
'रामायणम्' का टीजर जब से रिलीज हुआ है, सभी की जुबान पर इस फिल्म का नाम छाया हुआ है। डायरेक्टर नितेश तिवारी की इस फिल्म के पहले टीजर में पांच प्रमुख कलाकारों के नाम की पुष्टि कर दी गई है। इनमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल महावीर हनुमान के रोल में नज़र आएंगे। हाल ही में कई सोशल मीडिया ने यश की एक पोस्ट पर कमेंट कर इच्छा जताई थी कि फिल्म में उन्हें रावण नहीं, बल्कि राम का रोल करना चाहिए था। लेकिन क्या आप जानते हैं कि रणबीर कपूर को ही राम का रोल क्यों मिला? इसे लेकर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा का एक इंटरव्यू वायरल हो रहा है।
मुकेश छाबड़ा ने 2024 में रणवीर अल्लाहबादिया के पॉडकास्ट में 'रामायणम्' की कास्टिंग को लेकर बात बात की थी। उन्होंने फिल्म में राम के रोल के लिए रणबीर कपूर की कास्टिंग को लेकर कहा था, "उनके चेहरे में एक मासूमियत है। एक शांति है, जो जरूरी थी। उनके अंदर एक बच्चा है और वो दिखाई देता है।" छाबड़ा के मुताबिक़, राम जैसे दिव्य और सर्वमान्य व्यक्तित्व को दिखाने के लिए किसी भी एक्टर में ये गुण जरूरी थे।
इस बातचीत में मुकेश छाबड़ा ने परफॉर्मेंस को लेकर रणबीर कपूर के कमिटमेंट्स की तारीफ़ की थी। उन्होंने कहा था, "जब एक्टिंग की बात आती है तो आप उन्हें हरा नहीं सकते। वे बेहद नेचुरल है। उन्हें हिट्स या फ्लॉप से फर्क नहीं पड़ता है। वे अपनी दुनिया में जीते हैं। वे बस एक्टिंग करना चाहते हैं।"
'रामायणम्' का निर्माण दो पार्ट्स में किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि फिल्म का पहला पार्ट लगभग शूट भी हो चुका है। मेकर्स जल्दी ही इसके दूसरे पार्ट की शूटिंग करेंगे। नमित मल्होत्रा इस मेगा बजट फिल्म के प्रोड्यूसर हैं। वे इस फिल्म के दोनों पार्ट्स पर लगभग 1600 करोड़ रुपए खर्च कर रहे हैं। पहला पार्ट 900 करोड़ और दूसरा पार्ट 700 करोड़ रुपए में बनाया जा रहा है। फिल्म का पहला पार्ट 2026 और दूसरा पार्ट 2027 में दिवाली के मौके पर रिलीज किया जाएगा।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।