धर्मेंद्र के निधन के बाद कैसा है बेटियों ईशा-अहाना का हाल? बताते-बताते रो पड़ीं हेमा मालिनी

Published : Jul 21, 2026, 10:40 AM IST
Hema Malini Interview

सार

धर्मेंद्र को याद करते हुए हेमा मालिनी भावुक हो गईं। उन्होंने उन्हें अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया, जबकि ईशा - अहाना के भावुक संदेशों ने माहौल और भावनात्मक बना दिया।

दिग्गज एक्ट्रेस और भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने अपने दिवंगत पति धर्मेंद्र को याद करते हुए बेहद इमोशनल बातें शेयर कीं। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र सिर्फ उनके जीवनसाथी नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी और करियर की सबसे मजबूत नींव थे। हेमा ने बताया कि शादी के बाद भी धर्मेंद्र ने कभी उन्हें घर तक सीमित नहीं किया, बल्कि हमेशा एक्टिंग और डांस जारी रखने के लिए प्रेरित किया। बातचीत के दौरान जब बेटियों ईशा देओल और अहाना देओल के इमोशनल मैसेज सुनाए गए तो हेमा अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं और उनकी आंखें नम हो गईं।

धर्मेंद्र को याद कर हेमा मालिनी ने क्या कहा?

धर्मेंद्र को याद करते हुए हेमा मालिनी भावुक हो गईं। उन्होंने रिपब्लिक वर्ल्ड से कहा, "मुझे इस बारे में बात करते हुए बहुत असहज महसूस होता है, लेकिन मैं भगवान की बेहद आभारी हूं कि उन्होंने मुझे इतना शानदार जीवनसाथी दिया, जिसकी यादें मैं अपनी जिंदगी के आखिरी पल तक संजोकर रखूंगी। उनकी जगह कोई कभी नहीं ले सकता। वह मेरी जिंदगी, मेरे करियर और हर चीज में मेरी सबसे मजबूत ताकत थे।" हेमा मालिनी ने बताया कि धर्मेंद्र ने कभी भी उनसे शादी के बाद फिल्मों या डांस को छोड़ने के लिए नहीं कहा। उन्होंने कहा, "उन्होंने कभी नहीं कहा कि घर पर बैठो।वह हमेशा कहते थे- तुम अपना काम करती रहो। कभी कुछ मत छोड़ना।"

बेटियों का दर्द देख होता है हेमा मालिनी को दुख

हेमा ने बताया कि धर्मेंद्र परिवार को सबसे ज्यादा महत्व देते थे। उन्होंने कहा, "उन्हें परिवार से बहुत प्यार था। वह हमेशा चाहते थे कि हम सब साथ रहें। वह अक्सर कहते थे, 'हमेशा साथ रहना। कभी अकेले मत रहना। बच्चों के साथ रहना।'" उनके मुताबिक़, धर्मेंद्र की कमी आज भी परिवार को महसूस होती है। उन्होंने कहा, "जब अपनी दोनों बेटियों को यह दर्द सहते देखती हूं कि उनके पापा अब उनके साथ नहीं हैं, तो मुझे बहुत दुख होता है। वह खालीपन कभी नहीं भर सकता।"

अहाना देओल के पत्र में क्या लिखा था?

बातचीत के दौरान अहाना देओल का लिखा भावुक पत्र सुनाया गया। उसमें लिखा था, "आपसे कोई बात छिपाना लगभग नामुमकिन है, क्योंकि आप हमारी जिंदगी का सबसे बड़ा हिस्सा हैं। मुझे आप पर सिर्फ गर्व ही नहीं, बल्कि हमेशा हैरानी होती है कि आपने अपनी जिंदगी में कितनी उपलब्धियां हासिल की हैं।" उन्होंने आगे लिखा, "आपने मुझे सिखाया कि असली मजबूती क्या होती है। डर के बावजूद चुनौतियों का सामना कैसे किया जाता है और हर हाल में खुद बने रहना ही सबसे बड़ी जीत है। आपकी शख्सियत गरिमा, सादगी और असीम प्यार का प्रतीक है। यही संस्कार आपने और पापा ने हमें दिए हैं।"

अहाना ने अपनी मां को प्रेरणा बताते हुए कहा, "आपकी ऊर्जा और काम करने का जज्बा आज भी युवाओं जैसा है। आपका नृत्य, आपका शानदार करियर और समाज सेवा के प्रति आपका समर्पण हमें हर दिन प्रेरित करता है। आप एक पावरहाउस हैं, लेकिन सबसे बढ़कर दुनिया की सबसे बेहतरीन मां और दादी हैं। मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं।"

ईशा देओल के संदेश पर क्यों छलक पड़े आंसू?

अहाना के पत्र के बाद ईशा देओल का वॉयस मैसेज भी सुनाया गया। इस संदेश में उन्होंने अपनी मां के साहस, दोनों माता-पिता से मिली सीख और परिवार के प्रति उनके समर्पण की दिल से तारीफ की। बेटी की भावनाएं सुनते हुए हेमा मालिनी की आंखें भर आईं और वह अपने आंसू नहीं रोक सकीं।

PREV

मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

जॉन अब्राहम ने बांद्रा वेस्ट में खरीदा लग्जरी बंगला, कीमत जानकर उड़ जाएंगे होश
'ऐसे प्रदर्शनों से...', जंतर-मंतर पर अभिजीत दिपके और CJP के प्रोटेस्ट पर क्या बोलीं हेमा मालिनी?