बिग बॉस विजेता एल्विश यादव के खिलाफ किसने करावा FIR, कौन 5 लोग हुए गिरफ्तार? जानें मेनका गांधी ने क्या कहा...

नोएडा में यूट्यूबर और बिग बॉस विजेता एल्विश के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। आरोप है कि एल्विश, सांपों के जहर का इस्तेमाल ड्रग्स एडिक्ट के लिए करते हैं।

Dheerendra Gopal | Published : Nov 3, 2023 10:11 AM IST / Updated: Nov 03 2023, 03:55 PM IST

नई दिल्ली। बिग बॉस के विजेता एल्विश यादव के खिलाफ जहरीले सांपों की स्मगलिंग और अवैध रेव पार्टी कराने का आरोप लगा है। नोएडा में यूट्यूबर और बिग बॉस विजेता एल्विश के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। आरोप है कि एल्विश, सांपों के जहर का इस्तेमाल ड्रग्स एडिक्ट के लिए करते हैं। नोएडा पुलिस ने 20 मिलीलीटर जहर और नौ जिंदा सांपों के साथ आधा दर्जन लोगों को अरेस्ट भी किया है। उधर, पूर्व मंत्री व पशु अधिकार कार्यकर्ता मेनका गांधी ने एल्विश यादव की गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस ने किसको किया अरेस्ट?

नोएडा सेक्टर 49 में सांपों की तस्करी और अवैध रेव पार्टी के आयोजन को लेकर एफआईआर दर्ज किया है। उधर, नोएडा पुलिस ने दिल्ली के राहुल (32), टीटूनाथ (45), जयकरन (50), नारायण (50) और रविनाथ (45) को सांपों और स्नेक वेनम के साथ अरेस्ट किया है। बरामद हुए सांपों में पांच कोबरा, दो दुमुंही, एक अजगर और एक रेट स्नेक शामिल हैं। कोतवाली प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि पांच आरोपियों को अरेस्ट किया गया है।

मेनका गांधी की संस्था ने दर्ज कराई है एफआईआर

पूर्व मंत्री मेनका गांधी की संस्था पीपल फॉर एनिमल में कार्यरत एनिमल वेलफेयर ऑफिसर गौरव गुप्ता ने तहरीर देकर यह एफआईआर दर्ज कराई है। तहरीर में बताया कि यूट्यूबर एल्विश यादव अन्य सदस्यों के साथ मिलकर स्नेक वेनम और जिंदा सांपों के साथ वीडियो शूट कराते हैं। गैर कानूनी रूप से रेव पार्टियों को अंजाम देते हैं। विदेशी युवतियों को बुलाकर स्नेक वैनम और नशीले पदार्थों का सेवन कराते हैं। गौरव ने बताया कि हमारे मुखबिर ने एल्विश यादव से संपर्क किया। एल्विश ने एक एजेंट का नंबर दिया जिसका नाम उन्होंने राहुल बताया। मुखबिर ने राहुल से संपर्क करके पार्टी आयोजित करने के लिए बुलाया। जिसके सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की मदद से आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि एल्विश यादव सहित छह नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज है। पुलिस एल्विश यादव की संलिप्तता की जांच कर रही है।

सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर है एल्विश

हरियाणा के गुरुग्राम का रहने वाला एल्विश यादव, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर है। एल्विश यादव के यूट्यूब चैनल पर लगभग 14.5 मिलियन सब्सक्राइबर हैं। एल्विश यादव व्लॉग्स नाम से एक और यूट्यूब चैनल है। इस पर लगभग 7.5 मिलियन सब्सक्राइबर हैं। एल्विश यादव इंस्टाग्राम पर भी सक्रिय हैं। इंस्टा पर 16 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं।

 

Read more Articles on
Share this article
click me!