
नई दिल्ली. दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक 4.34% मतदान हुआ। इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन अपनी मां के साथ कृष्णा नगर के रतन देवी पब्लिक स्कूल में वोट डालने पहुंचे। भाजपा के अनिल गोयल और कांग्रेस के अशोक वालिया यहां से आप के मौजूदा विधायक और उम्मीदवार एस के बग्गा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
मनोज तिवारी ने भी मां से लिया आशीर्वाद
भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने आज मां का आशीर्वाद लिया। उन्होंने बताया कि मां खास मतदान के लिए वाराणसी से दिल्ली आई हैं। मनोज तिवारी ने कहा, यह हिंसा, नफरत और झूठ के तिलस्म को काटने वाला चुनाव है। पहली बार दिल्ली के झुग्गियों को अपना मकान देने वाला चुनाव है। उन्होंने कहा, मेरे प्रदेश अध्यक्ष रहते वो चुनाव हो रहा है, जिसके विजय का इंतजार हम पिछले 21 साल से कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि इस बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। हम 50 से ज्यादा सीटें जीतकर दिल्ली में भाजपा सरकार बनाएगी।
अरविंद केजरीवाल ने भी मां का आशीर्वाद लेकर डाला वोट
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने मां का आशीर्वाद लिया और सिविल लाइन में पोलिंग बूथ पर वोट डाला। भाजपा के सुनील यादव और कांग्रेस के रोमेश संभरवाल सीएम के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
दिल्ली की सबसे पुरानी मतदाता 110 साल की कलितारा मंडल ने ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र के SDMC प्राइमरी स्कूल में अपना वोट डाला।
18 से 19 साल के 2,32,815 मतदाता
दिल्ली चुनाव में 1,47,86,382 लोगों को मतदान का अधिकार है जिनमें से 2,32,815 मतदाता 18 से 19 साल के आयु वर्ग के हैं। चुनाव के लिए तीन सप्ताह से अधिक समय तक चला तूफानी प्रचार गुरूवार को शाम छह बजे थम गया।
70 सीटों पर 672 उम्मीदवार
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए 672 उम्मीदवार मैदान में हैं। विशेष पुलिस आयुक्त (आसूचना) प्रवीर रंजन ने बताया कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 190 कंपनियों को सुरक्षा कारणों से तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि जहां तक संवेदनशील मतदान केंद्रों की बात है तो 516 जगहों पर 3704 बूथ इस श्रेणी में आते हैं।
11 जिलों में पर्ची नहीं लाने पर क्यूआर कोड से मतदान
इस बार चुनाव में मोबाइल एप्प, क्यूआर कोड, सोशल मीडिया इंटरफेस जैसी तकनीकों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। दिल्ली के 11 जिलों की एक-एक विधानसभा सीट चुनी गयी हैं जिन पर मतदाता मतदान पर्ची बूथ पर नहीं लाने की स्थिति में स्मार्टफोन के जरिये हेल्पलाइन एप्प से क्यूआर कोड प्राप्त कर सकता है। इनमें सुल्तानपुर माजरा, सीलमपुर, बल्लीमारान, बिजवासन, त्रिलोकपुरी, शकूर बस्ती, नई दिल्ली, रोहतास नगर, छतरपुर, राजौरी गार्डन और जंगपुरा हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.