Kartik Aaryan Monster Thriller Kaaliya: कार्तिक आर्यन ने बर्थडे पर अपनी नई फिल्म ‘कालिया’ के साथ बिल्कुल नए अवतार में नजर आने वाले हैं। भारतीय लोककथाओं से जुड़ी इस मॉन्स्टर थ्रिलर की दुनिया काफी अलग और रहस्यमयी होगी।

कार्तिक आर्यन के जन्मदिन पर करण जौहर ने फैंस को एक ऐसा सरप्राइज दिया है, जिसकी उनसे शायद ही किसी ने उम्मीद की होगी। अब तक रोमांस, कॉमेडी और एक्शन में अपनी पहचान बना चुके कार्तिक एक बिल्कुल अलग दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। उनकी नई फिल्म ‘कालिया’ एक मॉन्स्टर थ्रिलर होगी, जिसकी कहानी भारतीय लोककथाओं और पौराणिक मान्यताओं से प्रेरित है। फिल्म का ऐलान हो चुका है और इसकी रिलीज डेट भी सामने आ गई है। खास बात यह है कि इस फिल्म से निर्देशक संदीप मोदी हिंदी थिएटर में डेब्यू करने जा रहे हैं।

कार्तिक आर्यन के बर्थडे पर मिला मॉन्स्टर थ्रिलर का सरप्राइज

कार्तिक आर्यन के जन्मदिन के मौके पर धर्मा प्रोडक्शंस ने अपनी नई फिल्म ‘कालिया’ का ऐलान किया है। इस फिल्म में कार्तिक लीड रोल में नजर आएंगे। करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस और डोपामाइन स्टूडियोज इसे मिलकर पेश कर रहे हैं। फिल्म का टाइटल ‘कालिया’ सामने आते ही यह साफ हो गया है कि कार्तिक इस बार अपने पुराने किरदारों से बिल्कुल अलग तरह की कहानी लेकर आ रहे हैं। इसका टीजर भी रिलीज किया गया है, जो रोंगटे खड़े करने वाला है। कार्तिक आर्यन ने 'कालिया' का टीजर रिलीज करते हुए इसके कैप्शन में लिखा है, "श्री कृष्ण ने इसे दूर भेज दिया था और इंसान इसे वापस ले आए।"

View post on Instagram
 

इस मॉन्स्टर थ्रिलर के टीजर को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसमें डर, रहस्य और एक अनोखी दुनिया का रोमांच देखने को मिल सकता है। टीजर देखने के बाद एक इंटरनेट यूजर ने कमेंट बॉक्स में लिखा है, "यह रोंगटे खड़े करने वाला टीजर है।" एक यूजर ने लिखा, "एक और रिटर्न गिफ्ट मिल गया।" कई अन्य यूजर्स ने भी टीजर की तारीफ़ की है और कमेंट बॉक्स में फायर इमोजी शेयर की है।

सिनेमाघरों में कब आएगी कार्तिक आर्यन की फिल्म 'कालिया'?

मेकर्स ने ‘कालिया’ की रिलीज डेट भी घोषित कर दी है। कार्तिक आर्यन की यह फिल्म 5 मई 2028 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को धर्मा प्रोडक्शंस वर्ल्डवाइड रिलीज करेगा। अभी कहानी के बाकी किरदारों, कार्तिक के लुक और फिल्म की पूरी स्टारकास्ट को लेकर जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में दर्शकों को फिल्म की दुनिया और इसके रहस्य को समझने के लिए आगे आने वाले अपडेट्स का इंतजार करना होगा।

भारतीय लोककथाओं से निकलेगी 'कालिया' की कहानी

‘कालिया’ की सबसे दिलचस्प बात इसका भारतीय कनेक्शन है। फिल्म की कहानी भारत के दिल यानी छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों की लोककथाओं, मान्यताओं और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक कहानियों से प्रेरित होगी। आमतौर पर मॉन्स्टर फिल्मों में विदेशी कहानियों और किरदारों का प्रभाव देखने को मिलता है, लेकिन ‘कालिया’ इस जॉनर को भारतीय रंग देने की कोशिश करेगी। मेकर्स का इरादा एक ऐसी दुनिया रचने का है, जिसमें भारतीय संस्कृति से जुड़ी पहचान के साथ मॉन्स्टर थ्रिलर का रोमांच भी हो। यही वजह है कि फिल्म को हिंदी सिनेमा के लिए एक अलग तरह का प्रयोग माना जा रहा है।

पहली बार थिएटर में दिखेगा डायरेक्टर संदीप मोदी का कमाल

‘कालिया’ निर्देशक संदीप मोदी की पहली हिंदी थिएट्रिकल फिल्म होगी। इससे पहले वह ‘द नाइट मैनेजर’ और ‘आर्या’ जैसी चर्चित वेब सीरीज से जुड़े रहे हैं। अब वह बड़े पर्दे पर एक बिल्कुल अलग जॉनर की कहानी लेकर आ रहे हैं। फिल्म में कार्तिक आर्यन के साथ उनका यह नया प्रयोग कितना असरदार होगा, यह देखना दिलचस्प रहेगा। ‘कालिया’ को करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, सोमें मिश्रा, मारिज्के डी’सूजा और कार्तिक आर्यन प्रोड्यूस कर रहे हैं। धर्मा प्रोडक्शंस और डोपामाइन स्टूडियोज इस प्रोजेक्ट को पेश कर रहे हैं।