
पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर संग काम करना दिलजीत दोसांझ को भारी पड़ गया है। इसका खामियाजा उन्हें बॉलीवुड की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक 'बॉर्डर 2' से हाथ धोकर चुकाना पड़ा है। जी हां, कम से कम रिपोर्ट्स में तो यह दावा किया जा रहा है। ताजा ख़बरों की मानें तो पंजाबी सिंगर और एक्टर को सनी देओल स्टारर फिल्म से बाहर कर दिया गया है। एक दिन पहले ही फेडरेशन ऑफ़ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने 'बॉर्डर 2' के मेकर्स को एक पत्र लिखकर दिलजीत दोसांझ को फिल्म से निकालने की मांग की थी।
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, FWICE की डिमांड को ध्यान में रखते हुए 'बॉर्डर 2' के मेकर्स ने दिलजीत को फिल्म से निकाल दिया है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह दावा किया जा रहा है कि दिलजीत दोसांझ को 'बॉर्डर 2' से निकालने का फैसला फिल्म के मेकर्स और एक्टर्स ने मिलकर लिया है। बताया जा रहा है कि सभी को यह लगता है कि ‘सरदार जी 3’ पर छिड़े विवाद के बीच दिलजीत दोसांझ को इस फिल्म का हिस्सा नहीं होना चाहिए। हालांकि, अभी तक 'बॉर्डर 2' के मेकर्स या अन्य एक्टर्स की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
खबर के अनुसार, 'बॉर्डर 2' के मेकर्स दिलजीत दोसांझ वाले सीन की शूटिंग फिर से करेंगे। इतना ही नहीं, नए एक्टर के नाम के कयास भी लगने लगे हैं और यह एक्टर पंजाब से ही होगा। कहा जा रहा है कि दिलजीत दोसांझ की जगह अब मेकर्स एमी बिर्क को 'बॉर्डर 2' में लाने पर विचार कर रहे हैं। संभव है कि फिल्म के मेकर्स जल्दी ही इसे लेकर आधिकारिक ऐलान करें।
दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सरदार जी 3' 27 जून को भारत को छोड़कर पाकिस्तान समेत वर्ल्डवाइड रिलीज हुई है। इस फिल्म पर बवाल उस वक्त मच गया था, जब दिलजीत ने इसका ट्रेलर सोशल मीडिया पर जारी किया और अनाउंस किया कि फिल्म को सिर्फ ओवरसीज मार्केट में रिलीज किया जाएगा। 'सरदारजी 3' पर विवाद की वजह इसमें नज़र आ रहीं पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर हैं, जिनकी एंट्री भारत में बैन हैं। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद माना जा रहा था कि दिलजीत उन्हें अपनी फिल्म में रिप्लेस करेंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके अलावा हानिया ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इंडियन आर्मी पर आपत्तिजनक बयान भी दिया था, जिसके बाद से वे लगातार भारतीय दर्शकों के निशाने पर हैं। दिलजीत दोसांझ की फिल्म में उनकी एंट्री पर ना केवल भारतीय दर्शकों, बल्कि फिल्म बिरादरी के भी कई लोगों ने आपत्ति जताई है। फिल्म बॉडी FWICE ने तो हानिया संग काम करने की वजह से दिलजीत दोसांझ के बायकॉट तक करने की मांग कर दी है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।