
'लॉक अप 2' के नए एपिसोड में आकांक्षा चमोला और उनके पति गौरव खन्ना की मुलाकात ने दर्शकों को इमोशनल कर दिया। शो के दौरान दोनों ने अपने रिश्ते, तलाक और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को लेकर खुलकर बात की। गौरव ने साफ कहा कि वह हमेशा आकांक्षा के साथ खड़े रहेंगे, जबकि आकांक्षा ने बताया कि अलग होने के फैसले के बाद उन्हें लगातार ट्रोलिंग और आलोचना का सामना करना पड़ा। इस इमोशनल बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर दोनों का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस भी इस रिश्ते को लेकर अलग-अलग रिएक्शन दे रहे हैं।
'लॉक अप 2' में एंट्री करते ही गौरव खन्ना ने आकांक्षा चमोला को भरोसा दिलाया कि वह हमेशा उनका साथ देंगे। उन्होंने कहा, "जब कोई तुम्हारे बारे में गलत बातें करता है तो मुझे अच्छा नहीं लगता। कानूनी तौर पर तुम अब भी मेरी पत्नी हो और मैं अब भी तुम्हारा पति हूं। मैं अपने किसी भी करीबी के बारे में बुरा सुनना पसंद नहीं करता।" इसके बाद उन्होंने कहा, "बाहर लोगों को लगता है कि हमारा डेढ़ साल पहले ही तलाक हो गया था। बाहर ऐसी कहानी बनाई जा रही है कि हम पहले से अलग थे और मैं सिर्फ तुम्हारी मदद करने के लिए शो में आया हूं।"
यह भी पढ़ें : तलाक की ख़बरों के बीच 'लॉक अप' में पहुंचे गौरव खन्ना, देखते ही पत्नी आकांक्षा का हुआ ऐसा हाल!
गौरव की बात सुनने के बाद आकांक्षा इमोशनल हो गईं। उन्होंने कहा, "अगर लोग यह स्वीकार नहीं कर सकते कि दो लोग बिना लड़ाई-झगड़े, मुस्कुराते हुए और दोस्त बनकर भी अलग हो सकते हैं, तो यह उनकी समस्या है।" आकांक्षा का कहना था कि हर रिश्ता लड़ाई या कड़वाहट के साथ खत्म नहीं होता और उनके मामले में भी ऐसा ही है।
बाद में आकांक्षा ने अपनी साथी कंटेस्टेंट पामेला से बातचीत में अपना दर्द साझा किया। उन्होंने कहा, "करीब एक साल से मैं सबकुछ झेल रही हूं। मुझे हर तरफ से ताने मिले। सिर्फ इसलिए मुझे शर्मिंदा किया गया क्योंकि मैं बच्चे नहीं चाहती। लोगों ने कहा कि मैं गौरव की जिंदगी बर्बाद कर रही हूं और उन्हें पिता बनने से रोक रही हूं। अब जब हम अलग हो रहे हैं, तब भी लोग इसे स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।"
जब राम कपूर ने उन्हें समझाने की कोशिश की तो आकांक्षा ने भावुक होकर कहा, "हर दिन मेरे लिए हालात और खराब होते जा रहे हैं। मुझे सार्वजनिक रूप से निशाना बनाया जा रहा है। ऐसा लगता है कि मुझे चुड़ैल की तरह ट्रीट किया जा रहा है।"
यह भी पढ़ें : गौरव खन्ना से तलाक के बाद फिर शादी करेंगी आकांक्षा चमोला? क्या है फ्यूचर प्लान
'लॉक अप 2' के प्रीमियर एपिसोड में आकांक्षा चमोला ने पहली बार सार्वजनिक रूप से बताया था कि वह और गौरव खन्ना तलाक ले रहे हैं। उन्होंने कहा था कि दोनों पिछले काफी समय से अलग रह रहे हैं। बाद में उन्होंने यह भी बताया कि वह बायसेक्शुअल हैं और उन्हें मां बनने की इच्छा नहीं है। उनके इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर लगातार बहस छिड़ी हुई है।
गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला ने कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 24 नवंबर 2016 को कानपुर में तीन दिन तक चले भव्य समारोह में शादी की थी। दोनों की मुलाकात एक ऑडिशन के दौरान हुई थी। आकांक्षा 'संतोषी मां', 'ये है आशिकी' और 'क्राइम पेट्रोल' जैसे टीवी शोज में नजर आ चुकी हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।