
Instagram Viral Video: अब कॉर्पोरेट वर्ल्ड में नौकरी की कोई गारंटी नहीं। कई बार सालों की मेहनत और एक मजबूत करियर भी अचानक आए एक फैसले से बदल जाता है। कुछ ऐसा ही दिल्ली की रहने वाली अनुकृति विद्यार्थी के साथ हुआ। वह Wipro AI Solutions में मार्केटिंग और कम्युनिकेशन कोऑर्डिनेटर के तौर पर करीब साढ़े पांच साल से काम कर रही थीं। लेकिन 29 जून को हुई एक मीटिंग ने उनकी जिंदगी की दिशा ही बदल दी। अनुकृति ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि उन्हें लगा था कि यह सामान्य ऑफिस मीटिंग होगी। हालांकि, मीटिंग में उनके मैनेजर और HR ने उन्हें बताया कि उनकी भूमिका अब कंपनी में जरूरी नहीं रही और उन्हें नौकरी छोड़नी होगी।
वीडियो में अनुकृति ने खुलकर स्वीकार किया कि नौकरी खत्म होने के बाद वह खुद को असमंजस में महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें यह नहीं पता कि अगली नौकरी कब मिलेगी, कॉर्पोरेट सेक्टर में वापस जाएंगी या फिर अपना कोई नया काम शुरू करेंगी। उन्होंने यह भी माना कि हर महीने मिलने वाली तय सैलरी का बंद हो जाना उनकी सबसे बड़ी चिंता है। नियमित आय खत्म होने का डर उन्हें परेशान कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद वह खुद को संभालने की कोशिश कर रही हैं।
भावुक अंदाज में अनुकृति ने कहा कि संभव है यह सब किसी बड़े बदलाव का संकेत हो। उनके मुताबिक अगर यह फैसला कंपनी नहीं लेती तो शायद वह खुद कभी नौकरी छोड़ने का साहस नहीं जुटा पातीं। इसलिए वह इस मुश्किल दौर को एक नई शुरुआत के अवसर की तरह देखने की कोशिश कर रही हैं। उनका मानना है कि जिंदगी कभी-कभी हमें वहां से आगे बढ़ा देती है, जहां हम खुद कदम बढ़ाने की हिम्मत नहीं कर पाते। नीचे देखें वायरल वीडियो-
अनुकृति का वीडियो सामने आने के बाद हजारों लोगों ने उन्हें हिम्मत दी। कई यूजर्स ने लिखा कि आज के समय में कॉर्पोरेट सेक्टर में छंटनी आम होती जा रही है और ऐसे हालात का सामना कई लोग कर चुके हैं। कुछ लोगों ने उन्हें अपना बिजनेस शुरू करने की सलाह दी, जबकि कई यूजर्स ने अपनी कहानी शेयर करते हुए बताया कि नौकरी जाने के बाद उन्होंने पहले से बेहतर करियर बनाया। कई प्रतिक्रियाओं में लोगों ने भरोसा जताया कि यह मुश्किल समय जल्द बीत जाएगा और उनके लिए बेहतर अवसर जरूर आएंगे।
अनुकृति विद्यार्थी की कहानी सिर्फ एक कर्मचारी की नौकरी जाने की कहानी नहीं है, बल्कि यह तेजी से बदलती कॉर्पोरेट दुनिया की हकीकत भी दिखाती है। यह घटना बताती है कि करियर में अनिश्चितता कभी भी सामने आ सकती है। ऐसे समय में मानसिक मजबूती, नए अवसरों की तलाश और खुद पर भरोसा ही आगे बढ़ने का सबसे बड़ा सहारा बनता है।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।