
Gujarat Parivartan Sankalp Yatra: गुजरात में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही यात्राओं का दौर शुरू हो चुका है। राजनीतिक तापमान भी इन यात्रों से बढ़ने शुरू हो गए हैं। बीजेपी की सत्ता बरकरार रखने के लिए पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने अपना फोकस राज्य पर कर दिया है तो आम आदमी पार्टी लगातार यहां पांव जमाने की कोशिश में लगी है। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने भी चुनावी तापमान को बढ़ा दिया है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के इतर राज्य में 'गुजरात परिवर्तन संकल्प यात्रा' का ऐलान किया गया है। इस यात्रा में 5400 किलोमीटर को कवर किया जाएगा। इस दौरान 145 मीटिंग और 95 रैलियां भी आयोजित हैं।
राज्य को कांग्रेस ने पांच जोन में बांटा, सीधे जनता के बीच जाने का लक्ष्य
'गुजरात परिवर्तन संकल्प यात्रा' के लिए राज्य को पांच जोन में बांटा गया है। इस यात्रा के तहत राज्य के सभी शहरों व विधानसभाओं को कवर किया जाना है। यात्रा प्रत्येक जोन में सात दिनों तक चलेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश ठाकोर ने बताया कि यात्रा के दौरान 145 जनसभाएं और 95 रैलियां आयोजित की जाएंगी। यात्रा 5,432 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और इसका लक्ष्य 4.5 करोड़ लोगों के साथ सीधा संपर्क स्थापित करना है।
मोरबी हादसा की वजह से एक दिन टाली गई लांचिंग
मंगलवार को गुजरात परिवर्तन संकल्प यात्रा को वडगाम, भुज, सोमनाथ, फगवेल और जंबूसर से शुरू किया गया।'परिवर्तन संकल्प यात्रा' पहले सोमवार को शुरू होने वाली थी लेकिन रविवार को मोरबी पुल हादसे के बाद इसे एक दिन के लिए टाल दिया गया था।
11 वादे पूरे करने का लेगी पार्टी जनता में संकल्प
कांग्रेस के 10 लाख से ज्यादा कार्यकर्ता यात्रा में शामिल होंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि लोगों को भरोसा दिलाया जाएगा कि सत्ता में आने पर पार्टी 11 वादे पूरे करेगी। कांग्रेस ने 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज, किसानों की 3 लाख रुपये तक की कर्जमाफी, बिजली बिल माफी, युवाओं को 10 लाख सरकारी नौकरी, 3,000 रुपये प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता, 3,000 सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलने का वादा किया है। इसके अलावा COVID-19 मौतों के लिए 4 लाख रुपये का मुआवजा भी सरकार बनने पर दिया जाएगा।
कहां से किसने दिखाई हरी झंडी?
यात्रा को फगवेल से पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहन प्रकाश और जीपीसीसी के पूर्व अध्यक्ष अमित चावड़ा, वागदाम से प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रघु शर्मा और राज्य इकाई के प्रमुख जगदीश ठाकोर, भुज से रामकिशन ओझा और ललित कागथरा, सोमनाथ से अर्जुन मोढवाडिया और परेश धनानी, जंबूसर से कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत व तुषार चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कांग्रेस ने राज्य में जीता था 77 सीट
गुजरात के बीते विधानसभा चुनाव में बीजेपी 99 सीट पाकर सरकार बनाई थी। राज्य में मुख्य विपक्षी दल के रूप में कांग्रेस रही। कांग्रेस को 77 सीट मिले हैं। जबकि आम आदमी पार्टी चुनाव तो लड़ी लेकिन एक भी सीट पर उसे सफलता नहीं मिल सकी। इस बार भी आम आदमी पार्टी चुनाव मैदान में है और खुद को बीजेपी के विकल्प के रूप में पेश कर रही है।
यह भी पढ़ें:
कंधे पर हाथ रख पीएम ने बढ़ाया घायलों का हौंसला, मोदी ने इनसे सुनी उस खौफनाक मंजर की कहानी
गुजरात में मोरबी में पुल हादसा: पांच सदस्यीय एसआईटी करेगी जांच
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.