
Instagram Viral Video: कॉर्पोरेट नौकरी छोड़कर कमाई से ज्यादा अपनी सेहत को प्राथमिकता देने वाली एक 33 वर्षीय महिला इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। महिला का दावा है कि ऊंची सैलरी वाली नौकरी छोड़ने के बाद उसकी लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य समस्या पूरी तरह खत्म हो गई। उसके इस अनुभव ने लोगों के बीच यह बहस छेड़ दी है कि क्या बेहतर आय से ज्यादा जरूरी मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य है।
महिला ने इंस्टाग्राम पर अपनी कहानी शेयर करते हुए बताया कि कॉर्पोरेट नौकरी के आखिरी छह महीनों में वह गंभीर IBS (इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम) की समस्या से जूझ रही थी। लगातार पेट से जुड़ी दिक्कतों के कारण उसे गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल विशेषज्ञ के पास कई तरह की जांच करानी पड़ी। उसका कहना है कि उस दौरान वह बेहद कम खाना खा पा रही थी और डॉक्टर बीमारी की असली वजह तलाशने में लगे थे। आखिरकार उसे एहसास हुआ कि उसकी परेशानी की जड़ कोई दूसरी बीमारी नहीं, बल्कि लगातार बना रहने वाला कॉर्पोरेट तनाव था। नौकरी छोड़ने के बाद उसके सभी लक्षण धीरे-धीरे खत्म हो गए और अब वह पहले से ज्यादा स्वस्थ महसूस करती है।
महिला ने अपने वायरल वीडियो में बताया कि उसने छह अंकों वाली सैलरी छोड़कर वेट्रेस के तौर पर काम करना चुना। वीडियो में वह मुस्कुराते हुए फर्श साफ करती नजर आती है। इसके साथ उसने लिखा कि अगर मानसिक शांति और अच्छी सेहत के लिए उसे पूरी जिंदगी यही काम करना पड़े, तो भी उसे कोई पछतावा नहीं होगा। उसके मुताबिक, "हेल्थ ही असली वेल्थ है।" नीचे देखें वायरल वीडियो-
महिला की पोस्ट पर हजारों लोगों ने अपनी राय दी। कई यूजर्स ने कहा कि समाज में अक्सर लोगों को केवल बड़ी नौकरी और ऊंची सैलरी को सफलता मानने की सीख दी जाती है, जबकि मानसिक शांति भी उतनी ही जरूरी है। एक महिला ने अपनी कहानी साझा करते हुए बताया कि उसने इमरजेंसी विभाग में नर्स की नौकरी छोड़कर ब्यूटी सर्विसेज का काम शुरू किया और अब वह पहले की तुलना में कहीं ज्यादा खुश और स्वस्थ महसूस करती है।
हालांकि, सभी लोग इस फैसले से सहमत नहीं दिखे। कुछ यूजर्स ने कहा कि वेट्रेस जैसी नौकरियों में कम वेतन, नौकरी की असुरक्षा और कस्टमर के साथ होने वाली परेशानियां भी तनाव का कारण बन सकती हैं। उनका तर्क था कि परिवार, होम लोन और रोजमर्रा के खर्चों के बीच कम आय वाली नौकरी चुनना हर व्यक्ति के लिए व्यावहारिक विकल्प नहीं हो सकता। फिलहाल, महिला का अनुभव एक बार फिर इस सवाल को सामने लेकर आया है कि करियर की दौड़ में मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को कितनी प्राथमिकता दी जानी चाहिए। यही वजह है कि उसकी पोस्ट सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।