
गांधीनगर। Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव में पहले चरण की वोटिंग कल, गुरुवार 1 दिसंबर को शांतिपूर्ण ढंग से खत्म हो गई। राज्य की कुल 182 विधानसभा सीट में से पहले चरण में हुई 19 जिले की 89 सीट पर वोटिंग में 59 प्रतिशत लोगों ने वोट किया। अब राजनीतिक दल 5 दिसंबर को होने वाले दूसरे चरण की तैयारी में जुटे हैं। इस चरण के लिए प्रचार अभियान कल यानी 3 दिसंबर की शाम 5 बजे खत्म हो जाएगा।
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को एक जबरदस्त और ऐतिहासिक रोड शो किया। 50 किलोमीटर लंबा ऐसा रोड शो अब तक किसी भारतीय नेता की ओर से नहीं किया गया था। यह रोड शो गोधरा में नरोदा से होकर और करीब 50 किलोमीटर लंबी दूरी तय करते हुए गांधीनगर दक्षिण में खत्म हुआ। दावा किया जा रहा है कि इस रोड शो में 10 लाख लोग शामिल हुए। भाजपा राज्य में इस बार रिकॉर्ड वोट शेयर और रिकॉर्ड सीटों के साथ सातवीं बार सत्ता में आने की तैयारी कर रही है।
4 घंटा लंबा रोड शो, 16 सीटों के क्षेत्र मार्ग से गुजरे
रोड शो का मार्ग गोधरा से होते हुए ठक्करबापा नगर, बापूनगर, निकोल, अमराईवाड़ी, मणिनगर, दानीलिम्डा, जमालपुर-खड़िया, एलिसब्रिज, वेजलपुर, घाटलोडिया, नारणपुर और साबरमती समेत 16 सीटों से जुड़े क्षेत्रों से होते हुए गांधीनगर दक्षिण विधानसभा तक था। रोड शो के जरिए इस दूरी को पूरा करने में प्रधानमंत्री मोदी को करीब 4 घंटे का वक्त लगा। इस पूरे चुनाव अभियान में यह रोड शो भाजपा का अब तक का सबसे बड़ा कार्यक्रम था। यहां हजारों कार्यकर्ता रोड शो में पार्टी के झंडे लहराते हुए साथ-साथ चल रहे थे।
फूल-मालाओं से सजी खुली गाड़ी में सवार थे पीएम
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी फूल-मालाओं से सजी-लदी एक खुली गाड़ी में सवार थे। सड़क के दोनों ओर कतार में खड़े लोग प्रधानमंत्री के समर्थन में नारे लगाते हुए हाथ हिला रहे थे। इस रोड शो के रास्ते में पंडित दीनदयाल उपाध्याय, सरदार वल्लभभाई पटेल और नेताजी सुभाषचंद्र बोस समेत कुछ हस्तियों के स्मारक भी मिले, जहां प्रधानमंत्री ने रूककर वहां माल्यार्पण किया और पुष्पांजलि अर्पित की। भारतीय जनता पार्टी की ओर से दावा किया गया कि यह अब तक किसी भी भारतीय राजनेता की ओर से किया गया सबसे लंबा रोड शो था।
इस बार रिकॉर्ड वोट और सीट के साथ सत्ता में आना चाहती है भाजपा
भाजपा ने नरोदा विधानसभा सीट से 30 साल की डॉक्टर पायल कुकरानी को टिकट दिया है। डॉक्टर पायल एक एनेस्थेटिस्ट हैं और इस चुनाव में उतरी सबसे कम उम्र की प्रत्याशी हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी ने नरोदा सीट से दो बार के नगर पार्षद ओम प्रकाश तिवारी को टिकट दिया है। तिवारी इससे पहले 2017 में इसी सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे थे, मगर उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय जनता पार्टी राज्य में 1995 से सत्ता पर काबिज है। 2002 में उसे सबसे ज्यादा सीटें मिली थीं। वहीं 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को 99 सीटें ही मिलीं। इस बार पार्टी रिकॉर्ड वोट शेयर के साथ रिकॉर्ड सीट जीत सातवीं बार सत्ता में आना चाहती है। प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के अब तक के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री रहे हैं। वे इस बार भी भाजपा के प्रचार अभियान का प्रमुख चेहरा हैं और इस बार अब तक वे 20 रैलियों को संबोधित कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें-
पंजाब की तर्ज पर गुजरात में भी प्रयोग! जनता बताएगी कौन हो 'आप' का मुख्यमंत्री पद का चेहरा
बहुत हुआ.. इस बार चुनाव आयोग Corona पर भी पड़ेगा भारी, जानिए क्या लिया गजब फैसला
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.