
यह भी पढ़ें-corona virus:बीते दिन मिले 2800 के करीब नए केस, रिकवरी 98.72 प्रतिशत, जानिए पूरा डेटा
नई दिल्ली. भारत में कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर का खतरा फिलहाल कम हो गया है। हालांकि एक्सपर्ट मानते हैं कि सतर्कता जरूरी है। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण(corona virus) के 2500 के करीब नए मामले सामने आए हैं। इससे पहले के दो दिनों में क्रमश: 2,876 और 2,568 केस मिले थे। यानी संक्रमण की स्पीड पर ब्रेक लग चुका है। इस समय देश में एक्टिव केस 0.07% बचे हैं। रिकवरी रेट इस समय यह 98.73 प्रतिशत रही। इस बीच वैक्सीनेशन का आंकड़ा 180.80 करोड़ को पार कर गया है।
Corona virus Latest Update: देश में कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा
आज सुबह 7 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार, भारत का COVID-19 टीकाकरण कवरेज 180.80 करोड़ (1,80,80,24,147) से अधिक हो गया है। यह 2,12,61,666 सत्रों के माध्यम से हासिल किया गया है। 12-14 वर्ष आयु वर्ग के लिए COVID-19 टीकाकरण 16 मार्च, 2022 को शुरू किया गया था। पिछले 24 घंटों में, 3 लाख (3,00,405) से अधिक किशोरों को COVID-19 वैक्सीन की पहली खुराक दी गई है।
देश में एक्टिव केस और रिकवरी रेट
देश में कोरोना संक्रमण का ग्राफ निरंतर नीचे जा रहा है। भारत का सक्रिय केसलोड(एक्टिव केस) और गिरकर 30,799 हो गया है, जो देश के कुल सकारात्मक मामलों का 0.07% है। नतीजतन, भारत की रिकवरी रेट 98.73% है। पिछले 24 घंटों में 4,491 मरीज ठीक हुए हैं और ठीक हुए मरीजों (महामारी की शुरुआत के बाद से) की कुल संख्या अब 4,24,54,546 है।
देश में संक्रमण के नए मामले
पिछले 24 घंटे में 2,539 नए मामले सामने आए हैं। पिछले 24 घंटों में कुल 7,17,330 COVID-19 परीक्षण किए गए। भारत ने अब तक 78.12 करोड़ (78,12,24,304) कुल परीक्षण किए हैं। साप्ताहिक और दैनिक सकारात्मकता दरों में भी लगातार गिरावट आई है। देश में साप्ताहिक सकारात्मकता दर वर्तमान में 0.42% है और दैनिक सकारात्मकता दर 0.35% बताई गई है।
राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के पास 17.32 करोड़ से अधिक डोज मौजूद
केंद्र सरकार के माध्यम से अब तक राज्यों/संघ राज्य क्षेत्रों को 183.24 करोड़ (1,83,24,12,590) से अधिक वैक्सीन खुराक प्रदान की जा चुकी हैं। भारत का (मुफ्त चैनल) और प्रत्यक्ष राज्य खरीद श्रेणी के माध्यम से यह सप्लाई कर रहा है। 17.32 करोड़ से अधिक (17,32,56,632) शेष और अप्रयुक्त COVID वैक्सीन खुराक अभी भी राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों के पास उपलब्ध हैं, जिन्हें इस्तेमाल किया जाना है।