
शिमला(Himachal Pradesh). हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने ताकत झोंक दी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हिमाचल प्रदेश के बैजनाथ में एक चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को डूबता जहाज बताते हुए कहा कि अब कोई भी पायलट आ जाए, उड़ान भरना तो दूर यह रनवे पर भी नहीं दौड़ पाएगी। अपने बयान में राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस अब एक ऐसा जहाज है जिसका तेल अब खत्म हो गया है। कांग्रेस एक ऐसा डूबता हुआ जहाज है।
संबोधन के शुरूआत में राजनाथ सिंह ने कहा कि हिमाचल देवभूमि है। यह वीरता, पराक्रम और बलिदान की भी धरती है। यहां की मिट्टी में खेल कूद कर बड़े हुए लोगों ने देश के मान, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की रक्षा ज़रूरत का सामान भारत में बनेगा और भारतीयों के हाथों से बनेगा। उन्होंने दावा किया कि आज भारत का रक्षा निर्यात क़रीब बीस हज़ार करोड़ रुपये तक पहुँचने की स्थिति में आ गया है।
हिमाचल प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने का संकल्प- राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री ने कहा कि हमने हिमाचल प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने का संकल्प किया है। कांग्रेस के लोग कह रहे हैं हम लोग यह काम वोट हासिल करने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम समाज को बांट कर वोट हासिल नहीं करना चाहते। गोवा में समान नागरिक संहिता वर्षों से लागू है। क्या गोवा में समाज टूट गया है। राजनाथ ने कहा कि वर्तमान राजनीति को क्रिकेट के शब्दों में कहूं तो कहूंगा भाजपा जहां राजनीति की पिच पर गुड लेंथ बाल बन चुकी है वहीं कांग्रेस पार्टी एक वाइड बाल है। आम आदमी पार्टी की स्थिति यहां नो बाल की है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.