OTT Releases This Week: 18 से 20 नवंबर के बीच OTT पर 'मैडेन', 'गार्डिंग स्टार्स', 'द अल्ट्रूइस्ट्स' और 'ढिंढोरा 2' समेत कई नई फिल्में और सीरीज दस्तक देंगी। जानिए रिलीज डेट, कास्ट और प्लेटफॉर्म।
नवंबर का तीसरा हफ्ता OTT दर्शकों के लिए काफी दिलचस्प रहने वाला है। 18 से 20 नवंबर के बीच नेटफ्लिक्स, अमेजन प्राइम वीडियो और जियोहॉटस्टार पर कई नई फिल्में और सीरीज रिलीज होंगी। कहीं निकोलस केज अमेरिकी फुटबॉल दिग्गज जॉन मैडेन के किरदार में नजर आएंगे, तो कहीं क्रिप्टो की दुनिया के चर्चित नामों की कहानी दिखाई जाएगी। इसके अलावा भुवन बाम अपने मशहूर किरदार टीटू मामा के साथ लौटेंगे और पर्सी जैक्सन का नया एडवेंचर भी शुरू होगा। आइए जानते हैं इस हफ्ते क्या-क्या देख सकते हैं।
18 नवंबर: कौन-सी नई फिल्में और सीरीज होंगी रिलीज?
- 'मैडेन' (Madden): यह स्पोर्ट्स बायोग्राफिकल ड्रामा अमेजन प्राइम वीडियो पर आएगी। डेविड ओ. रसेल के निर्देशन में बनी फिल्म में निकोलस केज फुटबॉल कोच जॉन मैडेन और क्रिश्चियन बेल एल डेविस के किरदार में हैं। कैथरीन हॉन, सिएना मिलर और जॉन मुलैनी भी अहम भूमिकाओं में हैं। कहानी कोच से वीडियो गेम आइकन बनने तक मैडेन के सफर पर आधारित है।
- 'गार्डिंग स्टार्स' (Guarding Stars): नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली यह हॉलिडे रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म है। लीटन मिस्टर एक सख्त बॉडीगार्ड और जेरेड पाडालेकी एक मशहूर एक्शन स्टार की भूमिका में हैं। एंडी मैकडॉवेल भी फिल्म का हिस्सा हैं। कहानी में बॉडीगार्ड को जिस स्टार की सुरक्षा की जिम्मेदारी मिलती है, उसके साथ धीरे-धीरे रोमांस शुरू हो जाता है।
- 'मिस्टर एंड मिसेज ऑफिस' (Mr & Mrs Office): यह तमिल वर्कप्लेस कॉमेडी सीरीज जियोहॉटस्टार पर आएगी। इसमें प्रदीप एंटनी और स्नेहा मणिमेगलाई अरिवु और ऐश्वर्या बने हैं। शादीशुदा होने के बावजूद दोनों एक ही आईटी कंपनी में काम करते हैं और ऑफिस में अपने रिश्ते को छिपाने की कोशिश करते हैं।
- 'कैंपस डायरीज सीजन 2' (Campus Diaries Season 2): प्राइम वीडियो और एमएक्स प्लेयर बाय प्राइम वीडियो पर आने वाली यह कॉलेज ड्रामा, रोमांस और कॉमेडी सीरीज है। हर्ष बेनीवाल, ऋत्विक सहोर, सलोनी गौर, सृष्टि गांगुली रिंदानी और अभिनव शर्मा फिर एक्सेल यूनिवर्सिटी के दोस्तों के रूप में लौटेंगे।
19 नवंबर: क्रिप्टो की दुनिया की कौन-सी कहानी आएगी?
- 'द अल्ट्रूइस्ट्स' (The Altruists): नेटफ्लिक्स की यह आठ एपिसोड वाली क्राइम-ड्रामा लिमिटेड सीरीज 19 नवंबर को रिलीज होगी। जूलिया गार्नर और एंथनी बॉयल इसमें कैरोलिन एलिसन और सैम बैंकमैन-फ्राइड बने हैं। कहानी क्रिप्टो कंपनी एफटीएक्स के उत्थान और पतन तथा दोनों से जुड़े अरबों डॉलर की कथित धोखाधड़ी के मामले पर आधारित है।
20 नवंबर: कौन-सी फिल्में और सीरीज आएंगी?
- 'स्टेप्स' (Steps): नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली यह एनिमेटेड फैंटेसी-कॉमेडी फिल्म सिंड्रेला की कहानी को नए नजरिए से दिखाती है। अली वोंग, अमांडा सेफ्राइड और स्टेफनी सू ने किरदारों को आवाज दी है। निकी ग्लेजर और बेट मिडलर भी वॉइस कास्ट में शामिल हैं।
- 'ढिंढोरा सीजन 2' (Dhindora Season 2): भुवन बाम की कॉमेडी-ड्रामा सीरीजनेटफ्लिक्स पर लौटेगी। भुवन टीटू मामा समेत कई किरदार निभाएंगे। संजीदा शेख कविता मामी और कंवलजीत सिंह उनके ससुर के किरदार में नजर आएंगे। कहानी में टीटू मामा के कर्ज और ससुराल से रिश्ते सुधारने की कोशिशें नया बवाल खड़ा करेंगी।
- 'पर्सी जैक्सन एंड द ओलंपियंस सीजन 3' (Percy Jackson and the Olympians Season 3): यह फैंटेसी-एडवेंचर सीरीज जियोहॉटस्टार पर आएगी। वॉकर स्कोबेल, लीह सावा जेफ्रीज और आर्यन सिम्हाद्री अपने पुराने किरदारों में लौटेंगे। यह सीजन रिक रिओर्डन की किताब 'द टाइटन्स कर्स' पर आधारित है। कहानी में पर्सी, एनाबेथ को बचाने के मिशन पर निकलेगा।








