
फिल्म 'अल्फा' सिनेमाघरों में दर्शकों का लगातार मनोरंजन कर रही है। इस बीच फिल्म का नया गाना 'शैम्पेन' सोशल मीडिया और दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। गाने में एक्ट्रेस शर्वरी की दमदार एनर्जी, शानदार स्क्रीन प्रेजेंस और सहज डांस मूव्स को खूब सराहा जा रहा है। इस हाई-एनर्जी ट्रैक को कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने तैयार किया है। उन्होंने हाल ही में बताया कि इस गाने के लिए शर्वरी ने कितनी मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी की।
विजय गांगुली इससे पहले भी शर्वरी के साथ लोकप्रिय गाने 'तरस' में काम कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि एक कलाकार के रूप में शर्वरी ने खुद को काफी बेहतर बनाया है। विजय ने कहा कि 'तरस' के दौरान शर्वरी को रिहर्सल के लिए ज्यादा समय नहीं मिल पाया था। इसके बावजूद उन्होंने अपने एक्सप्रेशन्स, डांस और ग्रेस से सभी को प्रभावित किया था। उसी समय उन्हें लगा था कि भविष्य में फिर से शर्वरी के साथ काम करने का मौका जरूर मिलना चाहिए और बाद में 'शैम्पेन' के जरिए यह मौका मिला।
विजय गांगुली के मुताबिक 'तरस' और 'शैम्पेन' दोनों गानों का अंदाज पूरी तरह अलग था। उन्होंने बताया कि निर्देशक आदित्य चोपड़ा और शिव रवैल चाहते थे कि इस गाने में स्ट्रीट और हिप-हॉप स्टाइल की अलग झलक दिखाई दे। उन्होंने बताया कि शुरुआत में शर्वरी से कहा गया था कि इस गाने के लिए उन्हें काफी रिहर्सल करनी होगी। लेकिन उन्होंने इतनी तेजी से हर स्टेप सीख लिया कि आखिर में उन्हें खुद कहना पड़ा कि अब रिहर्सल रोक दीजिए, क्योंकि वह जरूरत से ज्यादा अभ्यास कर रही थीं। शर्वरी हर डांस स्टेप और हर एक्सप्रेशन पर तब तक काम करती रहीं, जब तक वह पूरी तरह संतुष्ट नहीं हो गईं।
विजय ने बताया कि शर्वरी की मजबूत तैयारी का सबसे बड़ा फायदा शूटिंग के दौरान देखने को मिला। उनके मुताबिक, जब पूरी टीम सेट पर पहुंची तो ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि किसी गाने की शूटिंग हो रही है। कैमरा शुरू होते ही शर्वरी पूरी तरह तैयार थीं और उन्होंने हर मूवमेंट को बेहद सहजता से निभाया। यहां तक कि एक कठिन लॉन्ग-टेक सीक्वेंस भी उम्मीद से काफी पहले पूरा हो गया। विजय ने कहा कि शर्वरी हर टेक में बेहतरीन प्रदर्शन करती हैं और उनकी तैयारी साफ दिखाई देती है।
कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने शर्वरी की मेहनत और लगातार हो रहे विकास की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि 'तरस' से लेकर 'शैम्पेन' तक उनका सफर शानदार रहा है। विजय के अनुसार, शर्वरी ने इस गाने के लिए अपना पूरा समर्पण दिखाया है। उनकी एनर्जी, प्रिसिजन, लुक और परफॉर्मेंस हर स्तर पर प्रभावशाली रही। उन्होंने कहा कि हर बार शर्वरी के साथ काम करना ऐसा लगता है जैसे पहली बार साथ काम कर रहे हों और उन्हें पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में उनका भविष्य और भी शानदार रहेगा।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।