Sharad Kapoor Emotional Video: शरद कपूर ने भावुक वीडियो में फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए जनवरी से काम पर लौटने का वादा किया। पैर की चोट से उबर रहे एक्टर जल्द अपने कुत्तों को भी घर लाना चाहते हैं।
'जोश' में शाहरुख खान के साथ नजर आ चुके एक्टर शरद कपूर जल्द ही एक्टिंग की दुनिया में वापसी की तैयारी कर रहे हैं। शारीरिक और मानसिक मुश्किलों से गुजर रहे शरद ने अब एक वीडियो शेयर कर अपने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनवरी में वह फिर से काम शुरू करेंगे और किसी को निराश नहीं करेंगे। फुटबॉल खेलते समय बार्सिलोना में लगी चोट के कारण फिलहाल उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है। शरद को उम्मीद है कि वह जल्द स्वस्थ होकर अपने चारों पालतू कुत्तों को भी वापस घर ले आएंगे।
फैंस के लिए क्या बोले शरद कपूर
बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट के साथ साझा किए गए इंस्टाग्राम वीडियो में शरद ने मुश्किल समय में साथ देने वाले लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा, “तो मैं अपने फैंस से कहना चाहूंगा कि आप सभी का बहुत-बहुत शुक्रिया। भगवान आप लोगों को हमेशा खुश रखे। बस इतना प्यार बनाए रखिएगा।” इसके बाद उन्होंने अपनी वापसी का वादा करते हुए कहा,
मैं कभी आप लोगों को निराश नहीं करूंगा। जनवरी में मैं रॉकस्टार की तरह काम शुरू करूंगा और वैसा ही रहूंगा। आप सभी का बहुत-बहुत शुक्रिया।
शरद कपूर ने नए इंस्टाग्राम अकाउंट पर मांगा साथ
शरद ने इंस्टाग्राम पर एक दूसरी पोस्ट के जरिए भी लोगों से मुश्किल वक्त में प्यार और हौसला बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर उनका नया अकाउंट है और इस नई शुरुआत में साथ देने वाले सभी लोगों के वह आभारी हैं। एक्टर ने लिखा,
भगवान ऊपर से सबकुछ देख रहे हैं। उन्हें पता है कि आपके मुश्किल समय में कौन आपके साथ खड़ा रहता है और कौन जरूरत पड़ने पर आपको छोड़ देता है। वक्त हर किसी की असली मंशा सामने ला देता है। मेरे साथ खड़े रहने वाले सभी लोगों का शुक्रिया। आप सभी को ढेर सारा प्यार और सम्मान।
शरद कपूर को बार्सिलोना में कैसे लगी चोट?
'हिंदुस्तान टाइम्स' को दिए इंटरव्यू में शरद ने बताया कि बार्सिलोना में फुटबॉल खेलते समय उनका पैर दूसरे खिलाड़ी के पैर से टकरा गया था। इस टक्कर से उन्हें गंभीर चोट आई। डॉक्टर आनंद जोशी ने उन्हें फिलहाल बेड रेस्ट की सलाह दी है। चोट के कारण वह अपने चार पालतू कुत्तों की देखभाल नहीं कर पा रहे थे। इसलिए उन्हें कुछ समय के लिए एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजना पड़ा। शरद का कहना है कि यह स्थायी इंतजाम नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि करीब दो महीने में उनकी हालत बेहतर हो जाएगी। एक्टर ने कहा,
मैं ठीक हो जाऊंगा और दो महीने में फिर से अपनी पुरानी फिटनेस हासिल कर लूंगा। मैं अपने पालतू जानवरों को भी वापस घर लाना चाहता हूं। अभी उनकी देखभाल नहीं कर पा रहा हूं, इसलिए यह सिर्फ अस्थायी इंतजाम है।








