कभी 25 करोड़ की फिरौती, कभी जलसा पर हमले की साजिश! 2000 से अब तक कब-कब निशाने पर आए अमिताभ बच्चन?

Published : Nov 16, 2026, 08:33 PM IST
Amitabh-Bachchan-Threat

सार

Amitabh Bachchan Threat History: अमिताभ बच्चन को 2000 से अब तक कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। कभी अपहरण की चेतावनी, कभी 25 करोड़ की फिरौती तो कभी जलसा पर हमले की साजिश सामने आई।

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की पॉपुलैरिटी जितनी बड़ी है, उनकी सुरक्षा को लेकर चिंताएं भी उतनी ही गंभीर रही हैं। पिछले कई सालों में उन्हें कभी फोन पर धमकियां मिलीं, तो कभी उनके बंगले जलसा को निशाना बनाने की बात सामने आई। एक बार तो जान बचाने के लिए 25 करोड़ रुपए की मांग वाला SMS भी भेजा गया था। अब 2026 में उनके घर के बाहर कथित शूटिंग की साजिश और गैंगस्टर की धमकी ने फिर सुरक्षा का मुद्दा गरमा दिया है। आइए जानते हैं, अमिताभ को कब-कब और किस तरह की धमकियां मिलीं।

साल 2000 में अमिताभ बच्चन के अपहरण की धमकी से बढ़ी थी चिंता

  • अमिताभ बच्चन को धमकी मिलने की पुरानी रिपोर्टों में एक मामला अगस्त 2000 का है। उस समय अमिताभ ने तत्कालीन केंद्रीय गृह मंत्री लालकृष्ण आडवाणी को पत्र लिखकर बताया था कि उन्हें अपने निजी मोबाइल फोन पर धमकी भरे कॉल आ रहे हैं।
  • एक्टर को आशंका थी कि उनका अपहरण कन्नड़ सुपरस्टार डॉ. राजकुमार की तरह किया जा सकता है, जिन्हें वीरप्पन ने अगवा कर लिया था।
  • इस मामले के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने महाराष्ट्र सरकार से अमिताभ की सुरक्षा बढ़ाने को कहा था। उनके मुंबई और दिल्ली स्थित घरों पर सशस्त्र सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाने की भी रिपोर्ट आई थी।

2002 में बिग बी के घर के बाहर क्या हुआ था?

  • सितंबर 2002 में अमिताभ के बंगले के बाहर एक और गंभीर घटना हुई। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, एक गाड़ी बंगले के बाहर खड़ी थी।
  • जब सुरक्षा गार्ड ने उसमें बैठे लोगों से गाड़ी हटाने को कहा, तो उनमें से एक व्यक्ति ने रिवॉल्वर निकालकर गार्ड को धमकाया। पुलिस को इसकी सूचना दी गई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई।
  • यह अमिताभ को सीधे जान से मारने की धमकी का मामला नहीं था, लेकिन उनके घर के बाहर हथियार दिखाकर की गई इस हरकत ने सुरक्षा को लेकर चिंता जरूर बढ़ाई।

2006 और 2007 में अमिताभ बच्चन पर बढ़ा था खतरा?

  • जुलाई 2006 में मुंबई सीरियल ब्लास्ट के बाद जांच के दौरान कुछ प्रमुख हस्तियों को आतंकियों की कथित हिट लिस्ट में शामिल बताए जाने की खबर सामने आई थी। इसमें अमिताभ बच्चन के अलावा सचिन तेंदुलकर और मुकेश अंबानी का नाम भी था।
  • इसके बाद महाराष्ट्र में इन हस्तियों की सुरक्षा बढ़ाई गई थी। हालांकि, यह किसी एक व्यक्ति की तरफ से भेजी गई सीधी धमकी नहीं, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों को मिली खुफिया जानकारी थी।
  • इसके करीब एक साल बाद, जुलाई 2007 में जलसा को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
  • एक अज्ञात व्यक्ति ने एक निजी न्यूज चैनल को ईमेल भेजकर दावा किया था कि शाम 4:30 बजे अमिताभ के घर में विस्फोट होगा। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने करीब एक घंटे तक तलाशी ली, लेकिन कोई विस्फोटक नहीं मिला।

2008 में किसने मांगे थे बिग बी से 25 करोड़ रुपए?

  • सितंबर 2008 में अमिताभ को उनके मोबाइल पर एक बेहद गंभीर धमकी भरा SMS मिला। इसमें तीन दिन के भीतर 25 करोड़ रुपए देने की मांग की गई थी और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी।
  • अमिताभ उस समय लंदन में थे। उन्होंने अपने कार्यालय को पुलिस को सूचना देने के लिए कहा।
  • इस मामले में राजस्थान के जालोर से देवी सिंह राजपुरोहित नाम के युवक को गिरफ्तार किया गया था।
  • पुलिस के मुताबिक, वह अमिताभ से फिल्मों में काम दिलाने की मांग भी करता रहा था। बाद में अमिताभ ने मुंबई पुलिस की कार्रवाई की तारीफ की थी।

2009 में मंदिर और दरगाह जाने पर अमिताभ बच्चन को मिली धमकी?

  • नवंबर 2009 में अमिताभ ने अपने ब्लॉग के जरिए बताया था कि उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति ने SMS भेजकर मंदिर और दरगाह जाने पर धमकाया है। एक्टर ने इससे पहले हाजी अली दरगाह और सिद्धिविनायक मंदिर सहित धार्मिक स्थलों पर जाने का जिक्र किया था।
  • धमकी देने वाले ने ऐसा करना गलत बताते हुए उन्हें दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी दी थी। अमिताभ ने इसका जवाब देते हुए साफ कहा था कि वह अपनी यह दिनचर्या जारी रखेंगे और किसी की धमकी से अपना फैसला नहीं बदलेंगे।

2026 में अमिताभ बच्चन को कई बार आया धमकी भरा ईमेल?

  • अक्टूबर-नवंबर 2026 में जलसा का नाम तीन अलग-अलग धमकी भरे ईमेल में सामने आया।
  • 23 अक्टूबर: मुंबई के मेयर कार्यालय को मिले ईमेल में जलसा का नाम भी शामिल था। पुलिस ने स्पष्ट किया था कि अमिताभ को सीधे कोई धमकी नहीं भेजी गई थी। जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
  • 6 नवंबर: एक नए ईमेल में जलसा, बॉम्बे हाई कोर्ट और महालक्ष्मी रेसकोर्स का नाम था। पुलिस की तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
  • 12 नवंबर: एक और ईमेल में जलसा के साथ मुंबई एयरपोर्ट, मेयर कार्यालय और पीएनबी की शाखाओं को निशाना बनाने की बात थी। सुरक्षा एजेंसियों ने जांच की, लेकिन कोई विस्फोटक नहीं मिला। इन ईमेल को पुलिस ने फर्जी धमकी बताया।

2026 में जलसा के बाहर फायरिंग की क्या थी साजिश?

  • ईमेल धमकियों के बीच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने विकास ठाकुर उर्फ विक्की और दीपक सिंह उर्फ दीप को गिरफ्तार किया।
  • पुलिस के मुताबिक, दोनों कथित तौर पर विदेश में बैठे गैंगस्टर के संपर्क में थे। जांच में सामने आया कि दीपक को मुंबई में रुककर जलसा के बाहर फायरिंग की योजना को अंजाम देना था।
  • पुलिस ने कथित हमले से पहले ही दोनों को पकड़ लिया। इस मामले की जांच अभी जारी है।

16 नवंबर को अमिताभ और अभिषेक को किसने दी धमकी?

  • 16 नवंबर 2026 को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नाम से सोशल मीडिया पर एक धमकी भरी पोस्ट सामने आई। इसमें अमिताभ और अभिषेक बच्चन दोनों को निशाना बनाने की बात कही गई।
  • पोस्ट में दावा किया गया कि बुलेटप्रूफ केबिन भी उन्हें नहीं बचा पाएंगे और मुंबई में उसके करीब 200 लोग सक्रिय हैं।हालांकि, इस पोस्ट की प्रामाणिकता और इसमें किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
  • पुलिस इसकी जांच कर रही है। ऐसे में इसे फिलहाल सोशल मीडिया पर सामने आई कथित धमकी के रूप में ही देखा जाना चाहिए।
  • इस तरह अमिताभ बच्चन को लेकर पिछले 26 साल में कई तरह के सुरक्षा अलर्ट और धमकियां सामने आई हैं। इनमें कुछ सीधे मौत की धमकी थीं, कुछ जलसा को निशाना बनाने वाले ईमेल और कुछ खुफिया इनपुट।
  • हर घटना को एक जैसी नहीं है, लेकिन इनकी वजह से एक्टरकी सुरक्षा बार-बार चर्चा में आई है।

PREV

मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

Ramayana Collection Day 12: 1400 करोड़ क्लब में पहुंची 'रामायणम्', 12वें दिन की इतनी कमाई
Salman Khan Film Monster Teaser: कब आएगा ''मॉन्स्टर' का टीजर? इस दिन मिलेगा खास सरप्राइज!