
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में एक्टर ने फिल्म के रफ कट की एक खास प्राइवेट स्क्रीनिंग रखी, जिसमें हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नाम शामिल हुए। इस खास स्क्रीनिंग की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। फिल्ममेकर सुभाष घई ने खुद इस स्क्रीनिंग की झलक शेयर करते हुए फिल्म की कहानी और उसके इमोशनल एंगल की जमकर तारीफ की। यह फिल्म भारत-चीन गलवान घाटी संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है और पहले इसका नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’ था।
सलमान खान ने अपनी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ के रफ कट की प्राइवेट स्क्रीनिंग रखी, जिसमें बॉलीवुड के कई बड़े निर्देशक और कलाकार पहुंचे। इस खास मौके पर सूरज बड़जात्या, डेविड धवन, कबीर खान, रूमी जाफरी, रितेश देशमुख, चित्रांगदा सिंह, सिद्धार्थ रॉय कपूर और अपूर्व लाखिया जैसे नाम नजर आए। सोशल मीडिया पर सामने आई ग्रुप फोटो में सलमान खान ब्लैक आउटफिट में दिखाई दिए, जबकि चित्रांगदा सिंह व्हाइट ड्रेस में नजर आईं।
फिल्ममेकर सुभाष घई ने स्क्रीनिंग की तस्वीर शेयर करते हुए फिल्म का रिव्यू किया है और लिखा है, “आज फूड स्क्वायर में अपने पसंदीदा निर्देशकों को एक साथ देखना बेहद खूबसूरत अनुभव रहा। हमने अपूर्व लाखिया की फिल्म ‘मातृभूमि’ का रफ कट देखा, जिसमें सलमान खान और चित्रांगदा सिंह लीड रोल में हैं। यह भारत और चीन के सैनिकों की भावनाओं, उनके परिवारों और आपसी शांति व सम्मान की थीम पर आधारित बेहद भावुक कहानी है।” उन्होंने आगे लिखा, “सलमान, हमें आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद। हम इस पॉजिटिव फिल्म की बड़ी सफलता की कामना करते हैं।”
so beautiful to see my favourite directors together@food square today to watch a rough cut of a Apoorva lakhiya film MATRI BHUMI@ starring #salman khan based on a warm story of indo china soldiers with their respective emotions for their nations n families. A must watch film.🇮🇳 pic.twitter.com/i7TP2VnDnq
— Subhash Ghai (@SubhashGhai1) May 28, 2026
अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म का पहले टाइटल ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था। बाद में मेकर्स ने इसका नाम बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कर दिया। फिल्म 2020 में भारत और चीन के बीच हुई गलवान घाटी झड़प की पृष्ठभूमि पर आधारित है। माना जा रहा है कि फिल्म सिर्फ युद्ध नहीं, बल्कि सैनिकों के इमोशंस और परिवारों की भावनात्मक कहानी भी दिखाएगी।
स्क्रीनिंग में मौजूद कई निर्देशक सलमान खान के साथ पहले भी ब्लॉकबस्टर फिल्में दे चुके हैं। सूरज बड़जात्या के साथ सलमान ने ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम साथ साथ हैं’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ जैसी हिट फिल्में दीं। वहीं कबीर खान के साथ ‘एक था टाइगर’, ‘बजरंगी भाईजान’ और ‘ट्यूबलाइट’ जैसी फिल्में कर चुके हैं। डेविड धवन के साथ भी सलमान की ‘जुड़वा’, ‘बीवी नंबर 1’ और ‘पार्टनर’ जैसी सुपरहिट फिल्में रही हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है। हालांकि मेकर्स ने अभी आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है, लेकिन फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।