Jhunjhunu Accident : राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जहां पलक झपकते ही 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
सीकर. राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। छापोली गांव में सोमवार सुबह सड़क निर्माण का काम कर रहे 8 मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे में 5 अन्य मजदूर झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हाइड्रोलिक जैक हाईटेंशन लाइन से टकराया
- जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। छापोली गांव में सड़क बनाने का काम चल रहा था। इस दौरान मजदूर रोड़ी-बजरी मिक्सर मशीन के पास काम कर रहे थे। तभी मशीन का हाइड्रोलिक जैक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के तार से छू गया।
- इससे मशीन में अचानक करंट फैल गया। वहां मौजूद मजदूर इसकी चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि कई मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में 8 मजदूरों की जान चली गई, जबकि 5 मजदूर झुलसकर घायल हो गए।
मशीन में करंट फैलने से हुआ हादसा
उदयपुरवाटी के SHO रामपाल के मुताबिक, सड़क निर्माण में इस्तेमाल हो रही रोड़ी-बजरी मिक्सर मशीन का हाइड्रोलिक जैक हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया था। इसी वजह से मशीन में करंट फैल गया और मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने शुरू किया धरना
- घटना के बाद छापोली गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मजदूरों की मौत से ग्रामीणों में गुस्सा है। उन्होंने हादसे के विरोध में धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवारों को उचित मदद मिले।
- यह हादसा सड़क निर्माण स्थलों पर बिजली की हाईटेंशन लाइनों के आसपास सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े करता है। मशीनों से काम कराते समय बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है। फिलहाल हादसे के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।






