
टीवी अभिनेत्री दीपिका सिंह इन दिनों वृंदावन जर्नी को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़े विवाद के कारण चर्चा में हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें आरोप लगाया गया कि वृंदावन मंदिर में उन्हें और उनके परिवार को VIP ट्रीटमेंट दिया गया, जबकि वहां मौजूद बुजुर्ग श्रद्धालुओं और बच्चों को नजरअंदाज किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर दीपिका सिंह को जमकर ट्रोल किया गया। अब अभिनेत्री ने पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए एक लंबा वीडियो शेयर किया है और दावा किया है कि उनके खिलाफ गलत नैरेटिव बनाया गया है।
दीपिका सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक नया वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने घटना का दूसरा एंगल दिखाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो अधूरा है और लोगों को पूरी सच्चाई नहीं दिखाई गई। अभिनेत्री ने लिखा कि कुछ लोग सिर्फ व्यूज और फॉलोअर्स पाने के लिए गलत तरीके से वीडियो पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी पर बिना पूरी जानकारी के आरोप लगाना सही नहीं है।
और पढ़ें - OTT पर छाए विक्रांत मैसी, ये 7 फिल्में और वेब सीरीज बिल्कुल न करें मिस
दीपिका सिंह ने अपने पोस्ट में दावा किया कि मंदिर में मौजूद सभी श्रद्धालुओं, बच्चों और बुजुर्गों को समान रूप से प्रसाद दिया गया था। उन्होंने लिखा कि उनके वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुजारी सिर्फ उनके परिवार को ही नहीं बल्कि आसपास खड़े अन्य लोगों को भी आशीर्वाद और प्रसाद दे रहे थे। उन्होंने लिखा, ‘असली प्रसाद सही सोच, शुद्ध मन, अहंकार का त्याग और बिना सच्चाई जाने किसी पर उंगली न उठाना है।’
दीपिका सिंह ने उन लोगों पर भी निशाना साधा जिन्होंने उन पर VIP ट्रीटमेंट लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के वीडियो बनाकर कुछ लोग श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, ‘आप और आपके जैसे लोग सिर्फ रील्स बनाकर भक्तों की भावनाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। व्यूज़ और फॉलोअर्स के लिए लोगों को गुमराह मत कीजिए।’ अभिनेत्री ने सवाल उठाया कि यदि छोटे बच्चों को पुजारी ने प्रेम से प्रसाद दे दिया तो क्या यह गलत है? क्या भगवान बच्चों में नहीं बसते?
और पढ़ें - मुनव्वर फारूकी का सेलेब्रिटीज पर निशाना, बोले- ‘हिम्मत और सुविधा में फर्क होता है’
दीपिका द्वारा शेयर किए गए वीडियो में वह अपने पति रोहित राज गोयल, बेटे सोहम और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मंदिर में पूजा करती नजर आती हैं। वीडियो में पुजारी उन्हें फूलों की माला पहनाते हैं, प्रसाद देते हैं और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े प्रतीक स्वरूप बांसुरी भी भेंट करते दिखाई देते हैं। इसके अलावा वीडियो में आसपास मौजूद अन्य श्रद्धालुओं, बच्चों और बुजुर्गों को भी प्रसाद मिलता हुआ नजर आता है। इसी वीडियो को दीपिका ने अपने बचाव के तौर पर साझा किया।
विवाद तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर एक यूजर ने मंदिर का वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि दीपिका सिंह को सेलिब्रिटी होने की वजह से विशेष सम्मान दिया गया। आरोप लगाया गया कि पुजारी उनका और उनके परिवार का विशेष ध्यान रख रहे थे, जबकि लाइन में खड़े बुजुर्ग श्रद्धालुओं और बच्चों को नजरअंदाज किया गया। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर दीपिका सिंह को लेकर बहस शुरू हो गई। कई लोगों ने अभिनेत्री की आलोचना की, जबकि कुछ यूजर्स ने कहा कि बिना पूरा वीडियो देखे किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है।
दीपिका सिंह के स्पष्टीकरण के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की राय बंटी हुई नजर आई। कुछ यूजर्स ने अभिनेत्री का समर्थन करते हुए कहा कि अधूरे वीडियो के आधार पर उन्हें ट्रोल करना गलत था। वहीं कुछ लोग अब भी मानते हैं कि मंदिरों में किसी भी व्यक्ति को VIP ट्रीटमेंट नहीं मिलना चाहिए। फिलहाल दीपिका सिंह ने साफ कर दिया है कि उन्होंने किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं की थी और उनके अनुसार वायरल वीडियो में पूरे घटनाक्रम को सही तरीके से नहीं दिखाया गया।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।