'रामायणम्' के बजट पर जारी बहस के बीच राम गोपाल वर्मा ने नमित मल्होत्रा का बचाव किया है। उन्होंने फिल्म की लागत और दूसरे पार्ट की कमाई को लेकर बड़ा दावा किया।

नितेश तिवारी की 'रामायणम्' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन के साथ सीता के योद्धा रूप और कास्टिंग को लेकर बहस में भी है। इस बीच फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने फिल्म की तारीफ करने के साथ इसके बजट पर बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि फिल्म की लागत को लेकर चल रही चर्चाएं वास्तविकता से अलग हो सकती हैं। उन्होंने निर्माता नमित मल्होत्रा की रणनीति का बचाव करते हुए दूसरे पार्ट की कमाई को लेकर भी बड़ी भविष्यवाणी की है। वर्मा के इन बयानों ने फिल्म के बजट और उसकी कमाई की बहस को फिर हवा दे दी है।

'रामायणम्' को लेकर एक्साइटेड राम गोपाल वर्मा की मां

  • राम गोपाल वर्मा ने रविवार को एक्स पर एक पोस्ट साझा कर 'रामायणम्' की सफलता और निर्माता नमित मल्होत्रा की रणनीति की तारीफ की।
  • उन्होंने बताया कि उनकी मां भी फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं और अपने अपार्टमेंट के घरेलू नौकर-नौकरानियों और सुरक्षा गार्डों के लिए टिकट खरीद रही हैं। वर्मा ने लिखा,

मेरी बेहतरीन फिल्मों के लिए भी उन्होंने ऐसा नहीं किया था, लेकिन मेरी मां नमित मल्होत्रा की 'रामायणम्' के टिकट उस बिल्डिंग में रहने वाले घरेलू नौकरों, चौकीदारों और दूसरे लोगों के लिए खरीद रही हैं, जहां वह रहती हैं। इतनी जबरदस्त दीवानगी के बावजूद, जो फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी हिट बनाने की ओर बढ़ रही है, कई लोग जलन में शोर मचा रहे हैं कि इसकी कमाई काफी नहीं है, क्योंकि दोनों फिल्मों को मिलाकर 4,000 करोड़ रुपए कमाने चाहिए।

'रामायणम्' के बजट को लेकर राम गोपाल वर्मा का दावा

  • वर्मा ने दावा किया कि फिल्म के पहले पार्ट की वास्तविक लागत 800 करोड़ रुपए से थोड़ी कम है। उन्होंने लिखा,

मुझे पता चला है कि पहले पार्ट की वास्तविक लागत 800 करोड़ रुपए से थोड़ी कम है। इसमें आपसी फायदे वाले समझौते, ग्लोबल टैक्स बेनिफिट और सब्सिडी जैसे पहलू भी शामिल हैं, जिनसे आखिरकार लागत और कम हो जाएगी। सिर्फ मैं ही नहीं, कोई भी अनुभवी फिल्ममेकर फिल्म देखकर समझ सकता है कि इसकी लागत इससे ज्यादा नहीं हो सकती। दोनों पार्ट का बजट बराबर मानना भी बेवकूफी है। यह ऐसा है जैसे किसी फिल्म के इंटरवल से पहले और बाद का खर्च बराबर मान लेना। मैंने ऐसी फिल्में देखी हैं जिनकी आधी लागत सिर्फ क्लाइमैक्स पर खर्च हुई।

पहले पार्ट से निकल आएगी 'रामायणम्' के दोनों पार्ट की कमाई

  • वर्मा के मुताबिक, 'रामायणम्' पर होने वाले खर्च का बड़ा हिस्सा फिल्म की विशाल दुनिया तैयार करने में लगा है।
  • उनका मानना है कि इस दुनिया का इस्तेमाल आगे गेमिंग, दूसरे कारोबारी उपक्रमों और फिल्म के दूसरे पार्ट में भी किया जा सकता है। यानी उनके हिसाब से यह खर्च सिर्फ एक फिल्म तक सीमित नहीं रहेगा।
  • उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन के दम पर नमित मल्होत्रा पहले पार्ट की कमाई से पहली फिल्म या संभव है कि दोनों पार्ट की लागत भी निकाल लें।
  • इसके बाद पहले पार्ट की नॉन-थिएट्रिकल कमाई और दूसरे पार्ट से होने वाली आय अलग होगी। वर्मा ने नमित को भारतीय फिल्म इतिहास का सबसे बड़ा मेगा फिल्ममेकर बताते हुए लिखा,

मुझे नहीं पता कि वाल्मीकि जी या तुलसीदास जी ने अपना काम पूरा करने के बाद क्या किया था, लेकिन यह निर्विवाद है कि अब नमित मल्होत्रा भारतीय सिनेमा के इतिहास के सबसे बड़े मेगा फिल्ममेकर होंगे। अगर किसी को शक है तो हिसाब लगा लीजिए।

Scroll to load tweet…

Ramayana 2 की कमाई को लेकर क्या बोले राम गोपाल वर्मा?

  • राम गोपाल वर्मा ने दूसरे पार्ट की कमाई को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की। वर्मा ने लिखा,

दूसरे पार्ट में सबसे शानदार एक्शन दृश्य होंगे, जिनकी शुरुआत हनुमान के कारनामों, वानर सेना, राम सेतु, लंका दहन, लंका में सीता, कुंभकर्ण के वध, रावण वध और ऐसे ही कई दूसरे प्रसंगों से होगी। नमित मल्होत्रा की रणनीति, कारोबारी समझ, रचनात्मक सोच और दूरदृष्टि को देखते हुए मुझे पूरा भरोसा है कि अगर 'केजीएफ 2' ने 'केजीएफ 1' से करीब पांच गुना ज्यादा कमाई की थी, तो 'रामायणम् 2' पहले पार्ट से 10 गुना ज्यादा कमाई करेगी। अगर आपको मेरी बात पर भरोसा नहीं है, तो 2028 में बात करेंगे।