
नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी को हराने के लिए बीजेपी एड़ी चोटी का ज़ोर लगाए हुए है। पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट भी जारी कर दी है। इसमें 57 कैंडीडेट्स के नाम हैं। केंद्र शासित राज्य में चुनाव की घोषणा से पहले ही बीजेपी जबरदस्त अभियान चलाए हुए है। चुनावी कैम्पेन में पार्टी ने पूरी ताकत लगा दी है।
बीजेपी की रणनीति है कि विधानसभा चुनाव में सभी केंद्रीय मंत्रियों, राज्यमंत्रियों, संगठन के बड़े नेताओं के साथ बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की सभाएं दिल्ली में ज्यादा से ज्यादा आयोजित की जाएं। पार्टी छोटी बड़ी 300 से ज्यादा जनसभाओं को करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह दिल्ली में अभियान की अगुआई करेंगे। इन दो नेताओं की डिमांड स्वाभाविक तौर पर सबसे ज्यादा है।
पार्टी के दूसरे दिग्गजों की मांग कम
हैरान करने वाली बात यह है कि दिल्ली के चुनाव में स्थानीय नेताओं के साथ पार्टी के दूसरे दिग्गजों की मांग कम है। यहां तक कि डिमांड के मामले में दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी पीछे हैं। दिल्ली के चुनाव में मोदी और शाह के बाद सबसे ज्यादा डिमांड उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की है। माना जा रहा है कि दिल्ली चुनाव के लिए योगी 10 से ज्यादा छोटी बड़ी रैलियां कर सकते हैं। दिल्ली में योगी के रोड शो करने की भी चर्चाएं सामने हैं।
कैम्पेन की जबरदस्त रणनीति
इस बार पार्टी ने दिल्ली में कैम्पेन की जबरदस्त रणनीति तैयार की है। यूपी, बिहार, हरियाणा और पंजाब के नेताओं को कैम्पेन में लगाया जाएगा। इसके अलावा पार्टी के सेलिब्रिटी नेताओं को भी अभियान में शामिल किया जाएगा। बीजेपी में गौतम गंभीर समेत कई मशहूर खिलाड़ी सांसद और पार्टी के कार्यकर्ता हैं। जबकि पार्टी के साथ सितारों की भी बड़ी फौज है। हेमा मालिनी, सनी देओल जैसे सितारे पार्टी के लिए कैम्पेन करने मैदान में उतरेंगे ही।
दिल्ली में पूर्वाञ्चल के वोटों का तगड़ा आधार है। इन्हें लुभाने की ज़िम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के साथ ही पार्टी सांसद रवि किशन, दिनेशलाल यादव निरहुआ और पावन सिंह पर रहेगी।
बूथ स्टार तक अभियान
दिल्ली में बीजेपी बूथ स्तर तक अभियान चला रही है। इसके तहत खुद पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा सभी 70 विधानसभा के बूथ और मंडल कार्यकर्ताओं से सीधे बातचीत करेंगे। इस अभियान के तहत उन्होंने अभी तक डेढ़ दर्जन से ज्यादा विधानसभा में बूथ कार्यकर्ताओं से संपर्क किया है और उन्हें संबन्धित क्षेत्र में मुस्तैद रहने का निर्देश मिला है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.