TET 2026 का फॉर्म कब से शुरू हुआ?
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है।
Super TET Form 2026 भरने की आखिरी तारीख क्या है?
आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर 2026 है। फॉर्म में सुधार की अंतिम तारीख 19 अक्टूबर 2026 है।
Super TET 2026 की परीक्षा कब होगी?
परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को होनी है।
क्या Super TET 2026 के लिए OTR जरूरी है?
हां। आवेदन से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करना जरूरी बताया गया है।
सुपरटेट के फॉर्म में गलती हो जाए तो क्या करें?
करेक्शन की सुविधा 19 अक्टूबर 2026 तक दी गई है। फिर भी उम्मीदवारों को सलाह है कि फाइनल सबमिट करने से पहले सभी जानकारी अच्छी तरह चेक कर लें।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।