
रणवीर सिंह अपनी दमदार एक्टिंग के साथ किरदार में पूरी तरह ढल जाने के लिए भी जाने जाते हैं। फिल्म 'धुरंधर' में हमजा अली मज़ारी का खतरनाक और ताकतवर लुक पाने के लिए एक्टर ने महज छह हफ्तों में करीब 10 किलो वजन बढ़ाकर सभी को चौंका दिया था। उनके ट्रेनर और फिल्म में रिजवान शाह का किरदार निभाने वाले मुस्तफा अहमद ने इस जबरदस्त बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि रणवीर ने रोजाना हजारों कैलोरी, हाई-प्रोटीन डाइट और बेहद कठिन वर्कआउट रूटीन अपनाया, जिसकी वजह से उनका पूरा लुक बदल गया।
NDTV को दिए इंटरव्यू में मुस्तफा अहमद ने बताया कि फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले रणवीर सिंह के पास केवल छह हफ्तों का समय था। उस दौरान उनका शुरुआती वजन करीब 76-77 किलो था, लेकिन शूटिंग शुरू होते-होते उनका वजन बढ़कर 87-88 किलो पहुंच गया। उनके मुताबिक, सेट पर सभी कलाकारों को इस तरह ट्रेन किया जा रहा था कि स्क्रीन पर उनका व्यक्तित्व बेहद खतरनाक और ताकतवर नजर आए।
यह भी पढ़ें : 'धुरंधर' रणवीर सिंह बॉक्स ऑफिस पर फिर लाएंगे तूफ़ान! इन 4 फिल्मों का सबको बेसब्री से इंतज़ार
मुस्तफा अहमद ने खुलासा किया कि रणवीर सिंह रोजाना 3600 से 4000 कैलोरी लेते थे। उनकी डाइट में भरपूर मात्रा में चिकन, चावल और रेड मीट (मटन) शामिल था। इसके अलावा वह हर दिन लगभग 240 ग्राम प्रोटीन लेते थे। उन्होंने बताया, "वह मुझसे भी ज्यादा खाना खाते थे। जब उन्होंने शुरुआत की थी, तब वह मुझसे ज्यादा दुबले थे। रणवीर की एक खास बात है कि अगर आप उन्हें कुछ करने के लिए कह दें तो वह मशीन की तरह काम करते हैं।"
ट्रेनर के मुताबिक, रणवीर सिंह दिन में दो प्रोटीन शेक पीते थे। हर शेक से उन्हें करीब 600 से 700 कैलोरी मिलती थी। यानी केवल प्रोटीन शेक से ही रोजाना लगभग 1200 से 1500 कैलोरी पूरी हो जाती थी। बाकी कैलोरी हाई-प्रोटीन खाने के जरिए पूरी की जाती थी।
मुस्तफा ने बताया कि रणवीर शूटिंग के दौरान भी टेक के बीच वर्कआउट करते रहते थे ताकि उनका शरीर हर समय किरदार के अनुरूप दिखाई दे। उन्होंने कहा, "वह सिर्फ शरीर फुलाने के लिए वेट ट्रेनिंग नहीं करते। वह इसे एक कलाकार की तरह अपनाते हैं। उन्हें समझ आ गया है कि इससे उनकी सांस लेने की क्षमता बेहतर होती है, शरीर मजबूत बनता है और किरदार में गहराई आती है।"
फिल्म में रणवीर सिंह पहले हमजा अली मज़ारी के रूप में नजर आते हैं, जिसका व्यक्तित्व बेहद खतरनाक और ताकतवर दिखाया गया है। कहानी के आखिर में खुलासा होता है कि वह भारतीय जासूस जसकीरत सिंह रांगी का भी किरदार निभा रहे हैं। इस दूसरे किरदार के लिए उन्हें काफी वजन भी कम करना पड़ा। मुस्तफा अहमद ने बताया कि वह इससे पहले भी रणवीर सिंह को 'पद्मावत' में अलाउद्दीन खिलजी के किरदार के लिए ट्रेन कर चुके हैं। उस फिल्म के लिए एक्टर ने वजन बढ़ाया था। वहीं 'गली बॉय' साइन करने के बाद उन्होंने फिर तेजी से वजन घटाया और बिल्कुल अलग लुक अपनाया।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।