Casting Couch : करियर बनाने निकली इस एक्ट्रेस के साथ अंधेरी रात में ऐसा क्या हुआ कि वह बुरी तरह डर गईं? एक डायरेक्टर की ऐसी डिमांड ने उन्हें अंदर तक हिला दिया, सालों बाद अब देबिना बनर्जी ने सुनाई उस रात की पूरी कहानी।
टीवी की दुनिया में नाम कमाने के पीछे कलाकारों को कई तरह के मुश्किल दौर से गुजरना पड़ता है। खासकर फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में नई पहचान बनाने आई लड़कियों के लिए कई बार हालात काफी असहज हो जाते हैं। ऐसी ही एक घटना का जिक्र एक्ट्रेस देबिना बनर्जी ने किया है। उन्होंने बताया कि करियर के शुरुआती दिनों में एक डायरेक्टर ने उनके सामने ऐसी गंदी मांग रख दी थी, जिसे सुनकर वह डर गई थीं।
देबिना ने यह बात मनीषा रानी के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान बताई। जब मनीषा ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें कभी कास्टिंग काउच जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा है, तो एक्ट्रेस ने अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया।
साउथ इंडस्ट्री में काम के दौरान हुआ था अनुभव
- देबिना ने बताया कि यह मामला उस समय का है, जब वह अपने करियर की शुरुआत कर रही थीं और साउथ इंडस्ट्री में काम करती थीं। उस वक्त उन्हें इंडस्ट्री के तौर-तरीकों की ज्यादा जानकारी नहीं थी। एक डायरेक्टर ने उनसे शाम के समय मिलने की बात कही। देबिना को उस बातचीत में कुछ ठीक नहीं लग रहा था, लेकिन उन्हें यह समझ नहीं आ रहा था कि वह उस व्यक्ति को सीधे मना कैसे करें।
- एक्ट्रेस के मुताबिक, वह डायरेक्टर के साथ गाड़ी में थीं। इसी दौरान उसने अचानक सुनसान और अंधेरी जगह पर कार रोक दी। इसके बाद उसने देबिना से किस करने के लिए कहा। डायरेक्टर की यह बात सुनकर वह सन्न रह गईं।
मन में था डर, समझ नहीं आ रहा था क्या करें
- देबिना ने बताया कि उस समय वह बेहद घबराई हुई थीं। उन्हें डर था कि अगर उन्होंने विरोध किया तो डायरेक्टर उनके साथ कुछ गलत कर सकता है। वह खुद को ऐसी जगह फंसा हुआ महसूस कर रही थीं, जहां से निकलने का रास्ता समझ नहीं आ रहा था।
- उन्होंने बताया कि उस उम्र में उन्हें यह अहसास भी नहीं था कि वह किसी की ऐसी मांग को साफ तौर पर ठुकरा सकती हैं। इस घटना ने उनके मन पर गहरा असर छोड़ा।
गुरमीत चौधरी के साथ मिला सुरक्षित रिश्ते का एहसास
- बातचीत के दौरान देबिना ने अपने पति गुरमीत चौधरी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गुरमीत के उनकी जिंदगी में आने के बाद उन्हें एक ऐसे रिश्ते का एहसास हुआ, जहां वह खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं।
- बता दें कि देबिना को साल 2008 में टीवी पर आए शो 'रामायण' से बड़ी पहचान मिली थी। इस शो में उन्होंने माता सीता और गुरमीत चौधरी ने भगवान राम का किरदार निभाया था। पर्दे पर साथ काम करने के बाद दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और बाद में उन्होंने शादी कर ली।














