
'370 रुपए बिरयानी' विवाद से घिरे स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे ने एक नया वीडियो जारी कर पूरे मामले पर सफाई दी है। सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में उन्होंने स्वीकार किया कि शो के दौरान दर्शक हिमांशु जांगड़ा द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों को वह रोक सकते थे, लेकिन माहौल और लोगों की प्रतिक्रिया के बीच उनसे गलती हो गई। कॉमेडियन ने ना केवल अपनी चूक मानी, बल्कि सार्वजनिक तौर पर माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि वह कानूनी प्रक्रिया में पूरा सहयोग कर रहे हैं और इस पूरे विवाद को अपने लिए एक सीख के तौर पर देख रहे हैं।
प्रणीत मोरे ने सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में कहा कि उन्हें मिल रही आलोचना और नाराजगी को वह समझते हैं। उन्होंने माना कि शो के दौरान हुई बातचीत में वह स्थिति को बेहतर तरीके से संभाल सकते थे। उन्होंने कहा,
आप सभी ने मेरा क्राउड वर्क वाला वीडियो देखा होगा, जिसके लिए मुझे काफी नफरत मिल रही है और मुझे लगता है कि मैं यह नफरत डिजर्व भी करता हूं। क्योंकि उस लड़के से जब मैं क्राउड वर्क कर रहा था, उसने काफी आपत्तिजनक बातें कहीं, लेकिन सभी लोग उस पर हंस रहे थे। मैं भी बहक गया और मुझसे जजमेंट में चूक हो गई।
कॉमेडियन ने साफ तौर पर स्वीकार किया कि वह मौके पर दखल कर सकते थे और गलत टिप्पणियों को आगे बढ़ने से रोक सकते थे। उन्होंने कहा कि उन्हें उस समय एक स्पष्ट स्टैंड लेना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने माना कि अनजाने में उन्होंने उस व्यक्ति को मंच और अटेंशन दोनों दे दिया, जो उनकी सबसे बड़ी गलती थी।
यह भी पढ़ें : एक बिरयानी, एक डेट और नौकरी गई! क्या है Bigg Boss 19 के प्रणीत मोरे का #370Biryani विवाद?
वीडियो में प्रणीत मोरे ने उन सभी लोगों से माफी मांगी जो इस घटना से आहत हुए।उन्होंने कहा,
जो लोग भी इस वजह से आहत हुए हैं, उन सभी से मैं माफी मांगना चाहता हूं। मेरे खिलाफ जो भी कानूनी प्रक्रिया चल रही है, उसमें मैं पूरी तरह से अधिकारियों का सहयोग कर रहा हूं। मैं सिर्फ इतनी गुजारिश करना चाहता हूं कि कृपया मुझे एक मौका दें, मैं बेहतर इंसान बनकर दिखाऊंगा।
प्रणीत मोरे के मुताबिक यह पूरा विवाद उनके लिए एक बड़ा सबक साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि वह खुद पर काम कर रहे हैं और अपने कंटेंट को भी पहले से ज्यादा जिम्मेदार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। कॉमेडियन ने दावा किया कि आने वाले समय में दर्शकों को उनके काम और सोच में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
हालांकि प्रणीत मोरे ने '370 रुपए बिरयानी' विवाद पर विस्तार से अपनी बात रखी, लेकिन KEM महिला डॉक्टर सेजल पवार से जुड़े विवाद पर उन्होंने अभी तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। महिला डॉक्टर ने प्रणीत के शो में कहा था कि पोस्टमॉर्टम के दौरान वे डेड बॉडी के प्राइवेट पार्ट के साइज पर डिस्कशन कर मजे लेती हैं। इस मुद्दे को लेकर भी सोशल मीडिया पर लगातार बहस और आलोचना जारी है। हालांकि, खुद डॉ. सेजल पवार विवाद पर माफ़ी मांग चुकी हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।