
डायरेक्टर हार्दिक गज्जर की फिल्म 'कृष्णावतारम्' बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं। हालांकि, सोमवार को यानी 5वें दिन इस फिल्म की कमाई में गिरावट आई थी, लेकिन मंगलवार यानी 6ठे दिन एक बार फिर इसने जंप लगाया है। भले ही यह जंप मामूली है। लेकिन मंगलवार को कमाई के मामले में यह अक्षय कुमार स्टारर 'भूत बंगला' पर भारी पड़ी है। कपिल शर्मा की 'दादी की शादी' के मुकाबले इसने लगभग तीन गुना से भी ज्यादा कूटे। हालांकि, रितेश देशमुख स्टारर 'राजा शिवाजी' से अभी भी यह पीछे है। जानिए मंगलवार को किस फिल्म का कलेक्शन कितना रहा?
सिद्धार्थ गुप्ता और सुष्मिता भट्ट जैसे कलाकारों से सजी 'कृष्णावतारम् पार्ट 1 : द हार्ट (हृदयम)' ने छठे दिन यानी पहले मंगलवार को लगभग 1.85 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। अगर 5वें दिन की कमाई (1.35 करोड़ रुपए) से इसकी तुलना की जाए तो कलेक्शन में तकरीबन 37 फीसदी की जबरदस्त ग्रोथ हुई है। 6 दिन में फिल्म ने भारत में नेट 10.57 करोड़ रुपए और ग्रॉस 12.52 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। उत्तर प्रदेश में इस फिल्म को टैक्स फ्री किया गया है। संभवतः इसका फायदा भी इसे मिल रहा है। इसके अलावा फिल्म की माउथ पब्लिसिटी पॉजिटिव है, जो इसकी ग्रोथ में अहम् भूमिका निभा रही है।
अक्षय कुमार स्टारर और प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी हॉरर कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' चौथे हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर टिकी हुई है। 26वें दिन यानी चौथे मंगलवार को इस फिल्म ने लगभग 1.60 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया, जो ''कृष्णावतारम् पार्ट 1 : द हार्ट (हृदयम)' के मुकाबले लगभग 20 लाख रुपए कम है। हालांकि, 25वें दिन (चौथे सोमवार) के कलेक्शन (1.35 करोड़ रुपए) के मुकाबले इसने 18.5 फीसदी की ग्रोथ हासिल की है। भारत में इस फिल्म ने नेट 178.66 करोड़ रुपए और ग्रॉस 210.81 करोड़ रुपए कमा लिए हैं।
रितेश देशमुख के निर्देशन में बनी और उन्हीं के लीड रोल वाली 'राजा शिवाजी' ने 12वें दिन यानी रिलीज के बाद दूसरे मंगलवार को लगभग 2.52 करोड़ रुपए की कमाई की, जो 11वें दिन (दूसरे सोमवार) के कलेक्शन (2.40) के मुकाबले लगभग 4.2 फीसदी ज्यादा है। फिल्म ने भारत में नेट लगभग 80.5 करोड़ रुपए और ग्रॉस लगभग 95 करोड़ रुपए कमा लिए हैं।
कपिल शर्मा और नीतू कपूर स्टारर कॉमेडी फिल्म 'दादी की शादी' बॉक्स ऑफिस पर फ़्लैट हो गई है। चौथे दिन यानी पहले सोमवार को फिल्म ने 50 लाख रुपए कमाए थे और 5वें दिन यानी पहले मंगलवार को भी इसकी कमाई इतनी ही यानी 50 लाख रुपए ही रही। फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 4.45 करोड़ रुपए और ग्रॉस कलेक्शन 5.31 करोड़ रुपए पहुंच गया है। फिल्म का डायरेक्शन आशीष आर. मोहन ने किया है। यह मूवी बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर होने की ओर बढ़ रही है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।