
बॉलीवुड के हीरो नंबर 1 यानी गोविंदा को लेकर एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने उनके फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। चर्चा है कि गोविंदा जल्द ही साउथ सिनेमा में कदम रख सकते हैं। इतना ही नहीं, उनका नाम अल्लू अर्जुन और एटली की मच अवेटेड फिल्म 'Raaka' से जुड़ रहा है। अगर यह खबर सही साबित होती है, तो लंबे समय बाद गोविंदा की बड़े पर्दे पर वापसी एक नए अंदाज में देखने को मिल सकती है। हालांकि, अभी मेकर्स की तरफ से इस खबर पर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोविंदा को 'Raaka' में एक छोटा लेकिन कहानी के लिहाज से बेहद अहम किरदार ऑफर हुआ है। बताया जा रहा है कि उनका रोल फिल्म की कहानी में महत्वपूर्ण मोड़ ला सकता है। यही वजह है कि इस संभावित कास्टिंग को लेकर काफी चर्चा हो रही है। फिल्म में अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिकाओं में हैं। अगर गोविंदा की एंट्री कन्फर्म होती है, तो यह उनके करियर की पहली साउथ इंडियन फिल्म हो सकती है। फिलहाल इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
एटली की इस फिल्म को एक बड़े पैन-वर्ल्ड प्रोजेक्ट के तौर पर तैयार किया जा रहा है। अल्लू अर्जुन और दीपिका के अलावा मृणाल ठाकुर, जान्हवी कपूर, रश्मिका मंदाना, राम्या कृष्णन, योगी बाबू और जिम सर्भ जैसे सितारों के नाम भी अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आए हैं। हालांकि, मेकर्स ने पूरी स्टारकास्ट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। पहले यह फिल्म AA22xA6 के वर्किंग टाइटल से जानी जाती थी। बाद में मेकर्स ने इसका नाम 'Raaka' घोषित किया। अल्लू अर्जुन का पहला पोस्टर भी काफी चर्चा में रहा, जिसमें वह गहरी आंखों, लंबे बालों और पंजे जैसे नाखूनों वाले बेहद डरावने अंदाज में दिखाई दिए।
'Raaka' सिर्फ अपनी स्टारकास्ट ही नहीं, बल्कि तकनीकी स्तर पर भी सुर्खियां बटोर रही है। सितंबर 2026 में फिल्म की टीम ने एक साथ 37 कलाकारों का रियल-टाइम मोशन कैप्चर करके गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह बनाई थी। इस उपलब्धि को 15 सितंबर को प्रमाणित किया गया था। फिल्म की मेकिंग में 92 ऑप्टिकल मोशन-कैप्चर कैमरों का इस्तेमाल भी किया गया।
फिल्म को लेकर दर्शकों का इंतजार लगातार बढ़ रहा है। अल्लू अर्जुन ने भी प्रमोशनल अपडेट्स में हो रही देरी के बीच फैंस से थोड़ा सब्र रखने की अपील की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स दिसंबर 2026 में फिल्म की पहली झलक पेश करने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि गोविंदा की एंट्री भी इसी दौरान कन्फर्म होती है या नहीं।
गोविंदा आखिरी बार 2019 की फिल्म 'रंगीला राजा' में थिएटर पर नजर आए थे। इस फिल्म में उन्होंने डबल रोल निभाया था। इसके बाद से वह किसी नई थिएट्रिकल फिल्म में नजर नहीं आए। हालांकि, जुलाई 2026 में उन्होंने अपनी होम प्रोडक्शन फिल्म 'रूपा' के जरिए वापसी का ऐलान किया था। इसके अलावा 'दुनियादारी' नाम की फिल्म भी उनके आगामी प्रोजेक्ट्स में शामिल है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।