Vivek Kumar | Published : Nov 30, 2022 7:21 PM IST / Updated: Dec 02 2022, 10:08 AM IST

गुजरात चुनाव 2022: पहले फेज के लिए शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न, 60.47% हुई वोटिंग

सार

अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव (Gujarat Assembly Election 2022) के पहले फेज के 89 सीटों के लिए मतदान संपन्न हो गया है। ये 89 सीटें सौराष्ट्र-कच्छ के 19 जिलों और राज्य के दक्षिणी हिस्सों में फैली हुई हैं। 788 उम्मीदवार मैदान में हैं। 14,382 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे के बीच मतदान हुआ। मतदान के दौरान किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। पढ़ें मतदान से जुड़े लाइव अपडेट्स...

05:54 PM (IST) Dec 01

60.47% हुई वोटिंग

गुजरात विधासभा चुनाव के पहले चरण में 89 सीटों पर गुरुवार को मतदान हुआ। शाम 5 बजे तक 60.47% वोटिंग हुई। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। कहीं से किसी बड़ी अप्रिय घटना की जानकारी सामने नहीं आई।
 

05:08 PM (IST) Dec 01

5 बजे मतदान संपन्न

पांच बजते ही पहले फेज के 89 सीटों के लिए मतदान संपन्न हो गया है। जिन पोलिंग बूथ पर पांच बजे से पहले तक मतदाताओं की कतार थी वहां 5 बजे के बाद तक मतदान कराया गया। 

04:21 PM (IST) Dec 01

3 बजे तक हुआ 48.48% मतदान

3 बजे तक 48.48% मतदान हुआ है। तापी (63.98%) में सबसे अधिक और जामनगर (42.44%) में सबसे कम मतदान हुआ है। अमरेली में 44.45%, भरूच में 52.87%, भावनगर में 45.96%, बोटाद में 43.47%, डांग में 58.55%, द्वारका में 46.54%, गिर सोमनाथ में 50.82%, जामनगर में 42.44%, जूनागढ़ में 46.17%, कच्छ में 45.81%, मोरबी में 53.86%, नर्मदा में 63.95%, नवसारी में 54.79%, राजकोट में 46.70%, सूरत में 47.24%, सुरेंद्रनगर में 48.61% और वलसाड में 53.61% वोटिंग हुई है।

01:58 PM (IST) Dec 01

1 बजे तक हुआ 34.48% मतदान

दोपहर एक बजे तक 34.48% मतदान हुआ है। तापी (46.35%) में सबसे अधिक और पोरबंदर (30.20%) में सबसे कम मतदान हुआ है। अमरेली में 32.1%, भरूच में 35.98%, भावनगर में 32.74%, बोटाद में 30.26%, डांग में 46.22%, द्वारका में 33.89%, गिर सोमनाथ में 35.99%, जामनगर में 30.34%, जूनागढ़ में 32.96%, कच्छ में 33.44%, मोरबी में 38.61%, नर्मदा में 46.13%, नवसारी में 39.20%, राजकोट में 32.88%, सूरत में 33.10%, सुरेंद्रनगर में 34.18% और वलसाड में 38.08% वोटिंग हुई है।
 

01:50 PM (IST) Dec 01

मोदी को अपशब्द कहने के लिए कांग्रेस में लगी है होड़

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंचमहल में एक चुनावी सभा में कहा, "मैं खड़गे जी का सम्मान करता हूं। वह वही कहेंगे जो उन्हें कहने के लिए कहा गया है। कांग्रेस पार्टी को नहीं पता कि यह राम भक्तों का गुजरात है। रामभक्तों की इस भूमि पर उन्हें मोदी 100 माथा वाला रावण है कहने के लिए कहा गया।" 

मोदी ने कहा, "अगर वे लोकतंत्र में विश्वास करते तो इस स्तर तक कभी नहीं जाते। वे एक परिवार में विश्वास करते हैं, न कि लोकतंत्र में। वे उस एक परिवार को खुश करने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। वह परिवार उनके लिए सब कुछ है, लोकतंत्र नहीं। कांग्रेस में इस बात की होड़ है कि कौन मोदी के लिए ज्यादा अपशब्द कहे...। हमें उन्हें सबक सिखाना है और तरीका है "कमल" को वोट देना।

01:07 PM (IST) Dec 01

11 बजे तक तापी में सबसे अधिक और द्वारका में सबसे कम हुआ मतदान

चुनाव आयोग के अनुसार 11 बजे तक तापी में सबसे अधिक 26.47 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि देवभूमि द्वारका में सबसे कम 15.86 प्रतिशत मतदान हुआ। अमरेली में 19%, भरूच में 17.57%, भावनगर में 18.84%, बोटाद में 18.50%, डांग में 24.99%, गिर सोमनाथ में 20.75%, जामनगर में 17.85%, जूनागढ़ में 18.85%, कच्छ में 17.62% और मोरबी में 22.27% मतदान हुआ। इसी तरह नर्मदा में 23.73%, नवसारी में 21.79%, पोरबंदर में 16.49%, राजकोट में 18.98%, सूरत में 17.92% सुरेंद्रनगर में 20.67% और वलसाड में 19.57% वोटिंग हुई।

12:57 PM (IST) Dec 01

अमित शाह बोले-PM के खिलाफ अपशब्दों का जवाब देगी जनता

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने जब-जब पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया है तब-तब गुजरात की जनता ने बैलेट बॉक्स के जरिए इसका जवाब दिया है। इस बार भी राज्य की जनता जवाब देगी। एंटी रेडिकल सेल एक प्रोएक्टिव कदम है। अगर हम कट्टरता को नियंत्रित करते हैं तो आतंकवाद और दंगे नियंत्रित होंगे।
 

12:28 PM (IST) Dec 01

11 बजे तक हुआ 19.13% मतदान

11 बजे तक 19.13 फीसदी मतदान हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और बीजेपी नेता मनसुख मंडाविया ने भावनगर के हनोल में वोट डाला। केंद्रीय मंत्री दर्शना जरदोश ने सूरत में मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि लोग राज्य में डबल इंजन वाली सरकार के लिए मतदान कर रहे हैं। हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे।

11:33 AM (IST) Dec 01

केंद्रीय मंत्री मंडाविया बोले-बीजेपी तोड़ेगी अपना रिकॉर्ड

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने भावनगर जिले के हनोल गांव में वोट डालने से पहले ग्रामीणों से बातचीत की। मंडाविया ने कहा, "मेरे गांव के लोगों का हमेशा विकास की राजनीति में विश्वास रहा है। मैं देख रहा हूं कि गुजरात की जनता का भरोसा बीजेपी पर बढ़ा है। इस बार हम अपना रिकॉर्ड तोड़ेंगे और एक नया रिकॉर्ड बनाएंगे।"


 

10:36 AM (IST) Dec 01

रवींद्र जडेजा ने किया मतदान

क्रिकेटर रवींद्र जडेजा ने जामनगर स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वह पत्नी रिवाबा जडेजा के साथ पोलिंग बूथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से कहा कि वह पत्नी के साथ खड़े हैं। रवींद्र जडेजा ने कहा, "मैं लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील करता हूं। लोगों को उम्मीद है कि रिवाबा अच्छा काम करेगी।"

10:31 AM (IST) Dec 01

मुमताज पटेल ने डाला वोट

दिवंगत वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल ने भरूच के अंकलेश्वर में मतदान किया। मुमताज ने कहा कि हम बदलाव की बात कर रहे हैं। एंटी-इनकंबेंसी कम करने के लिए मुख्यमंत्रियों को बदला गया। यहां (अंकलेश्वर) कांटे की टक्कर है।
 

10:20 AM (IST) Dec 01

रवींद्र जडेजा के पिता बोले-कांग्रेस के साथ हूं

क्रिकेटर रवींद्र जडेजा के पिता अनिरुद्ध सिंह जडेजा ने कहा, "मैं कांग्रेस के साथ हूं। पार्टी का मामला पारिवारिक मामले से अलग है। हमें अपनी पार्टी के साथ रहना चाहिए, सालों तक उनके साथ रहा। वह (रवींद्र जडेजा) जानता है कि यह एक पार्टी का मामला है, कोई पारिवारिक समस्या नहीं है।" 

रवींद्र जडेजा की बहन नैना जडेजा ने कहा, "ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है। जामनगर में कई परिवारों के सदस्य विभिन्न पार्टियों के लिए काम करते हैं। मेरे भाई के लिए मेरा प्यार पहले जैसा ही है। मेरी भाभी अभी बीजेपी की उम्मीदवार हैं। एक भाभी के रूप में वह अच्छी हैं।"

10:00 AM (IST) Dec 01

सुबह 9 बजे तक 4.92% मतदान

सुबह 9 बजे तक 4.92% मतदान  हुआ है। 100 साल की कमुबेन लालाभाई पटेल ने उमरगाम में अपना वोट डाला है।

09:19 AM (IST) Dec 01

सीआर पाटिल ने डाला वोट

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने सूरत के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू हर बार, हर जगह चलताहै। वह लोगों के दिलों में बसते हैं। कांग्रेस नेताओं द्वारा पीएम के खिलाफ औकात दिखाने वाले बयान पर पाटिल ने कहा, "जिन्होंने ऐसा कहा है, उन्हें उनकी औकात का पता चल जाएगा।"

09:12 AM (IST) Dec 01

वित्त मंत्री बोले- प्रगति कर रहा गुजरात

गुजरात के वित्त मंत्री कनुभाई देसाई ने वलसाड में कहा कि गुजरात प्रगति कर रहा है और राज्य के लोगों ने भाजपा को वोट देने का फैसला किया है। लोगों को भाजपा पर भरोसा है और राज्य में आगे विकास होगा। 
 

09:10 AM (IST) Dec 01

आसमान छू रही हैं ईंधन की कीमतें

अमरेली से कांग्रेस विधायक परेश धनानी ने वोट डालने के बाद कहा कि भाजपा सरकार की नाकामी से गुजरात में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है। गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं। शिक्षा का निजीकरण हो गया है। सत्ता परिवर्तन होगा और कांग्रेस आएगी। 
 

08:55 AM (IST) Dec 01

साइकिल पर गैस सिलेंडर लेकर वोट डालने निकले कांग्रेस विधायक

अमरेली में कांग्रेस विधायक परेश धनानी साइकिल पर गैस सिलेंडर बांधकर वोट डालने निकले। उनके साथ परिवार के लोग भी साइकिल से मतदान करने गए। कांग्रेस विधायक ने मतदान के दिन अनोखे तरीके से महंगाई के मुद्दे पर लोगों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की है। 
 

08:45 AM (IST) Dec 01

मध्य प्रदेश के राज्यपाल ने किया मतदान

मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने अपनी पत्नी के साथ नवसारी के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। गुजरात सरकार में मंत्री पूर्णेश मोदी ने सूरत के मतदान केंद्र पर मतदान किया। मतदान केंद्र पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। 
 

08:20 AM (IST) Dec 01

रिवाबा जडेजा ने डाला वोट

क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा ने राजकोट सिटी के आईपी मिशन स्कूल में बने पोलिंग बूथ में मतदान किया। वोट डालने के बाद रिवाबा ने कहा कि लोगों से मेरी अपील है कि ज्यादा से ज्यादा मतदान करें। लोग लोकतंत्र के इस पर्व को सेलिब्रेट करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ को मजबूत करना है। रविंद्र जडेजा के पिता द्वारा यह कहे जाने पर कि कांग्रेस को वोट देना चाहिए। रिवाबा ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब एक परिवार के सदस्य अलग-अलग विचारधारा वाली पार्टी से जुड़े हों। मेरे पति मेरे साथ हैं।

परिवार के सदस्य (रविंद्र जडेजा की बहन) के कांग्रेस में होने से कितनी मुश्किल हो रही है? इस सवाल पर रिवाबा ने कहा कि कोई परेशानी नहीं है। एक ही परिवार में अलग-अलग विचारधारा के लोग हो सकते हैं। मुझे जामनगर की जनता पर भरोसा है। हम ओवरऑल डेवलपमेंट पर फोकस करेंगे। इस बार भी बीजेपी अच्छे अंतर से जीतेगी।

08:05 AM (IST) Dec 01

89 सीटों पर मतदान शुरू

आठ बजते ही गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले फेज के 89 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। लोग मतदान करने के लिए पोलिंग बूथ पर पहुंचने लगे हैं। 


 

08:00 AM (IST) Dec 01

PM ने की रिकॉर्ड मतदान करने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट किया, "आज गुजरात चुनाव का पहला चरण है। मैं आज मतदान करने वाले सभी लोगों, विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान करता हूं।"
 

 

 

07:55 AM (IST) Dec 01

1274 बूथों पर सिर्फ महिला पोलिंग स्टाफ रहेंगी मौजूद

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि युवा मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए पहली बार 33 मतदान केंद्रों का संचालन युवा मतदान कर्मियों द्वारा किया जाएगा। ये वो पोलिंग स्टाफ हैं, जिन्हें हाल ही में नियुक्त किया गया है। 1274 बूथों पर सिर्फ महिला चुनाव कर्मी ही मौजूद रहेंगी। 
 

07:40 AM (IST) Dec 01

बीजेपी उम्मीदवार पीऊष पटेल पर हुआ हमला

नवसारी से बीजेपी उम्मीदवार पीऊष पटेल पर हमला हुआ है। उनके साथ मारपीट की गई, जिससे सिर पर चोट आई है। उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घटना बुधवार रात की है। हमले का आरोप कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है।

07:32 AM (IST) Dec 01

रिवाबा जडेजा के राजनीतिक भाग्य को होगा फैसला

क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा जामनगर उत्तर सीट से बीजेपी प्रत्याशी हैं। इस सीट पर आज वोट डाले जाएंगे। रिवाबा जडेजा ने कहा कि आज का दिन बहुत अहम है। सभी भाजपा प्रत्याशियों की कड़ी मेहनत का आज परिणाम मिलेगा। लोगों से मेरा निवेदन है कि जितना अधिक हो सके मतदान करें।
 

07:06 AM (IST) Dec 01

25,434 पोलिंग बूथ पर डाले जाएंगे वोट

आज 25,434 पोलिंग बूथ पर वोट डाले जाएंगे। इनमें से 9,018 शहरी और 16,416 ग्रामीण इलाके में हैं। मतदान के लिए 34,324 बैलेट यूनिट्स, 34,324 कंट्रोल यूनिट्स और 38,749 VVPATs का इस्तेमाल होगा। कुल 2,20,288 कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी लगी है। 27,978 परजाइडिंग ऑफिसर और 78,985 पोलिंग ऑफिसर को चुनाव कराने की जिम्मेदारी मिली है।
 

07:02 AM (IST) Dec 01

पहले फेज में होगा 788 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

पहले फेज में 788 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। इनमें से 718 पुरुष और 70 महिलाएं हैं। भाजपा के 89, कांग्रेस के 89 और आम आदमी पार्टी के 88 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनके अलावा बीएसपी के 57, भारतीय ट्राइबल पार्टी के 14, एसपी के 12, सीपीआई (एम) के 44 और सीपीआई के दो प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं। निर्दलीय प्रत्याशियों की संख्या 339 है।