
बॉलीवुड के चर्चित कंट्रोवरर्सीज में शामिल कंगना रनौत और ऋतिक रोशन का पुराना विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे 'We Need To Apologise To Hrithik Roshan' ट्रेंड पर ऋतिक रोशन रिएक्शन के बाद कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए उन्हें जवाब दिया। भाजपा सांसद और एक्ट्रेस कंगना ने ऋतिक से कहा कि वह अपनी पार्टनर सबा आज़ाद के साथ खुश हैं, इसलिए उन्हें किसी महिला को इस तरह निशाना नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उनके नाम पर हो रही ट्रोलिंग और बुलिंग की निंदा करनी चाहिए, न कि विवाद को और हवा देनी चाहिए।
कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, "डियर ऋतिक, मुझे खुशी है कि तुम्हें अपनी परफेक्ट पार्टनर सबा आज़ाद मिल गई हैं। तुम दोनों साथ में बहुत अच्छे लगते हो। तुम एक कमिटेड रिश्ते में हो, इसलिए किसी महिला को इस तरह चिढ़ाना तुम्हें शोभा नहीं देता। इसके बजाय तुम्हें उन लोगों की निंदा करनी चाहिए, जो तुम्हारे नाम का इस्तेमाल करके मुझे परेशान और बुली कर रहे हैं। आग में घी डालना बंद करो और अपनी पार्टनर को असहज मत करो। उम्मीद है कि तुम समझदारी दिखाओगे और ऐसे गैरज़रूरी बयान देना बंद करोगे।"
यह भी पढ़ें : फिल्मों की क्लिप्स के लिए ट्रोल हुईं कंगना रनौत, भड़की एक्ट्रेस ने ऐसे दिया करारा जवाब
यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए 'We Need To Apologise To Hrithik Roshan' ट्रेंड से जुड़ा है। इस ट्रेंड पर इन्फ्लुएंसर फ्रेडी बर्डी की पोस्ट पर रिएक्शन देते हुए ऋतिक रोशन ने लिखा था, "सिर्फ इसलिए कि अब आपको 'B' पसंद नहीं है, 'A' का पक्ष लेना हमारे समाज की बड़ी समस्या का एक छोटा हिस्सा है। मैं उस दिन का इंतजार करूंगा, जब इस मुद्दे पर सही संदर्भ और तथ्यों के आधार पर बात होगी। वही निष्पक्ष होगा। लेकिन अब इसकी परवाह किसे है?"
हाल के दिनों में कंगना रनौत छात्र प्रदर्शनों पर अपनी टिप्पणियों को लेकर भी चर्चा में हैं। उन्होंने Cockroach Janta Party के प्रवक्ता सौरव दास को "पूरी तरह बेकार और बेरोजगार" बताया था। इसी के जवाब में सौरव दास ने कहा था, "मेरे दोस्त मुझे मैसेज कर रहे थे कि वह तुम्हारे पीछे क्यों पड़ी हैं? एक दोस्त ने मजाक में कहा कि मैं थोड़ा युवा ऋतिक रोशन जैसा दिखता हूं। यह सुनकर मुझे हैरानी भी हुई और हंसी भी आई। आखिर कोई मेरे जैसे व्यक्ति पर इस तरह क्यों हमला करेगा?" इसी के बाद वी नीड टू अपोलोजाइज टू ऋतिक रोशन' सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा।
यह भी पढ़ें : 'बुर्का पहनने वाली एक भी लड़की...' रुचिका सिंह का माफी वीडियो देख कंगना रनौत ने दी बड़ी सलाह
कंगना रनौत और ऋतिक रोशन के बीच विवाद 2016 में पब्लिकली सामने आया था। ऋतिक ने आरोप लगाया था कि किसी फर्जी ईमेल आईडी के जरिए उनके नाम से कंगना को ईमेल भेजे गए। वहीं, कंगना का दावा था कि यह वही ईमेल आईडी है, जो खुद ऋतिक ने उन्हें दी थी और दोनों के बीच 2014 तक उसी के जरिए बातचीत होती रही। इसी दौरान कंगना ने ऋतिक को "सिली एक्स" कह डाला, जिसके बाद रोशन ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजा और किसी भी रिश्ते से इनकार किया। बाद में ऋतिक ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें कंगना की ओर से बड़ी संख्या में बेतुके ईमेल भेजे गए थे।
ऋतिक रोशन ने सबा आज़ाद के साथ अपने रिश्ते को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पब्लिक किया था। इसके बाद दोनों पहली बार करण जौहर के 50वें बर्थडे की पार्टी में साथ नजर आए। तब से दोनों अक्सर छुट्टियों और खास मौकों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं। बता दें कि ऋतिक की पहली शादी इंटीरियर डिजाइनर सुज़ैन खान से हुई थी। दोनों ने साल 2000 में शादी की, लेकिन 2013 में अलग हो गए और 2014 में उनका तलाक हो गया। उनके दो बेटे ऋहान और ऋदान हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।