Dipika Kakar Daily Soap Comeback: टीवी सीरियल्स से घर-घर में पहचान बनाने वाली दीपिका के फैंस लंबे समय से उनकी टीवी पर वापसी का इंतजार कर रहे हैं। अब एक्ट्रेस ने खुद बताया है कि फिलहाल वह डेली सोप में वापसी क्यों नहीं कर सकतीं।
टीवी पर वापसी क्यों नहीं कर रहीं दीपिका कक्कड़? एक्ट्रेस ने खुद बताई वजह
टीवी की फेमस एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ लंबे समय से पर्दे से दूर हैं। ‘ससुराल सिमर का’ और ‘कहां हम कहां तुम’ जैसे सीरियल्स से घर-घर में पहचान बनाने वाली दीपिका के फैंस लंबे समय से उनकी टीवी पर वापसी का इंतजार कर रहे हैं। अब एक्ट्रेस ने खुद बताया है कि फिलहाल वह डेली सोप में वापसी क्यों नहीं कर सकतीं। दीपिका इस समय अपने इलाज से गुजर रही हैं और इसी वजह से उनके लिए लंबे समय तक लगातार शूटिंग करना मुश्किल है। हालांकि, उन्होंने काम से पूरी तरह दूरी नहीं बनाई है। हाल ही में वह अपने पति शोएब इब्राहिम के साथ एक म्यूजिक वीडियो की शूटिंग कर रही हैं।
26
इलाज के बीच म्यूजिक वीडियो कर रही हैं दीपिका
दीपिका कक्कड़ ने हाल ही में अपने व्लॉग में बताया कि वह डांस रिहर्सल के लिए जा रही थीं। इसके बाद उन्होंने बताया कि वह शोएब इब्राहिम के साथ एक म्यूजिक वीडियो के लिए शूटिंग कर रही हैं। दीपिका ने समझाया कि एक दिन की शूटिंग उनके लिए संभव है, लेकिन डेली सोप की लगातार और लंबे समय तक चलने वाली शूटिंग फिलहाल उनके लिए काफी मुश्किल होगी। उनके इलाज के दौरान होने वाले साइड इफेक्ट्स भी इसकी एक बड़ी वजह हैं।
36
‘मुझे नहीं लगता मैं डेली सोप कर पाऊंगी’
टीवी पर वापसी को लेकर बात करते हुए दीपिका ने कहा कि उनकी मौजूदा हालत को देखते हुए वह डेली सोप नहीं कर पाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि इलाज के बीच किसी निर्माता के लिए उन्हें लगातार शूटिंग वाले प्रोजेक्ट में लेना भी मुश्किल हो सकता है। दीपिका ने कहा, “इस वक्त मेरी कंडीशन देखते हुए डेली तो मुझे नहीं लगता मैं कर पाऊंगी। और जाहिर है, ऐसे इलाज के साथ कोई मुझे कास्ट क्यों करेगा? इसमें कोई सोचने वाली बात ही नहीं है, क्योंकि इलाज है, साइड इफेक्ट्स होते हैं।” हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि एक गाने के लिए एक दिन की शूटिंग वह संभाल सकती हैं। दीपिका के मुताबिक, एक दिन का शूट मैनेज किया जा सकता है, इसलिए वह फिलहाल छोटे प्रोजेक्ट्स के जरिए काम से जुड़ रही हैं।
46
‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ’ में आखिरी बार आई थीं नजर
दीपिका कक्कड़ को आखिरी बार ‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ 2025’ में देखा गया था। हालांकि, अपनी तबीयत से जुड़ी परेशानियों के चलते उन्हें यह शो बीच में ही छोड़ना पड़ा था। वहीं, उनका आखिरी पूरा डेली सोप ‘कहां हम कहां तुम’ था, जो 2019 में आया था। इसके बाद उन्होंने कई दूसरे प्रोजेक्ट्स और रियलिटी शो में काम किया, लेकिन डेली सोप से दूरी बनी रही।
56
2025 में हुई थी 14 घंटे लंबी सर्जरी
दीपिका की सेहत को लेकर साल 2025 उनके लिए काफी मुश्किल रहा। रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2025 में उनके लिवर में स्टेज 2 का ट्यूमर पाया गया था, जिसके बाद उनकी करीब 14 घंटे लंबी सर्जरी हुई थी। इसके बाद से दीपिका अपने इलाज और रिकवरी पर ध्यान दे रही हैं। 2026 में उनके पति शोएब इब्राहिम ने भी बताया था कि दीपिका का इम्यूनोथेरेपी इलाज शुरू हो चुका है और वह डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उपचार करा रही हैं।
66
टीवी पर वापसी को लेकर पहले भी कर चुकी हैं बात
दीपिका की टीवी पर वापसी को लेकर पिछले साल भी कई तरह की खबरें सामने आई थीं। जुलाई 2025 में ऐसी रिपोर्ट्स आई थीं कि वह अभिनेता विवियन डीसेना के साथ एक नए शो में नजर आ सकती हैं। हालांकि, ये खबरें आधिकारिक तौर पर कन्फर्म नहीं हुई थीं। बाद में एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए दीपिका ने खुद कहा था कि वह टीवी पर वापसी करना चाहती हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें अपने डॉक्टर की मंजूरी का इंतजार करना होगा। उन्होंने बताया था कि उनका शुरुआती प्लान अपने बेटे रूहान की फीडिंग बंद होने के बाद काम पर लौटने का था।
डॉक्टर की हरी झंडी के बाद करेंगी वापसी
दीपिका ने पहले भी साफ किया था कि वह एक्टिंग में वापसी करना चाहती हैं। लेकिन उनकी प्राथमिकता इस समय उनका इलाज और रिकवरी है। उनका कहना था कि जब डॉक्टर उन्हें काम करने के लिए हरी झंडी देंगे, तब वह टीवी पर वापसी की योजना बनाएंगी। यानी फिलहाल दीपिका डेली सोप से दूरी बनाए रखेंगी, लेकिन छोटे प्रोजेक्ट्स के जरिए काम से जुड़ने की कोशिश कर रही हैं। शोएब के साथ उनका म्यूजिक वीडियो इसी दिशा में एक कदम है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।