Vivek Kumar | Published : Nov 12, 2022 1:03 AM IST / Updated: Nov 13 2022, 06:16 AM IST

हिमाचल चुनाव 2022: 73.23% हुआ मतदान, जेपी नड्डा का दावा- फिर बनेगी भाजपा की सरकार

सार

शिमला। हिमाचल प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव (Himachal Pradesh Vidhan Sabha Chunav 2022) के लिए शनिवार को मतदान हुआ। यहां एक फेज में चुनाव हुआ। सुबह आठ बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग हुई। 73.23 फीसदी मतदान हुआ। 68 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव हुआ। कुल 412 उम्मीदवार मैदान में थे। चुनाव आयोग ने राज्य में 7,881 मतदान केंद्र बनाए। इनमें से 981 को संवेदनशील घोषित किया गया था। हिमाचल प्रदेश की जनता ने तय किया कि राज्य में अपनी सत्ता बचाकर बीजेपी इतिहास बनाएगी या फिर हर पांच साल में सरकार बदलने की पुरानी रीति जारी रहेगी। आगे पढ़ें मतदान से जुड़े लाइव अपडेट्स...

05:24 PM (IST) Nov 12

मतदान संपन्न, सील हुए ईवीएम

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो गया है। वोटिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदानकर्मियों ने ईवीएम और वीवीपैट को सील कर सुरक्षित किया। अब आठ दिसंबर को इन्हें खोला जाएगा और वोटों की गिनती होगी।
 

05:07 PM (IST) Nov 12

पांच बजे मतदान संपन्न

हिमाचल प्रदेश में शनिवार शाम पांच बजे मतदान संपन्न हो गया। जिन मतदान केंद्रों पर पांच बजे तक भी मतदाताओं की कतार थी उन केंद्र पर लाइन में लगे लोगों को तय समय खत्म होने के बाद भी वोट डालने का मौका दिया गया।

03:52 PM (IST) Nov 12

कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की शिकायत

कांग्रेस ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। मतदानकर्मी बहुत धीमी गति से काम कर रहे हैं। दूसरी ओर नगरोटा निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार अरुण मेहरा ने नगरोटा बगवां मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वहीं, तीन बार के विधायक और पोंटा साहिब विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुखराम चौधरी ने भी मतदान किया है।
 

02:01 PM (IST) Nov 12

दोपहर 1 बजे तक हुई 37.19 फीसदी वोटिंग

हिमाचल प्रदेश में दोपहर एक बजे तक 37.19 फीसदी वोटिंग हुई है। ठंड के चलते दिन चढ़ने के साथ ही वोटिंग की रफ्तार बढ़ी। शाम पांच बचे तक मतदान होगा।
 

01:05 PM (IST) Nov 12

जेपी नड्डा बोले- फिर से भाजपा सरकार लाना चाहते हैं लोग

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मतदान के बाद कहा है कि हिमाचल के लोग अपने अधिकारों और मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक हैं। यहां मतदान हमेशा अच्छा होता है। लोग बीजेपी को एक और मौका देना चाहते हैं। लोग पीएम नरेंद्र मोदी से प्यार करते हैं और उनपर भरोसा करते हैं। लोग फिर से राज्य में बीजेपी की सरकार लाना चाहते हैं। मुझे बीजेपी के लिए अनुकूल माहौल दिख रहा है। हिमाचल में हर पांच साल में सरकार बदलने का रिवाज निश्चित रूप से बदलेगा। लोगों ने इस परंपरा को बदलने का मन बना लिया है। पिछले 5 साल में हुए विकास को जमीन पर देखा जा सकता है। 
 

12:40 PM (IST) Nov 12

157 मतदान केंद्रों का संचालन कर रहीं महिलाएं

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में 157 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जिनका संचालन पूरी तरह महिला कर्मचारी कर रही हैं। बच्चों के साथ आने वालों को परेशानी न हो इसके लिए हमीरपुर जिले में क्रेच की सुविधा भी उपलब्ध करायी गयी है। हिमाचल में 56,000 पीडब्ल्यूडी (दिव्यांग व्यक्ति) मतदाता हैं। हमने उनके लिए काफी इंतजाम किए हैं। 37 मतदान केंद्रों का संचालन पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों द्वारा ही किया जा रहा है। 
 

12:19 PM (IST) Nov 12

11 बजे तक 17.98% हुई वोटिंग

हिमाचल प्रदेश में 11 बजे तक 17.98 फीसदी मतदान हुआ है। चुराह विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 122 पर 105 साल की नारो देवी ने मतदान किया है। 


10:55 AM (IST) Nov 12

पहले 1 घंटे में हुई 5.02% वोटिंग

ठंड के चलते हिमाचल प्रदेश में पहले एक घंटे में कम वोटिंग हुई है। सुबह 9 बजे तक राज्य में 5.02 फीसदी मतदान हुआ। लाहौल और स्पीति में सबसे कम 1.56% और सिरमौर में सबसे अधिक 6.26% वोटिंग हुई। दिन चढ़ने के साथ ही मतदान केंद्रों पर भीड़ जुट रही है।
 

10:49 AM (IST) Nov 12

कांग्रेस नेता आनंद शर्मा बोले- रिवाज नहीं बदलेगा, परिवर्तन होगा

कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने वोट डालने के बाद कहा कि हिमाचल प्रदेश में रिवाज नहीं बदलेगा, परिवर्तन होगा। लोगों ने सरकार बदलने का मन बनाया हुआ है। राज्य सरकार ने पांच साल में जिस तरह काम किया है उससे लोगों में नाराजगी है। पांच साल में सरकार द्वारा जो कोताही की गई उसके खिलाफ मत पड़ेगा। कर्मचारियों के पेंशन के मुद्दे पर सरकार को संवेदनशील होना चाहिए। पहले की सरकारों से गलतियां हुई हैं। उनसे सबक लेना चाहिए। राज्य के युवाओं के बीच बेरोजगारी 22.5 फीसदी है। महिलाओं का सशक्तिकरण करना है। उनकी हर महीने मदद के लिए प्रावधान करना है। हमने सेना में भर्ती के लिए लाई गई अग्निपथ योजना का विरोध किया है। 

10:15 AM (IST) Nov 12

राहुल गांधी बोले- OPS और रोजगार के लिए वोट करेगा हिमाचल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि हिमाचल OPS, रोजगार और हर घर लक्ष्मी के लिए वोट करेगा। उन्होंने कहा, "आइए भारी संख्या में मतदान कीजिए और हिमाचल की प्रगति व खुशहाल भविष्य के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दीजिए।" 

दूसरी ओर प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया कि हिमाचल के लोग अपने प्रदेश के हालात को भलीभांति समझते हैं। लोग अपनी परिस्थितियों को देखते हुए पूरी सूझबूझ से मतदान का कर्तव्य निभाएं और हालातों को बदलने व हिमाचल के भविष्य को बुनने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। 

10:07 AM (IST) Nov 12

प्रतिभा सिंह बोलीं- कांग्रेस जीतेगी 40-45 सीटें

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह और उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह ने शिमला के रामपुर में अपना वोट डाला। प्रतिभा सिंह ने कहा कि हम हिमाचल प्रदेश के लोगों से कहना चाहते हैं कि वे विकास और काम के लिए वोट करें। कांग्रेस ने हमेशा विकास किया है। आने वाले समय में कांग्रेस ही राज्य में विकास के काम को आगे बढ़ा सकती है। हमें 40-45 सीटें जीतने का भरोसा है।


 

 

09:56 AM (IST) Nov 12

अनुराग ठाकुर बोले- जनता जानती है कांग्रेस का असली चेहरा

केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मणिपुर और गोवा में फिर से हमारी सरकार बनी है। इस बार हिमाचल प्रदेश और गुजरात में भी भाजपा की सरकार बनेगी। झूठे वादे करना कांग्रेस की आदत है। जनता उनका असली चेहरा जानती है।
 

09:29 AM (IST) Nov 12

जेपी नड्डा बोले- बदलेगा रिवाज

बिलासपुर में मतदान करने से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज का दिन बेहद अहम है। हिमाचल की जनता अगले पांच साल के लिए अपना निर्णय करने वाली है। आज का दिन अगले पांच साल के लिए नींव रखेगा। इस बार हर पांच साल में सरकार बदलने का रिवाज बदलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति लोगों का अथाह प्रेम और विश्वास है। सीएम जयराम ठाकुर ने जो काम किया है उसे लोगों ने देखा है। हिमाचल की जनता भाजपा की सरकार फिर से लाने के लिए उत्सुक है।
 

09:14 AM (IST) Nov 12

सीएम जयराम ठाकुर ने डाला वोट

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उनके परिवार ने मंडी के सिराज विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र 44 में अपना वोट डाला।  वोट डालने से पहले उन्होंने अपने घर में कुलदेवी की पूजा की। वोट डालने के बाद सीएम ने कहा कि इस बार चुनाव की परिस्थितियां अलग थी। लोग अपना वोट शांतिपूर्ण तरीके से डाल रहे हैं। हमारी सरकार फिर से आने वाली है। 

08:49 AM (IST) Nov 12

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोग बहुत उत्साहित हैं। लोग राज्य में नई सरकार बनाने के लिए अपना मत दे रहे हैं। लोग देखते हैं कि किसने काम किया है। वे इसी आधार पर तय करते हैं कि किसे सरकार में लाना है।

08:10 AM (IST) Nov 12

सीएम की पत्नी साधना ठाकुर ने की पूजा

सीएम जयराम ठाकुर की पत्नी साधना ठाकुर ने अपने घर के बाहर पूजा-पाठ किया है। उन्होंने भगवान सूर्य को जल अर्पित किया। साधना ठाकुर ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए बहुत खास है। उन्होंने (मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर) मुख्यमंत्री रहते हुए पूरे राज्य में चुनाव प्रचार किया। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि वे उन्हें सफलता प्रदान करें।
 

08:04 AM (IST) Nov 12

शुरू हो गया मतदान

हिमाचल प्रदेश के 68 सीटों के लिए हो रहे चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। राज्य के सभी 7,881 मतदान केंद्रों पर लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। ठंड के बाद भी लोग सुबह-सुबह वोट डालने पहुंचे हैं। लोग पूरे उत्साह के साथ चुनाव लड़ रहे 412 प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला कर रहे हैं।
 

07:55 AM (IST) Nov 12

सीएम जयराम ठाकुर बोले- लोग फिर से बनाएंगे भाजपा की सरकार

हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर ने कहा, "मुझे विश्वास है कि लोग फिर से भाजपा की सरकार बनाने जा रहे हैं। मुझे आज सुबह से शुभकामनाएं मिलने लगी हैं। कुछ समय पहले पीएम नरेंद्र मोदी का संदेश मिला। उन्होंने मुझे आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं हैं। मुझे खुशी है कि चुनाव अच्छे माहौल में संपन्न हुआ। हिमाचल की जनता ने सहयोग किया। मैं सभी मतदाताओं से मतदान करने का आग्रह करता हूं।" 
 

07:50 AM (IST) Nov 12

पीएम ने लोगों से किया नया रिकॉर्ड बनाने का आग्रह

हिमाचल प्रदेश चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से उत्साह के साथ मतदान में हिस्सा लेने और नया रिकॉर्ड बनाने का आग्रह किया है। उन्होंने ट्वीट किया, "हिमाचल प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के लिए आज मतदान का दिन है। देवभूमि के समस्त मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। इस अवसर पर पहली बार वोट देने वाले राज्य के सभी युवाओं को मेरी विशेष शुभकामनाएं।"
 

 

07:43 AM (IST) Nov 12

2017 में हुआ था 76 फीसदी मतदान

हिमाचल प्रदेश में 2017 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान 76 फीसदी मतदान हुआ था। भाजपा को 49 प्रतिशत वोट मिले थे। बीजेपी को 68 में से 44 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, कांग्रेस 21 सीटों पर सिमट गई थी। 
 

07:15 AM (IST) Nov 12

मतदान के लिए घरों से निकलने लगे लोग

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मॉक पोलिंग की प्रक्रिया चल रही है। मॉक पोलिंग से चुनावकर्मी इस बात की जांच कर रहे हैं कि ईवीएम मशीन ठीक तरह से काम कर रहा है या नहीं। दूसरी ओर मतदान के लिए लोग घरों से निकलने लगे हैं।
 

06:48 AM (IST) Nov 12

30 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात

चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए करीब 30,000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। सीआरपीएफ की 67 कंपनियों के जवानों और राज्य पुलिस के 11,500 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है। करीब 50 हजार सरकारी कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी लगाई गई है। 55,92,828 मतदाता चुनाव में शामिल होंगे। इनमें 27,37,845 महिलाएं, 28,54,945 पुरुष और 38 थर्ड जेंडर हैं। 1.93 लाख मतदाताओं की उम्र 18-19 साल की है।
 

06:41 AM (IST) Nov 12

मैदान में हैं 412 उम्मीदवार

हिमाचल प्रदेश के 68 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। कुल 412 उम्मीदवार मैदान में हैं। सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा को उम्मीद है कि विकास के काम किए जाने के चलते उन्हें दोबारा जीत मिलेगी। वहीं, विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने मतदाताओं से हिमाचल प्रदेश में चार दशक पुरानी परंपरा के तहत मतदान करने का आग्रह किया है। आज होने वाले चुनाव में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह और पूर्व भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती समेत 412 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 55 लाख से अधिक मतदाता करेंगे।