
अक्षय कुमार और सैफ अली खान स्टारर ‘हैवान’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक पकड़ नहीं बना सकी। फिल्म ने पहले दिन 2.79 करोड़ रुपए से शुरुआत की, लेकिन शनिवार और रविवार तक कमाई लगातार नीचे जाती रही। वीकेंड के बाद कहानी और बिगड़ी और वीकडेज में फिल्म एक करोड़ रुपए का आंकड़ा भी नहीं छू सकी। पहले हफ्ते में कारोबार 8.68 करोड़ रुपए तक पहुंचा तो दूसरे हफ्ते से कुछ उम्मीदें थीं। माना जा रहा था कि फिल्म अपनी कमाई को 10 करोड़ के पार ले जा सकती है, लेकिन दूसरे शुक्रवार के आंकड़े ने इस उम्मीद को बड़ा झटका दे दिया।
दूसरे हफ्ते में फिल्म के सामने सबसे बड़ी चुनौती दर्शकों को सिनेमाघरों तक बनाए रखना थी। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक़, 18 सितंबर यानी दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने महज 66,838 रुपए कमाए। यह पहले गुरुवार के 48 लाख रुपए के मुकाबले 98.62 प्रतिशत की भारी गिरावट है। दूसरे शुक्रवार का यह आंकड़ा ट्रेड और इंडस्ट्री के लिए भी बेहद चौंकाने वाला रहा।
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पहले दिन 2.79 करोड़ रुपए कमाए, जबकि इससे 3 से 4 करोड़ रुपए की शुरुआत की उम्मीद जताई जा रही थी। शनिवार को कलेक्शन घटकर 2.13 करोड़ और रविवार को सिर्फ 1.58 करोड़ रुपए रह गया। यानी वीकेंड तक ही फिल्म की रफ्तार कमजोर पड़ गई। सोमवार को फिल्म ने 64 लाख रुपए कमाए। मंगलवार को यह आंकड़ा 59 लाख, बुधवार को 47 लाख और गुरुवार को 48 लाख रुपए रहा। इन आंकड़ों के साथ फिल्म का पहला हफ्ता 8.68 करोड़ रुपए पर खत्म हुआ। दूसरे हफ्ते के पहले दिन यह फिल्म ने सिर्फ 66,838 रुपए कमाए।
8 दिन बाद 'हैवान' का भारत में कुल नेट कलेक्शन महज 8.686 करोड़ रुपए हुआ है। वहीं फिल्म ने ग्रॉस 10.34 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। विदेशों में फिल्म ने ग्रॉस 1.15 करोड़ रुपए कमाए हैं। यानी वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 11.49 करोड़ रुपए हो गया है। पहले हफ्ते के बाद उम्मीद थी कि फिल्म दूसरे हफ्ते में दर्शक जुटाकर भारत में अपनी लाइफटाइम नेट कमाई को कम से कम 10 करोड़ रुपए तक पहुंचा सकती है। लेकिन दूसरे शुक्रवार के बाद यह लक्ष्य अब काफी मुश्किल नजर आ रहा है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की पकड़ लगातार कमजोर हुई है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।