
एंटरटेनमेंट डेस्क. आलिया भट्ट की तरह उनकी मां सोनी राजदान भी बॉलीवुड की खूबसूरत हीरोइन रही हैं। यह बात अलग है कि उन्हें बेटी की जैसी पॉपुलैरिटी नहीं मिल सकी। उन्होंने 'मंडी', 'सारांश', 'डैडी', 'सड़क', 'पेज 3', 'राज़ी' और 'वॉर' जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया है। वैसे सोनी राजदान को अपने एक्टिंग करियर के दौरान कई कड़वे अनुभवों का सामना भी करना पड़ा है। मसलन, एक बार फिल्म के सेट पर उनके साथ रेप की कोशिश हुई थी और इस घटना ने उन्हें झकझोर कर रख दिया था। खुद सोनी राजदान इस बारे में खुलासा कर चुकी हैं।
जब सोनी राजदान के साथ हुई थी रेप की कोशिश
2018 में जब एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर पर सेक्शुअल हैरेसमेंट का आरोप लगाकर बॉलीवुड में #MeToo कैंपेन शुरू किया तो कई एक्ट्रेसेस ने अपनी-अपनी आपबीती सुनाई थी। इनमें सोनी राजदान भी शामिल हैं। उन्होंने एक वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में खुलासा किया था कि एक बार एक फिल्म के सेट पर एक शख्स ने उनका रेप करने की कोशिश की थी। सोनी ने कहा था, "मेरे साथ भी ऐसी ही एक घटना हुई थी। उस वक्त मैं एक फिल्म की शूटिंग कर रही थी। किसी ने मेरा रेप करने की कोशिश की थी। किस्मत से वह इसमें सफल नहीं हो पाया।"
सोनी राजदान ने पुलिस में शिकायत दर्ज क्यों नहीं कराई थी?
सोनी राजदान ने इसी बातचीत में यह भी खुलासा किया था कि उन्होंने इस घटना की पुलिस शिकायत दर्ज क्यों नहीं कराई थी। बकौल सोनी, "आपको मालूम है कि उस वक्त मैंने इस बारे में कुछ क्यों नहीं कहा। सुनने में अजीब लगेगा, लेकिन मुझे लगा कि अगर मैंने इसके खिलाफ मुंह खोला तो उस शख्स को कई सारी समस्याओं का सामना करना पड़ा था। उसका परिवार था, छोटे-छोटे बच्चे थे और उस वक्त मैंने कहा कि ठीक है, वाकई कुछ हुआ नहीं है। मैंने कंट्रोल किया, लेकिन मैंने फिर कभी उससे बात नहीं की। ऐसा नहीं है कि मैंने किसी शर्म या ऐसी किसी और वजह से इस बारे में बात नहीं की। मुझे लगा कि मेरी वजह से उसके परिवार को तकलीफ होगी, जिसे मैं जानती थी।"
अगर सोनी राजदान के साथ ऐसा आज होता तो क्या करतीं?
सोनी ने बातचीत में आगे कहा था कि अगर आज की तारीख में उनके साथ ऐसा हुआ होता तो वे पुलिस में शिकायत दर्ज ज़रूर करातीं। जो उस वक्त उन्होंने सोचा था, वह शायद वे ना सोचतीं।
आलोक नाथ को लेकर भी सोनी राजदान ने किया था शॉकिंग खुलासा
2018 में फिल्म बिरादरी से जुड़े जिन लोगों पर सेक्शुअल हैरेसमेंट का आरोप लगा था, उनमें संस्कारी बाबूजी के नाम से मशहूर आलोक नाथ का नाम भी शामिल था। सोनी राजदान ने इंटरव्यू में आलोक नाथ के व्यवहार पर भी रिएक्शन दिया था। उनका कहना था कि 'हम आपके हैं कौन' के एक्टर आलोक नाथ शराब पीने के बाद कामुक व्यवहार करते थे। बकौल सोनी, "शराब पीने के बाद वे बेहद कामुक व्यवहार करते थे। मैं यह नहीं कहूंगी कि उन्होंने मुझ पर डोरे डाले थे, लेकिन वे जिस तरह मुझे देखते थे, वह मुझे बिल्कुल पसंद नहीं आता था।
वर्क फ्रंट की बात करें तो सोनी राजदान को पिछली बार फिल्म ‘पिप्पा’ में देखा गया था और उनकी अगली फिल्म ‘सॉन्ग्स ऑफ़ पैराडाइज’ है, जो फिलहाल प्रोडक्शन स्टेज में हैं।
और पढ़ें…
कभी सरेआम Kiss किया तो कभी साथ सो भी गए, जब Bigg Boss में बेशर्म हुए कंटेस्टेंट
कौन था Sholay का सबसे महंगा एक्टर, कितनी थी 'जय-वीरू', 'गब्बर' की फीस!
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।