
Who is Rahul Fazilpuria: हरियाणवी और बॉलीवुड के चर्चित सिंगर और रैपर राहुल फाज़िलपुरिया एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह है उन पर हुई फायरिंग की घटना, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। यह हमला गुरुग्राम में हुआ, जहां अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चलाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राहुल फाज़िलपुरिया का असली नाम राहुल यादव है और वह गुरुग्राम के फाजिलपुर झारसा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से की थी और फिर बॉलीवुड में भी नाम कमाया। उन्हें फिल्म 'कपूर एंड सन्स' के सुपरहिट गाने 'लड़की ब्यूटीफुल' से राष्ट्रीय पहचान मिली।
उनके पॉपुलर हरियाणवी गानों में लाला लोरी, जिम्मी चू, 32 बोर, टू मेनी गर्ल, मिलियन डॉलर, हरियाणा रोडवेज जैसे ट्रैक शामिल हैं। राहुल की लोकप्रियता केवल भारत में ही नहीं बल्कि यूके और कनाडा में भी है। वह अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और कार कलेक्शन के लिए भी पहचाने जाते हैं।
2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल फाज़िलपुरिया ने राजनीति में कदम रखा। उन्होंने जननायक जनता पार्टी (JJP) से गुरुग्राम से चुनाव लड़ा लेकिन जीत नहीं पाए।
राहुल फाज़िलपुरिया का नाम 2023 के कोबरा कांड में भी चर्चा में आया था। इस कांड में यूट्यूबर एल्विश यादव मुख्य आरोपी थे। इसी दौरान राहुल और एल्विश का एक म्यूजिक वीडियो आया, जिसमें कोबरा सांप दिखाए गए थे। इसे लेकर विवाद बढ़ा लेकिन राहुल ने सफाई दी कि सांपों का इस्तेमाल केवल वीडियो शूट के लिए हुआ था, उनका कोई गलत इरादा नहीं था।
फिलहाल, फायरिंग की घटना के बाद राहुल फाज़िलपुरिया की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं और सोशल मीडिया पर उनके फैंस उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।