हैदराबाद में अमित शाह ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। 'नकली संसद' से लेकर घुसपैठियों और SIR तक, जानिए जनसभा में गृह मंत्री ने क्या-क्या कहा और तेलंगाना को लेकर क्या दावा किया।
हैदराबाद की सड़कों पर सोमवार को बीजेपी ने ऐसा शक्ति प्रदर्शन किया, जिसका सीधा निशाना कांग्रेस और राहुल गांधी रहे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता मिटाओ’ मार्च के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी की ‘नकली संसद’ पर तंज कसने के साथ ही कांग्रेस को तेलंगाना से उखाड़ फेंकने का संकल्प भी दोहराया।
राहुल गांधी की 'नकली संसद' पर अमित शाह का तंज
अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने भले ही नकली संसद आयोजित की हो, लेकिन वे कभी असली संसद में प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे। शाह ने कांग्रेस पर लोकतंत्र को कमजोर करने और चुनावी हार के बाद अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में राहुल गांधी की ओर से आयोजित ‘वोट बचाओ’ रैली असल में ‘घुसपैठियों को बचाओ’ रैली थी। शाह ने आरोप लगाया कि NPR का विरोध करके कांग्रेस बांग्लादेशी घुसपैठियों को मतदाता सूची में बनाए रखना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी एक-एक घुसपैठिये को मतदाता सूची से हटाने और देश से बाहर निकालने तक चैन से नहीं बैठेगी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में दिवाली पर पटाखे जलाने की मिली छूट! सुप्रीम कोर्ट ने तय कर दिया समय, जानें 5 बड़े नियम
सरदार पटेल का जिक्र, निजाम को लेकर कही ये बात
हैदराबाद के इतिहास का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल को याद किया। उन्होंने कहा कि अगर सरदार पटेल ने निजाम को झुकने के लिए मजबूर नहीं किया होता तो आज हैदराबाद भारत का हिस्सा नहीं होता। शाह ने पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्हीं के प्रयासों से हैदराबाद भारत का अभिन्न अंग बना।
SIR और EVM पर कांग्रेस को घेरा, तेलंगाना जीतने का दावा
अमित शाह ने SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और EVM को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर EVM में गड़बड़ी है तो फिर कांग्रेस की सरकारें तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश में कैसे बनीं?
शाह ने संसद का विशेष सत्र बुलाने की बात दोहराते हुए विपक्ष को खुली बहस की चुनौती दी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद में विपक्ष के तर्कों का जवाब देंगे। साथ ही महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी की जीत का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी अब तेलंगाना में भी जीतने के लिए तैयार है।
यह भी पढ़ें: अनंत सिंह के पास सिर्फ 7 दिन! विधायकी बचाने के लिए अब क्या कर सकते हैं मोकामा वाले बाहुबली?




