
सलमान खान (Salman khan) का पॉपुलर रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' शुरू होने से पहले ही सुर्खियों में बना हुआ है। शो के नए सीजन को लेकर लगातार नए-नए नाम सामने आ रहे हैं। अब खबर है कि आईपीएल के पूर्व चेयरमैन और फाउंडर ललित मोदी भी इस सीजन का हिस्सा बन सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो यह शो के सबसे चर्चित कंटेस्टेंट्स में से एक हो सकता है। हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बॉलीवुड बबल के मुताबिक ललित मोदी को 'बिग बॉस 20' में बतौर कंटेस्टेंट शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। यह खबर सामने आने के बाद शो को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है। हालांकि, यह अभी सिर्फ रिपोर्ट्स और सूत्रों पर आधारित जानकारी है। शो के मेकर्स ने ललित मोदी के नाम पर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगाई है। अगर ललित मोदी बिग बॉस के घर में एंट्री लेते हैं तो दर्शकों को उनके करियर, आईपीएल से जुड़े अनुभव और उनकी निजी जिंदगी के बारे में कई बातें जानने का मौका मिल सकता है।
ललित मोदी पिछले करीब 16 साल से भारत से बाहर रह रहे हैं। जुलाई 2026 में उन्होंने भारत लौटने की बात खुद शेयर की थी। उन्हें लंबे समय से भारत में चल रहे कानूनी मामलों का सामना करना पड़ रहा था। हाल ही में आईपीएल-साउथ अफ्रीका फेमा (FEMA) मामले में सफेमा अपीलीय ट्रिब्यूनल (SAFEMA Appellate Tribunal) ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकांश फैसलों और लगाए गए भारी जुर्मानों को खारिज कर दिया है। इसके बाद उनके भारत वापसी का रास्ता साफ हो गया। बता दें कि ललित मोदी को भारतीय क्रिकेट में खास तौर पर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक के तौर पर जाना जाता है। आईपीएल को एक बड़े क्रिकेट ब्रांड के रूप में स्थापित करने में उनकी अहम भूमिका रही है।
माही विज बनेंगी सलमान खान के शो का हिस्सा? 'भाईजान' के दोस्त संग अफेयर की उड़ी थी अफवाह
ललित मोदी की निजी जिंदगी भी काफी समय तक सुर्खियों में रही है। कुछ साल पहले उनकी और एक्ट्रेस सुष्मिता सेन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर खूब चर्चा हुई थी। हालांकि, बाद में दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर अलग-अलग मौकों पर सफाई दी थी।
'बिग बॉस 20' को लेकर कई सितारों के नाम चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स में जेनिफर विंगेट, गीता बसरा, माही विज, सुनील पाल, एलनाज नोरोजी, अंजलि अरोड़ा, जन्नत जुबैर, अर्जुन बिजलानी और पर्ल वी पुरी जैसे नामों का भी जिक्र किया गया है। हालांकि, इनमें से किसी भी नाम की आधिकारिक पुष्टि मेकर्स ने नहीं की है। शो के प्रोमो में सलमान खान की वापसी पहले ही कन्फर्म हो चुकी है। इस बार मेकर्स ने 'एक्स्ट्रा जीवनदान' नाम का नया ट्विस्ट भी पेश किया है, जिससे कंटेस्टेंट्स के गेम का तरीका काफी बदल सकता है।
इसे भी पढ़ें: ‘लाफ्टर शेफ’ के बाद बड़े बजट की फिल्म में Elvish Yadav एंट्री, इन 2 हसीनाओं संग आएंगे नजर
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।