Khesari Lal Yadav Event Viral Video: नालंदा में तिलक समारोह के दौरान खेसारी लाल यादव के शो में भीड़ बेकाबू हो गई। इस दौरान जमकर कुर्सियां चलीं और भगदड़ मच गई।

Khesari Lal Yadav Nalanda Event Ruckus: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव का एक लाइव शो देखते ही देखते भारी हंगामे और भगदड़ में बदल गया। बिहार के नालंदा जिले में सोमवार, 16 नवंबर की रात एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान फैंस अपने चहेते स्टार को करीब से देखने के लिए इस कदर बेकाबू हो गए कि सुरक्षा के सारे इंतजाम ध्वस्त हो गए। सोशल मीडिया पर इस घटना के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। जिसमें खेसारी स्टेज पर शर्ट उतारकर परफॉर्म करते दिख रहे हैं और फिर बेकाबू भीड़ कुर्सियां फेंकती और भगदड़ मचाती नजर आ रही है।

खेसारी लाल के शर्ट उतारते ही मच गया कोहराम

सोमवार की रात नालंदा के इस्लामपुर के शेखल्ली गांव में रहने वाले चंद्रशेखर प्रसाद के घर तिलक समारोह था। इस खुशी के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम रखा गया था, जिसमें परफॉर्म करने के लिए खेसारी लाल यादव पहुंचे थे। जैसे ही इलाके में खेसारी के आने की खबर फैली, आसपास के गांवों से हजारों लोग वहां पहुंच गए। जितनी भीड़ का अंदाजा लगाया गया था, उससे कहीं ज्यादा लोग पहुंच गए। परफॉर्मेंस के दौरान जब खेसारी लाल यादव ने स्टेज पर अपनी शर्ट उतारी, तो फैंस जोर-जोर से शोर मचाने लगे। हर कोई स्टेज के बिल्कुल करीब जाकर अपने स्टार की झलक पाना चाहता था। इसी होड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

Scroll to load tweet…

हवा में उड़ीं कुर्सियां, बीच में रोकना पड़ा खेसारी का शो

कुछ ही मिनटों में माहौल पूरी तरह बेकाबू हो गया। भीड़ ने आगे बढ़ने के चक्कर में सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़ डाली और पंडाल में रखी कुर्सियां उठा-उठाकर फेंकनी शुरू कर दीं। चारों तरफ भगदड़ जैसे हालात बन गए और कई कुर्सियां टूट गईं। स्थिति को बिगड़ता देख आयोजकों को सुरक्षा कारणों से शो को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा।

Scroll to load tweet…

भीड़ की हरकत पर भड़के खेसारी, बोले- 'मैं इतना सस्ता नहीं हूं'

लोगों के इस हुड़दंग और बदइंतजामी से खेसारी लाल यादव काफी नाराज दिखे। उन्होंने माइक से ही बेकाबू भीड़ को फटकार लगाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। खेसारी ने कहा, 'मैं इतना सस्ता नहीं हूं। छठ का पर्व खत्म करके आप लोगों के बीच आया हूं और आप लोग इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं।'

पुलिस लेगी एक्शन

हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस बल और मजिस्ट्रेट ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को शांत कराया और हालात पर काबू पाया। हिलसा DSP-2 कुमार ऋषिराज ने बताया कि कार्यक्रम की पहले से जानकारी होने के कारण वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात था। लेकिन तोड़फोड़ और उपद्रव को प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। इस्लामपुर थाने में इस मामले को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब कार्यक्रम के वायरल वीडियो और CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि कुर्सियां तोड़ने और हंगामा करने वालों की पहचान कर उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।