Amitabh Bachchan Bach Gaye X post: अमिताभ बच्चन के घर जलसा को निशाना बनाने की कथित साजिश के बीच दो शूटर गिरफ्तार हुए हैं। इसी बीच बिग बी के 'बच गए' पोस्ट ने लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। मुंबई स्थित उनके बंगले जलसा को निशाना बनाने की कथित साजिश के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो संदिग्ध शूटरों को गिरफ्तार किया है। इसी बीच अमिताभ ने सोशल मीडिया पर सिर्फ दो शब्द लिखकर सबका ध्यान खींच लिया। 15 और 16 नवंबर की दरमियानी रात उन्होंने एक्स पर ऐसा कुछ लिखा, जो चर्चा का विषय बन गया। पिछले एक महीने में जलसा को तीन धमकी भरे ईमेल भी मिल चुके हैं।
जलसा पर हमले की कथित साजिश में कौन गिरफ्तार हुआ?
- दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शनिवार, 14 नवंबर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित तौर पर जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान पंजाब के जालंधर निवासी विकास ठाकुर उर्फ विक्की और तरनतारन निवासी दीपक सिंह उर्फ दीप के रूप में हुई है।
- जांच एजेंसियों के मुताबिक, दोनों पर दिल्ली के एक कारोबारी और मुंबई में अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने की कथित योजना में शामिल होने का शक है।
- रिपोर्ट्स के मुताबिक़, विकास को दिल्ली में एक कारोबारी पर जबरन वसूली के लिए हमला करने की जिम्मेदारी दी गई थी, जबकि दीपक को मुंबई में अमिताभ के बंगले के बाहर हमले को अंजाम देना था।
- सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहले विकास को गिरफ्तार किया। वह मुंबई से दिल्ली पहुंचा था। इसके बाद दीपक को मुंबई में उसके ठिकाने से पकड़ा गया।
- फिलहाल दोनों से पूछताछ कर उनके साथियों और विदेश में बैठे कथित गैंगस्टरों से मिले निर्देशों की जानकारी जुटाई जा रही है।
बिग बी ने ऐसा क्या लिखा कि चर्चा तेज हो गई?
दो संदिग्धों की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद अमिताभ बच्चन की एक सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में आ गई। उन्होंने 15 और 16 नवंबर की दरमियानी रात एक्स पर सिर्फ लिखा,“बच गए।”

- अमिताभ ने इस पोस्ट के साथ कोई संदर्भ नहीं दिया। इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि उनका इशारा कथित हमले की साजिश की ओर था या किसी दूसरी बात को लेकर उन्होंने ये शब्द लिखे।
- पुलिस को शक है कि अमिताभ को निशाना बनाने की कथित योजना उनके 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर दिए गए एक बयान से जुड़ी हो सकती है।
- हालांकि, इस पहलू की जांच जारी है और साजिश के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
एक महीने में अमिताभ बच्चन के घर को कितनी बार मिली धमकी?
- जलसा को निशाना बनाने की कथित साजिश से पहले भी अमिताभ के बंगले का नाम धमकी भरे ईमेल में आ चुका है। पिछले एक महीने में ऐसे तीन ईमेल मिले हैं।
- पहला 23 अक्टूबर को आया था, जिसमें जलसा और मुंबई की मेयर के कार्यालय को निशाना बनाने की बात कही गई थी।
- 6 नवंबर को मिले दूसरे ईमेल में जलसा के अलावा बॉम्बे हाई कोर्ट और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का भी नाम था।
- तीसरा ईमेल 12 नवंबर को मिला। इसमें जलसा, मुंबई एयरपोर्ट, मेयर कार्यालय और कई बैंकों को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी।
- एक ईमेल में 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' के नाम का इस्तेमाल भी किया गया था। हालांकि, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की जांच में इन जगहों पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
- धमकी भरे ईमेल भेजने वाले की पहचान और उनकी विश्वसनीयता की जांच की जा रही है।
फैंस से मिलने के लिए अमिताभ बच्चन ने लिया था सुरक्षा घेरा
- लगातार मिल रही धमकियों के बाद जलसा के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
- 1 नवंबर को अपने पारंपरिक रविवार दर्शन के दौरान अमिताभ बच्चन पहली बार तीन तरफ से पारदर्शी सुरक्षा घेरे के पीछे खड़े होकर प्रशंसकों से मिले थे।
- इस दौरान उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी वहां मौजूद थे। हालांकि, 8 और 15 नवंबर को अमिताभ बिना उस सुरक्षा घेरे के ही प्रशंसकों से मिलने बाहर आए।
- इसके बावजूद जलसा के आसपास पुलिस की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था पर खास नजर रखी जा रही है।








