Amitabh Bachchan Death Threat : विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लन ने बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को जान से मारने की खुली धमकी दी है। उसने मुंबई में 200 शूटर तैयार होने का दावा करते हुए कहा कि बुलेटप्रूफ सुरक्षा भी उन्हें नहीं बचा पाएगी। आखिर कौन है गोल्डी ढिल्लन और बच्चन परिवार को धमकी देने के पीछे क्या है पूरा मामला?
विदेश में बैठकर भारत में आपराधिक नेटवर्क चलाने वाले गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लन ने अब बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को निशाना बनाने की धमकी दी है। सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट और कथित ऑडियो में उसने कहा कि दोनों को बुलेटप्रूफ सुरक्षा भी नहीं बचा पाएगी। गोल्डी ने 1984 के सिख दंगों का जिक्र करते हुए बदला लेने की बात कही है। यह धमकी ऐसे समय आई है, जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उसके दो कथित साथियों विकास ठाकुर और दीपक सिंह को गिरफ्तार किया है।
कौन है गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लन?
गोल्डी ढिल्लन का असली नाम गुरप्रीत सिंह बताया जाता है। वह पंजाब के पटियाला जिले के राजपुरा का रहने वाला है। उसका नाम लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ से जुड़े आपराधिक नेटवर्क में सामने आता रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने शुरुआत में गोल्डी बराड़ के साथ काम किया और बाद में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नेटवर्क से जुड़ गया।
गोल्डी ढिल्लन पर रंगदारी, फायरिंग और टारगेट किलिंग जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। पंजाब, चंडीगढ़ और विदेशों में सक्रिय उसके नेटवर्क की जांच अलग-अलग एजेंसियां करती रही हैं। वह एनआईए की जांच वाले चंडीगढ़ के सेक्टर-5 फायरिंग मामले में भी आरोपी है। जुलाई 2026 में उसके स्पेन में पकड़े जाने की खबर सामने आई थी।
अमिताभ-अभिषेक को क्यों दी धमकी?
- गोल्डी ढिल्लन ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने उसके दो साथियों विकास ठाकुर और दीपक सिंह को गिरफ्तार किया है, लेकिन इससे उसकी गतिविधियां नहीं रुकेंगी। उसने मुंबई में अपने 200 साथियों के सक्रिय होने का दावा भी किया।
- पोस्ट में 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए उसने कहा कि उन घटनाओं के जिम्मेदार लोगों को माफ नहीं किया जाएगा। इसी सिलसिले में उसने अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन का नाम लेते हुए धमकी दी कि बुलेटप्रूफ केबिन में रहने के बावजूद उन्हें निशाना बनाया जाएगा।
अमिताभ के घर के बाहर हमले की साजिश
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी बताया गया है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित घर जलसा के बाहर फायरिंग की साजिश रची जा रही थी। पुलिस इस मामले में आरोपियों की भूमिका और धमकी के पीछे के नेटवर्क की जांच कर रही है।
हालांकि, गोल्डी ढिल्लन की सोशल मीडिया पोस्ट और उसमें किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। धमकी की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों की जांच अहम हो गई है।










