मणिपुर चुनाव : टिकट वितरण में अपने नेताओं की अनदेखी से BJP कार्यकर्ता नाराज, पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़

Published : Jan 31, 2022, 11:06 AM ISTUpdated : Jan 31, 2022, 11:17 AM IST
मणिपुर चुनाव : टिकट वितरण में अपने नेताओं की अनदेखी से BJP कार्यकर्ता नाराज, पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़

सार

भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और प्रदेश इकाई की अध्यक्ष शारदा देवी के पुतले और पार्टी के झंडे जलाए। कार्यकर्ता पार्टी के वफादारों को नजरअंदाज कर कांग्रेस से आने वाले नेताओं को टिकट दिए जाने से नाराज हैं।

इंफाल : मणिपुर विधानसभा चुनाव (Manipur Chunav 2022) से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं की नाराजगी ने प्रदर्शन और तोड़फोड़ का रूप ले लिया है। बीजेपी (BJP) ने राज्य की सभी 60 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। लिस्ट सामने आते ही कई जगह नाराजगी देखने को मिल रही है। नाराज कार्यकर्ताओं ने मणिपुर प्रदेश भाजपा के कार्यालय में तोड़फोड़ की और सीएम एन बीरेन सिंह (N Biren Singh) का पुतला फूंका। इंफाल पश्चिम, तामेंगलोंग जैसे जिलों के कार्यकर्ताओं के उपद्रव से पार्टी में हलचल बढ़ गई है।

अनदेखी से नाराज
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी ने वफादार नेताओं को नजरअंदाज कर कांग्रेस (Congress) से आने वाले नेताओं को टिकट दिया है। इसी नाराजगी के चलते कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और प्रदेश इकाई की अध्यक्ष शारदा देवी के पुतले और पार्टी के झंडे जलाएऔर पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की। सगोलबंद, काकचिंग, मोइरंग, कीसमथोंग विधानसभा क्षेत्रों में आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे, पर्चे जलाए, स्थानीय कार्यालयों में तोड़फोड़ की और नारेबाजी की। थंगा में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के पुतले जलाए। टिकट नहीं मिलने पर पूर्व मंत्री निमाईचंद लुवांग और थंगजाम अरुण कुमार ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया। थंगजाम बाद में जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल हो गए।

बीजेपी कार्यालय की सुरक्षा बढ़ाई गई
जानकारी मिल रही है कि उम्मीदवारों की सूची की घोषणा के बाद भड़की हिंसा के चलते राज्य में भाजपा के सभी कार्यालयों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सभी कार्यालयों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। उधर खबर मिल रही है कि पार्टी के बड़े नेता कार्यकर्ताओं को मनाने में जुट गए हैं।

बीजेपी का सरकार बनाने का दावा
वहीं, बीजेपी का दावा है कि पार्टी ने मणिपुर में विकास की वैकल्पिक राजनीतिक धारा को आगे बढ़ाया है और आने वाले समय में भी वह सुशासन के आधार पर वोट के लिए लोगों के सामने जाने वाले हैं। पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व में एन बीरेन सिंह ने एक सफल सरकार को चलाया है। बीजेपी ने विश्वास जताया है कि इस चुनाव में वह दो तिहाई बहुमत लेकर दोबारा से सरकार बनाएगी।

मणिपुर में दो चरणों में चुनाव
मणिपुर की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में 27 फरवरी और तीन मार्च को मतदान होगा। मतगणना 10 मार्च की जाएग। मणिपुर के अलावा इस साल फरवरी और मार्च में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और गोवा में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग सभी पांच राज्यों की 690 विधानसभा सीटों पर मतदान करवाने जा रहा है, जिसमें 18.34 करोड़ से अधिक मतदाता भाग लेंगे। इन 18.34 करोड़ मतदाताओं में से 8.55 करोड़ मतदाता महिला हैं। चुनाव लिए निर्वाचन आयोग की ओर से 2,15,368 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। कुल 690 निर्वाचन क्षेत्रों में से 133 सीटें अनुसूचित जातियों और 23 अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित हैं।

इसे भी पढ़ें-मणिपुर चुनाव : बीजेपी ने सभी 60 सीटों पर उतारे उम्मीदवार, इस सीट से लड़ेंगे मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह

इसे भी पढ़ें-Manipur Election 2022 : मणिपुर विस चुनाव के लिए चुनावी बिगुल बजा, जानिए क्या हैं चुनावी मुद्दे और समीकरण

 

PREV

Recommended Stories

हुमायूं कबीर कौन, जिन्होंने बाबरी मस्जिद के लिए इकट्ठा किया करोड़ों का चंदा
Indigo Crisis Day 7: इंडिगो ने दिया ₹827 करोड़ का रिफंड, यात्रियों को लौटाए 4500 बैग