
'हेरा फेरी 3' को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच निर्देशक प्रियदर्शन ने बड़ा बयान देकर फैंस को चौंका दिया है। फिल्म से अलग होने की पुष्टि के बाद अब उन्होंने दावा किया है कि कानूनी विवादों और निजी मतभेदों के चलते यह मोस्ट अवैटेड कॉमेडी फिल्म शायद कभी पर्दे तक नहीं पहुंच पाएगी। प्रियदर्शन ने निर्माता फिरोज नाडियाडवाला पर कई गंभीर आरोप भी लगाए और कहा कि उन्हें कई बार अपमानित किया गया। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल चाहते थे कि वही इस फ्रेंचाइजी का तीसरा भाग निर्देशित करें।
प्रियदर्शन ने कहा कि उनके फिल्म छोड़ने की वजह सिर्फ एक नहीं थी। उनके मुताबिक, लगातार कानूनी विवाद, कॉपीराइट से जुड़े मुद्दे और निर्माता फिरोज नाडियाडवाला के साथ मतभेद इतने बढ़ गए कि उन्हें लगा यह फिल्म शायद कभी बन ही नहीं पाएगी। मिड डे से बातचीत में उन्होंने कहा, "जहां तक मेरी जानकारी है, 'हेरा फेरी 3' कई कानूनी समस्याओं और निजी विवादों की वजह से शायद कभी रिलीज नहीं होगी। मैं इसका हिस्सा हूं या नहीं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।"
यह भी पढ़ें : रहस्यमयी मंदिर, खोया खज़ाना और सनातन की रक्षा का महायुद्ध, देखने से पहले जानिए कैसी है 'नागबंधम'?
प्रियदर्शन ने बातचीत के दौरान दावा किया कि निर्माता फिरोज नाडियाडवाला ने कई बार उनका अपमान किया। उन्होंने कहा, "फिरोज ने अक्षय से कहा था- 'तुम्हारे पास 'हेरा फेरी 3' बनाने के अधिकार हैं, लेकिन इसे प्रियदर्शन के साथ मत बनाना। मेरी सिर्फ यही गुजारिश है।' उन्होंने कई बार मेरा अपमान किया। उन्होंने कहा था कि 'हेरा फेरी' का मेरा कट किसी गरीब आदमी की फिल्म जैसा लग रहा था और उन्हें मेरी पांच घंटे लंबी फिल्म दोबारा एडिट करनी पड़ी।"
प्रियदर्शन के मुताबिक, उन्होंने सिर्फ इसलिए फिल्म करने के लिए हामी भरी थी क्योंकि उन्हें लगा था कि वे देश की सबसे बड़ी कॉमेडी फ्रेंचाइजी को नई ऊंचाई पर ले जा सकते हैं। उन्होंने कहा, "अगर मैं इसे निर्देशित करता तो इसे 'धुरंधर' से भी बड़ी फिल्म बना सकता था।" प्रियदर्शन ने बताया कि फिल्म की कहानी सुनने के बाद अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल काफी उत्साहित थे। उन्होंने कहा, "अक्षय, सुनील और परेश तीनों ने मुझसे 'हेरा फेरी 3' बनाने का अनुरोध किया था। जब मैंने उन्हें कहानी सुनाई तो सभी बहुत उत्साहित थे।"
यह भी पढ़ें : Baby Do Die Do Review: बिना डायलॉग बोले छा गईं हुमा कुरैशी, ज़ोरदार झटका देता है क्लाइमैक्स
प्रियदर्शन ने खुलासा किया कि 2025 में ही उन्हें संभावित कानूनी विवाद का संकेत मिल गया था। उन्होंने बताया, "जब 'हेरा फेरी 3' की घोषणा हुई थी, तब सेवन आर्ट्स फिल्म्स के जी.पी. विजयकुमार का फोन आया। उन्होंने कहा कि अगर यह फिल्म बनी तो यह अधिकारों का उल्लंघन होगा। उस समय मुझे समझ नहीं आया कि क्या किया जाए।" उन्होंने आगे कहा, "'हेरा फेरी' पैदा हुई, 'हेरा फेरी 2' बीमार हुई और मेरे हिसाब से 'हेरा फेरी 3' मर जाएगी।"
हालांकि प्रियदर्शन अब 'हेरा फेरी 3' का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन अक्षय कुमार के साथ उनकी पेशेवर साझेदारी बरकरार है। दोनों जल्द ही अपनी आठवीं फिल्म 'हैवान' में साथ नजर आएंगे, जो 11 सितंबर 2026 को रिलीज होने वाली है। इसमें सैफ अली खान भी अहम भूमिका में हैं। इसके अलावा प्रियदर्शन और अक्षय कुमार एक नई कॉमिक एंटरटेनर फिल्म पर भी साथ काम कर रहे हैं। यह फिल्म टिप्स फिल्म्स के बैनर तले बनाई जाएगी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।