मुश्किल दौर से गुजर रहे एक्टर शरद कपूर की मदद के लिए राहुल गुप्ता आगे आए हैं। एयरपोर्ट पर मुलाकात के दौरान उन्होंने आर्थिक सहायता दी और लोगों से भी साथ देने की अपील की।
एक्टर शरद कपूर इन दिनों अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। कुछ समय पहले उनका एक इमोशनल वीडियो सामने आया था, जिसमें वह अपने पालतू कुत्तों से दूर होने पर रोते नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से काम और आर्थिक मदद की गुहार लगाई। अब सोशल वर्कर और मानवतावादी राहुल गुप्ता उनकी सहायता के लिए आगे आए हैं। मुंबई एयरपोर्ट पर हुई मुलाकात के दौरान राहुल ने शरद को आर्थिक मदद दी और लोगों से भी एक्टर का साथ देने की अपील की। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
एयरपोर्ट पर राहुल गुप्ता ने की एक्टर की मदद
राहुल गुप्ता एक कार्यक्रम में शामिल होने मुंबई पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात शरद कपूर से हुई। 16 नवंबर, सोमवार को राहुल ने इस मुलाकात का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया। क्लिप में वह शरद को पैसे देते और लोगों से उनकी मदद करने की अपील करते दिखाई दिए। वीडियो में राहुल कहते सुनाई देते हैं, “अगर आज उन्हें जरूरत है और आज हम उनके साथ खड़े नहीं होंगे, तो फिर इंसानियत कहां है? मैं चाहता हूं कि हर कोई उनके साथ खड़ा हो और उनकी मदद करे, क्योंकि आज उन्हें इसकी जरूरत है।” शरद ने भी राहुल के इस कदम के लिए उनका शुक्रिया अदा किया।
पालतू कुत्तों से दूर होने पर छलका था शरद कपूर का दर्द
कुछ दिन पहले शरद कपूर का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वह अपने चार पालतू कुत्तों को एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजे जाने पर इमोशनल हो गए थे। उनकी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण कुत्तों को वहां शिफ्ट किया गया था। वीडियो में शरद की कमजोर हालत देखकर भी लोगों ने चिंता जताई थी। इसके बाद बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट ने एक और वीडियो साझा किया। इसमें शरद ने डिप्रेशन से जूझने की बात बताई और फिल्म इंडस्ट्री से काम के साथ आर्थिक सहायता देने की अपील की।
AICWA ने भी फिल्म इंडस्ट्री से की मदद की अपील
शरद की स्थिति सामने आने के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने भी फिल्म निर्माताओं और फिल्म जगत से जुड़े लोगों से आगे आने की अपील की। संगठन ने कहा कि एक्टर को उनकी क्षमता के मुताबिक काम दिया जाए, ताकि वह इस मुश्किल दौर से उबर सकें।
'दस्तक' से मिली थी शरद कपूर को पहचान
शरद कपूर ने फिल्म 'मेरा प्यारा भारत' से बॉलीवुड में कदम रखा था। हालांकि, उन्हें पहचान 1996 में आई फिल्म 'दस्तक' से मिली, जिसमें सुष्मिता सेन ने भी बॉलीवुड डेब्यू किया था। इसके बाद वह 'तमन्ना', 'जोश', 'खौफ', 'क्योंकि... मैं झूठ नहीं बोलता', 'जानी दुश्मन: एक अनोखी कहानी', 'एलओसी कारगिल' और 'लक्ष्य' जैसी फिल्मों में नजर आए। हालांकि, पिछले कई सालों से वह किसी फिल्म में दिखाई नहीं दिए हैं।
2024 में दर्ज हुई थी शरद कपूर के खिलाफ एफआईआर
साल 2024 में 32 वर्षीय एक महिला की ओर से लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद शरद कपूर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। एक्टर ने इन आरोपों से इनकार किया था।








