
एंटरटेनमेंट डेस्क. भोजपुरी के मशहूर सिंगर और अभिनेता पवन सिंह (Pawan Singh) के कार्यक्रम के दौरान सरेआम पत्थर फिकने का मामला सामने आया है। मामला उत्तर प्रदेश के बलिया के नागरा का है। पवन सिंह वहां सोमवार को हुए एक कार्यक्रम में परफॉर्मेंस देने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने पवन सिंह से अपनी पसंद के गानों की फरमाइश की थी, जिसे उन्होंने पूरा नहीं किया। इसी से नाराज एक शख्स ने पवन सिंह पर पत्थर फेंक दिया, जो उनके गाल पर जाकर लगा।
पवन सिंह ने दी स्टेज से ही चुनौती
घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि जब पवन सिंह स्टेज पर परफॉर्म कर रहे हैं, तभी एक पत्थर हवा में उड़ता हुआ आता है और उनके गाल पर लग जाता है। इस बात से पवन सिंह तिलमिला जाते हैं। उन्होंने ना केवल गाना बीच में रोका, बल्कि स्टेज से ही पत्थर फेंकने वाले को भला-बुरा कहने लगे। पवन सिंह ने स्टेज से ललकारते हुए पूछा कि भीड़ में छुपकर पत्थर मारने वाला ये कौन है। उन्होंने इस शख्स को अपना दुश्मन बताया और चुनौती दी कि अगर दम हो तो छुपकर वार करने की बजाय सामने आकर दिखाए। पवन सिंह ने कहा कि आज तक उन्हें कोई नहीं रोक पाया है और ऐसे पत्थर भी उन्हें नहीं रोक पाएंगे।
चुनौती ने डाला विवाद की आग में घी
पवन सिंह की चुनौती ने पूरे विवाद में आग में घी डालने का काम किया। भड़की भीड़ ने ना केवल वहां कुर्सियां और बैरिकेटिंग तोड़ना शुरू कर दिया, बल्कि वे एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर तक बरसाने लगे। मामले को शांत करने के लिए पुलिस को भीड़ पर लाठी चार्ज करना पड़ा। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद फाइनली हालात पर काबू पाया जा सका। लेकिन पवन सिंह ने फिर स्टेज पर परफॉर्म नहीं किया। हां, सिंगर शिल्पी राज मोर्चा संभाले जरूर नजर आईं। पुलिस के मुताबिक़, फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
विवादित भोजपुरी स्टार की है छवि
आरा, बिहार के रहने वाले पवन सिंह की छवि विवादित भोजपुरी स्टार के रूप में है। 2018 में उनकी पत्नी नीलम ने मुंबई स्थित फ़्लैट में ख़ुदकुशी कर ली थी। उनकी दूसरी शादी भी विवादों में घिरी हुई है। पवन सिंह की दूसरी पत्नी ज्योति उनके खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाते हुए कोर्ट में तलाक की अर्जी लगा चुकी हैं।
और पढ़ें…
उर्फी जावेद ने ब्रा-लेट पहनकर मनाई होली, वायरल वीडियो देख भड़के लोग बोले- बेशर्मी की हद है
कहीं खुलकर लिपलॉक तो कहीं दिखी सेलेब्स की मस्ती, देखें TV कपल की पार्टी की 9 Inside Photos
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।