
एंटरटेनमेंट डेस्क. शुभ के नाम से मशहूर पंजाबी-कैनेडियन सिंगर और रैपर शुभनीत सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उन पर अपने एक कॉन्सर्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या का मजाक उड़ाने वाली हुडी को प्रमोट करने का आरोप लगा है। सिंगर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे लाइव कॉन्सर्ट के दौरान एक हुडी दिखाते नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि इस हुडी पर जो आकृति बनी है, वह इंदिरा गांधी की हत्या का मजाक उड़ाने वाली और जश्न मनाने वाली आकृति है। वीडियो खालिस्तान समर्थक हैंडल SherePunjabUK से शेयर किया गया है, जिसे भारत में रोक दिया गया है।
खालिस्तान समर्थक हैंडल ने क्या लिखा सोशल मीडिया पर
वीडियो शेयर करते हुए खालिस्तान समर्थक हैंडल ने कैप्शन में लिखा है, "पंजाबी आर्टिस्ट शुभ ने एक इलस्ट्रेशन पकड़ रखा है, जिसमें शहीद भाई सतवंत सिंह और शहीद भाई बेअंत सिंह द्वारा भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी (उर्फ़ मैमुना बेगम) का स्वागत करते दिखाया गया है। #NeverForget84." रिपोर्ट्स के मुताबिक़, यह वीडियो रविवार रात को लंदन में हुए कॉन्सर्ट का है। उनका यह वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट यूजर्स उन्हें फटकार लगा रहे हैं। यहां तक कि एक्ट्रेस कंगना रनौत ने भी शुभ को लताड़ लगाई है।
कंगना रनौत ने ऐसे लगाई शुभनीत सिंह को फटकार
कंगना रनौत ने शुभ के वायरल वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा है, "उन लोगों द्वारा एक वृद्ध महिला की कायरतापूर्ण हत्या का जश्न मनाया जा रहा है, जिन्हें उसने अपना रक्षक बनाया था। जब आप पर सुरक्षा का भरोसा किया गया, लेकिन आपने उस भरोसे और विश्वास का फायदा उठाया और उसी हथियार से उसे मार दिया, जिससे उसकी हिफाजत करनी थी तो यह बहादुरी का नहीं, बल्कि कायरता से भरा शर्मनाक काम है। लोकतंत्र में चुनी गई एक नेता, एक निहत्थी और अनजान महिला पर ऐसे कायरतापूर्ण हमले पर किसी को भी शर्म आनी चाहिए। शुभमजी।"
लेकिन शुभम के वायरल वीडियो की सच्चाई यह है?
कुछ रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि शुभम ने जो हुडी दिखाई है, उसमें ऐसा कुछ नहीं है, जो इंदिरा गांधी की हत्या का महिमामंडन कर रहा है। इसमें इंदिरा गांधी का इलस्ट्रेशन नहीं है, बल्कि पंजाब का नक्शा है, जिसमें जिलों को साफ़-साफ़ दिखाया गया है। हालांकि, यह इलस्ट्रेशन प्रो-खालिस्तानी हुडी के जैसा है। हुडी बनाने वाली कंपनी अकाल क्लॉदिंग ने अपने प्रोडक्ट को गलत तरीके से प्रमोट किए जाने पर शुभ का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
बीते कुछ महीनों से लगातार विवादों में हैं शुभ
शुभ बीते कुछ महीनों से लगातार विवादों में हैं। इसकी शुरुआत तब हुई, जब कनाडा ने भारत पर खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आरोप लगाया। इसी विवाद के बीच शुभ पर खालिस्तानी अलगाववादियों का समर्थन करने का आरोप लगा था। शुभ ने सोशल मीडिया पर भारत का विकृत नक्शा शेयर किया था। इस पर शुभ का विरोध हुआ था। यहां तक कि 23 से 25 सितम्बर के बीच मुंबई में होने वाला उनका कॉन्सर्ट तक कैंसिल कर दिया गया था।
और पढ़ें…
'डंकी' का टीजर आएगा, फिर होगी शाहरुख़ खान के बर्थडे की पार्टी, जश्न में शामिल होगा बॉलीवुड
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।