
रायपुर: बाजार में खरीदारी करने आई महिला से दो ठगों ने सवा लाख के जेवरों की ठगी कर ली। ठगों ने महिला को अकेली पाकर घटना को अंजाम दिया। घटना गोलबाजार क्षेत्र की है। जांच में पता चला है कि पीड़ित महिला दंतेवाड़ा के एक प्राइवेट स्कूल में प्रिंसीपल है। उनकी बेटियां रायपुर के डंगनिया में रहती हैं और वह उनसे मिलने रायपुर आई थी।
हिप्नोटाइज कर उतरवाए गहने
शुक्रवार शाम को महिला त्योहार के लिए खरीदारी करने गोलबाजार पहुंची। वहां उसे 25-30 वर्ष के दो युवक मिले। दोनों ने महिला से सहानुभूति पाने के लिए भूखे होने का नाटक किया और कुछ खिलाने की डिमांड की। साथ ही यह भी कहा कि
उनके पास कुछ खाना खाने के लिए पैसे भी नहीं है। महिला को युवकों पर दया आ गई और वह उन्हें नाश्ता करवाने ले गई। नाश्ते की टेबल पर बैठते ही दोनों युवक महिला से इधर-उधर की बात करने लगे और उसे अपने वश में कर हिप्नोटाइज कर लिया । बातचीत के दौरान युवकों ने महिला से उसका जेवर दिखाने को कहा। महिला ने बातों में आकर पहले चेन उतारी और फिर कंगन। नाश्ता करने के बाद, महिला ने पैसे निकालकर एक युवक को पेमेंट करके आने के लिए कहा। युवक उठकर पेमेंट करने गया। इतने में दूसरा युवक पानी पीने का बोलकर गया और देखते ही देखते दोनों गायब हो गए। जब महिला के उपर से सम्मोहन का असर खत्म हुआ और उसे होश आया तबतक बहुत देर हो चुकी थी। युवक जेवर लेकर फरार हो चुके थे। महिला का कहना है कि उन्हें क्या हो गया था उन्हें समझ नहीं आ रहा है। उन्होंने जेवर कब उतार दिए, उन्हें याद नहीं।
त्योहार पर होते हैं गिरोह सक्रिय
पुलिस के अनुसार त्योहार के समय ऐसा करने वाले गिरोह सक्रिय हो जाते है। गिरोह इस तरह से लोगों को झांसे में लेकर हिप्नोटाइज करते हैं और उन्हें लूटते हैं। यह गिरोह मध्यप्रदेश, आंध्रा, कर्नाटक और महाराष्ट्र से आता है। गिरोह के सदस्य हिप्नोटाइज करने की कला में माहिर होते हैं और बहुत आसानी से लोगों को सम्मोहित कर लेते हैं। उनका तरीका ऐसा रहता है कि कुछ देर के लिए उनके सामने बैठा व्यक्ति सबकुछ भूल जाता है। वह वही करने लगता है जो वे लोग कहते हैं।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।