
भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री काजल राघवानी और अभिनेता खेसारी लाल यादव की जोड़ी पर्दे पर जितनी पसंद की गई, उतनी ही दोनों की निजी जिंदगी भी चर्चा में रही। दोनों के रिश्ते को लेकर लंबे समय से कई तरह की बातें सामने आती रही हैं। अब काजल ने ‘भोजपुरी बवाल’ में अपने पुराने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है और बताया कि आखिर उनका और खेसारी का रिश्ता क्यों टूट गया।
काजल ने बताया कि जब उन्होंने भोजपुरी इंडस्ट्री में कदम रखा, तब खेसारी लाल यादव के साथ उनका रिश्ता बन गया था। उनके मुताबिक, खेसारी उस वक्त उनका बहुत ख्याल रखते थे और उनके साथ रहने पर वह खुद को सुरक्षित महसूस करती थीं। काजल ने यह भी बताया कि खेसारी शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी थे। अभिनेत्री के मुताबिक, खेसारी उन्हें बताते थे कि उनकी पत्नी के साथ उनके रिश्ते अच्छे नहीं हैं। काजल का कहना है कि इन बातों की वजह से वह इस रिश्ते को लेकर इमोशनली जुड़ती चली गईं।
काजल ने अपने पुराने रिश्ते को याद करते हुए कहा कि उन्होंने खेसारी से बेहद प्यार किया था। वह उनके लिए काफी कुछ करती थीं और हर समय उनकी बात मानती थीं। अभिनेत्री के मुताबिक, उन्हें इस रिश्ते में खेसारी पर पूरा भरोसा था। लेकिन समय के साथ चीजें बदलने लगीं। काजल ने दावा किया कि खेसारी उन पर शक करने लगे थे। उन्होंने बताया कि इस वजह से वह काफी परेशान हुईं और एक बार गुस्से और भावनात्मक तनाव में उन्होंने अपना हाथ तक काट लिया था। काजल ने कहा कि इसके बावजूद वह उनसे अलग नहीं हो पाईं। उनके शब्दों में, “प्यार अंधा होता है।” वह रिश्ता बचाने के लिए उनके पीछे तक गईं।
और पढ़ें: 'यहां पे, मैं किस करूंगा...', काजल राघवानी ने किया सेट पर पवन सिंह की मनमानी का शॉकिंग खुलासा!
काजल ने शो में एक और किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि एक बार अपने जन्मदिन पर उन्होंने खेसारी से Mercedes कार और एक फ्लैट देने की बात कही थी।अभिनेत्री के मुताबिक, इस पर उन्हें ऐसा जवाब मिला, जिसने उन्हें काफी प्रभावित किया। काजल ने दावा किया कि खेसारी ने कहा था कि इंसान को उतना ही मुंह खोलना चाहिए, जितनी उसकी औकात हो। काजल के मुताबिक, यह बात भी उनके रिश्ते में आई कड़वाहट की वजहों में से एक बनी।
काजल ने बताया कि उनके रिश्ते में सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब एक दिन खेसारी काम के सिलसिले में बाहर जाने की बात कहकर निकले थे। बाद में किसी ने उन्हें एक वीडियो भेजा, जिसमें खेसारी एक लड़की के साथ नजर आ रहे थे। काजल के मुताबिक, वीडियो देखने के बाद उन्होंने खेसारी से इस बारे में सवाल किया। अभिनेत्री का दावा है कि जवाब में उन्हें कहा गया कि वह लड़की सिर्फ ‘टाइमपास’ है और अगर उन्हें रिश्ते में रहना है तो रह सकती हैं। काजल ने बताया कि इस घटना के बाद उन्होंने रिश्ता खत्म करने का फैसला कर लिया।
रिश्ता खत्म होने के बाद की जिंदगी को लेकर काजल ने कहा कि उन्हें अब लगता है कि अलग होने का फैसला उनके लिए अच्छा था। उन्होंने कहा कि आज उन्होंने जो कुछ हासिल किया है, वह उस रिश्ते से अलग होने के बाद ही कमाया है। काजल ने अपने पुराने रिश्ते को याद करते हुए खुद को एक ‘अंधे कुएं’ में फंसा हुआ बताया और कहा कि वह आखिरकार उससे बाहर निकल आईं। उनकी बातों से साफ है कि इस रिश्ते ने उन्हें भावनात्मक रूप से काफी प्रभावित किया, लेकिन समय के साथ उन्होंने खुद को संभाला और अपनी जिंदगी में आगे बढ़ीं।
काजल राघवानी ने शो में अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक बड़ी खुशखबरी भी दी। अभिनेत्री ने बताया कि वह अगले साल शादी करने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि रिश्ता उनकी और उनके परिवार की तरफ से तय हो चुका है। हालांकि, काजल ने अभी अपने होने वाले जीवनसाथी के नाम का खुलासा नहीं किया है। ऐसे में अब उनके फैंस को इंतजार है कि आखिर वह किसके साथ शादी के बंधन में बंधने वाली हैं।
इसे भी पढ़ें: काजल राघवानी पर भड़के दिनेश लाल निरहुआ, बोले- 'दिमाग सटक गया तो 1 मिनट में औकात बता दूंगा'
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।