मदद के नाम पर शरद कपूर के वीडियो बनाए जाने से अभिनेता परेशान हैं। उन्होंने अब लोगों से मिलना बंद करने की बात कही है, वहीं बेजुबान ट्रस्ट ने फर्जी डोनेशन अकाउंट्स से सावधान किया है।
मुश्किल वक्त में किसी की मदद करना अच्छी बात है, लेकिन क्या मदद के नाम पर उसकी परेशानी को सोशल मीडिया का तमाशा बना देना सही है? अभिनेता शरद कपूर इन दिनों इसी वजह से परेशान हैं। उन्होंने एक नए वीडियो में बताया कि कुछ लोग उन्हें जबरन पैसे देकर वीडियो बनाते हैं और फिर पैसे वापस ले लेते हैं। इस घटना के बाद उन्होंने लोगों से मिलना बंद करने की बात कही है। शरद की दोस्त और बेजुबान ट्रस्ट से जुड़ी हेमा चौधरी ने भी लोगों से अपील की है कि वे अभिनेता को परेशान न करें और उन्हें इलाज का मौका दें।
मदद के नाम पर क्या हुआ, जिससे परेशान हुए शरद कपूर?
17 नवंबर को शेयर किए गए वीडियो में शरद कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री, अपने फैंस और मदद के लिए आगे आए लोगों का शुक्रिया अदा किया। लेकिन उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर उनके साथ हुई मुलाकातों को लेकर गलत चीजें दिखाई जा रही हैं। शरद के मुताबिक, कुछ लोग उनके हाथ में पैसे थमाते हैं, वीडियो रिकॉर्ड करते हैं और फिर पैसे वापस ले लेते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि कौन क्या कर रहा है। इन घटनाओं के बाद अब वह लोगों से मिलना नहीं चाहते।
यह भी पढ़ें : आर्थिक तंगी से जूझ रहे शरद कपूर का पैसे लेते हुए वीडियो वायरल? जानिए क्या है मामला
शरद कपूर की दोस्त की गुहार- उन्हें परेशान मत कीजिए
बेजुबान ट्रस्ट की हेमा चौधरी ने भी लोगों से शरद की निजता का सम्मान करने को कहा है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में वह शरद की हालत को ज्यादा सार्वजनिक नहीं करना चाहती थीं, क्योंकि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और वह मानसिक रूप से भी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। हेमा ने कहा कि उनका मकसद मदद जुटाना था, न कि अभिनेता की हालत को सोशल मीडिया का तमाशा बनाना। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग शरद के अस्थिर होने के बावजूद उनसे जबरन बाइट ले रहे हैं। हेमा के मुताबिक, अभिनेता को फिलहाल मेडिकल देखभाल की जरूरत है, जिसका इंतजाम किया जा रहा है।
हेमा ने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि शरद ने उनसे कहा था कि एक अनजान व्यक्ति ने जबरन उनके हाथ में पैसे दिए, वीडियो बनाया और फिर रकम वापस ले ली। उन्होंने लोगों से अपील की कि शरद के नाम पर डोनेशन रील बनाना बंद करें और उन्हें आराम करने दें।
बेजुबान ट्रस्ट ने फर्जी अकाउंट्स से किया सावधान
बेजुबान ट्रस्ट के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से भी सफाई जारी की गई है। ट्रस्ट ने कहा कि शरद कपूर के नाम से चल रहे डोनेशन अकाउंट्स से उसका कोई संबंध नहीं है और ऐसे अकाउंट फर्जी हैं। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान अकाउंट के कहने पर पैसे न भेजें।
यह भी पढ़ें : Sharad Kapoor Comeback News: बदहाली के बीच शरद कपूर को मिला काम, फैन्स को दी यह खुशखबरी!
चार पालतू कुत्तों से दूर होने के बाद चर्चा में आए थे शरद कपूर
शरद की हालत तब चर्चा में आई, जब उनके चार पालतू कुत्तों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजा गया। इस दौरान अभिनेता का भावुक वीडियो वायरल हुआ था। बाद में ट्रस्ट ने उनका एक और वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने डिप्रेशन से जूझने, आर्थिक मदद और फिल्म इंडस्ट्री में काम मिलने की अपील की थी।








